भास्कर अपडेट्स: लखीमपुर हिंसा मामले में आशीष मिश्रा को सुप्रीम कोर्ट से मिली जमानत, UP और दिल्ली में रहने प… – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Live Updates; India Pakistan | Gujarat Lakhimpur Delhi Bhopal News

13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को लखीमपुर हिंसा मामले के मुख्य आरोपी आशीष मिश्रा उर्फ मोनू को जमानत दे दी है। कोर्ट ने आशीष को 8 हफ्ते की जमानत दी है। इसके साथ ही यूपी और दिल्ली में रहने पर रोक लगा दी है। आशीष मिश्रा केंद्रीय मंत्री अजय कुमार मिश्रा के बेटे हैं। उन पर लखीमपुर में 5 किसानों को गाड़ी से कुचलने का आरोप लगा था।

यूपी के लखीमपुर जिले के तिकुनिया थाना क्षेत्र में 3 अक्टूबर 2021 को हिंसा हुई थी। आरोप है कि आशीष मिश्रा के इशारे पर जीप से प्रदर्शनकारी किसानों को कुचल दिया गया। घटना में 4 लोगों की मौत हो गई थी। हिंसा भड़कने के बाद इस पूरे घटनाक्रम में 8 लोगों की जान गई थी।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

खराब मौसम की वजह से जम्मू कश्मीर के रामबन में भारत जोड़ो यात्रा रद्द, अब 27 जनवरी से शुरू होगी

भारत जोड़ो यात्रा जम्मू कश्मीर के रामबन में जोरदार बारिश के बाद रद्द कर दी गई है। भूस्खलन और भारी बारिश के कारण कई सड़कें ब्लॉक हो गई हैं। इसी वजह से कांग्रेस ने यात्रा का दूसरा चरण रद्द कर दिया है। मामले की जानकारी कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने कहा कि यात्रा अब 27 जनवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। 7 सितंबर से शुरू हुई भारत जोड़ो यात्रा 30 जनवरी को श्रीनगर में खत्म होगी।

भारत ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो को SCO समिट में शामिल होने का न्योता भेजा

भारत ने पाकिस्तान के विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो को SCO समिट में शामिल होने का न्योता भेजा है। ये बैठक गोवा में होने वाली है। भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर की ओर से इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग के माध्यम से पाकिस्तानी विदेश मंत्री को बैठक के लिए मई के पहले सप्ताह में गोवा आने का निमंत्रण भेजा गया है।

SCO यानी शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गेनाइजेशन का गठन 2001 में हुआ था। SCO एक पॉलिटिकल, इकोनॉमिकल और सिक्योरिटी ऑर्गेनाइजेशन है। भारत, रूस, चीन और पाकिस्तान समेत इसके कुल 8 स्थाई सदस्य हैं।
गुजरात दंगे के दौरान हत्याकांड में शामिल सभी 22 आरोपी बरी

गुजरात की एक अदालत ने मंगलवार को 2002 के गोधरा दंगों के दौरान हत्या के मामले में सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया है। 2002 में गुजरात दंगे के दौरान पंचमहल में देलोल हत्याकांड हुआ था, जहां 17 अल्पसंख्यक लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मामले में 22 लोगों का आरोपी बनाया गया था। बचाव पक्ष के वकील गोपालसिंह सोलंकी ने कहा कि जस्टिस हर्ष त्रिवेदी की बेंच ने सभी 22 आरोपियों को बरी कर दिया। इनमें 8 की मामले की सुनवाई के दौरान मौत हो गई। वकील के मुताबिक, सेशन्स कोर्ट ने सबूत के अभाव में निर्दोष बताया है।

गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर राष्ट्रपति मुर्मू आज देश को संबोधित करेंगी

राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज देश को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति बनने के बाद गणतंत्र दिवस पर उनका पहला संबोधन होगा। राष्ट्रपति भवन मुताबिक, संबोधन शाम 7 बजे से ऑल इंडिया रेडियो (AIR) और दूरदर्शन के सभी चैनलों पर हिंदी और उसके बाद अंग्रेजी में प्रसारित किया जाएगा।

IT एक्ट संशोधन वापस ले केंद्र सरकार: INS
इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी (INS) ने सरकार से IT कानून में होने वाले संशोधन के मसौदे को वापस लेने की मांग की है। मसौदे के मुताबिक, सरकार द्वारा फैक्ट चेकिंग के लिए नियुक्त PIB किसी भी न्यूज को फेक घोषित कर सोशल मीडिया से हटा सकती है। INS ने सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय से फैक्ट चेकिंग के लिए मीडिया के ही लोगों के साथ मिलकर एक ऐसा सिस्टम या संस्था बनाने की मांग की है, जो सरकारी कामों के बारे में जारी खबरों की मापदंडों पर जांच करे। केंद्र ने पिछले हफ्ते सूचना टेक्नोलॉजी रूल्स 2021 में संशोधन का मसौदा बनाया था।

गुजरात वक्फ बोर्ड में डायरेक्टर बनीं शफिया जमाल, पहली महिला
गुजरात के गोधरा की शफियाबेन अनवरभाई जमाल गुजरात वक्फ बोर्ड में डायरेक्टर बनी हैं। शफियाबेन यह पद पाने वाली राज्य की पहली महिला हैं। शफियाबेन के पति का 17 साल पहले निधन हो गया था। इसके बाद व्यक्तिगत जीवन में जूझते हुए उन्होंने खुद को और अपने तीन संतानों सहित अपने परिवार को संभाला। इसके साथ ही उन्होंने समाजसेवा करते हुए निर्वाचित राजनीति में कदम रखा। लगातार 25 वर्ष गोधरा पालिका-स्थानीय निकाय में पहुंचीं। गोधरा मुस्लिम समाज में सम्मानित पहचान बनीं। अब वे वक्फ बोर्ड संभालेंगी।

खबरें और भी हैं…

Related posts