डांस करते-करते 5 सेकेंड में मौत, VIDEO: वाराणसी में भतीजे की शादी में नाच रहे थे फूफा; अचानक गिरे, फिर नहीं… – Dainik Bhaskar

वाराणसी33 मिनट पहले

वाराणसी में भतीजे की शादी में नाचते-नाचते उसके फूफा की मौत हो गई। बारात में शामिल लोगों को लगा कि वह डांस स्टेप कर रहे हैं। हालांकि जब कुछ देर नहीं उठे तो परिजन तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक का नाम मनोज विश्वकर्मा था, उनकी उम्र 40 साल थी। वे ज्वेलरी का कारोबार करते थे। इस पूरी घटना का एक वीडियो सामने आया है।

बारात वाराणसी से लखनऊ निकलने वाली थी। इससे पहले सभी लोग डांस कर रहे थे।

भतीजे की शादी में कर रहे थे डांस
वाराणसी के बड़ी पियरी इलाके के रहने वाले मनोज अपने साले के लड़के यानी भतीजे की शादी में मंडुआडीह आए थे। यहां बारात की निकासी हो रही थी। बारात लखनऊ जाने वाली थी। दूल्हे के रिश्तेदार ढोल पर नाच रहे थे। फूफा मनोज भी डांस करने लगे। 5-7 मिनट डांस करते ही वे गिर पड़े। 5 सेकेंड से भी कम समय में उनकी मौत हो गई।

अपने बच्चों के साथ मनोज विश्वकर्मा। (फाइल फोटो)

अपने बच्चों के साथ मनोज विश्वकर्मा। (फाइल फोटो)

कार्डियक अरेस्ट या कुछ और? पोस्टमॉर्टम में पता चलेगा
मनोज के साथ डांस कर रहीं महिलाएं पहले तो यह समझीं कि वह कोई नया डांस स्टेप कर रहे हैं, मगर जब फर्श पर गिरने की तेज आवाज आई तो लोगों को कुछ शक हुआ। उन्होंने पहले आवाज देकर उठाया, लेकिन जब कोई हरकत नहीं हुई तो उनको पास जाकर उठाने की कोशिश की, पर मनोज के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। तब उन्हें अस्पताल ले जाया गया। आशंका है कि नाचने के दौरान ही मनोज को कार्डियक अरेस्ट हुआ और उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उनके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने पर उनकी मौत का सही कारण पता चल पाएगा।

पत्नी के साथ मनोज विश्वकर्मा। (फाइल फोटो)

पत्नी के साथ मनोज विश्वकर्मा। (फाइल फोटो)

मनोज को नहीं थी कोई हेल्थ प्रॉब्लम
मनोज को डांस करना काफी पसंद था। वह शादियों-पार्टियों में अक्सर डांस किया करते थे। सोशल मीडिया पेज पर भी वह नाच-गाने का वीडियो-फोटो शेयर करते रहते थे। मनोज के पड़ोसियों ने बताया कि उनको कोई हेल्थ प्रॉब्लम नहीं थी।

खबर में पोल है। आगे बढ़ने से पहले आप इसमें हिस्सा ले सकते हैं।

  • पहले भी डांस करते समय लोगों की ऐसे ही मौत हो चुकी है, एक-एक करके सभी घटनाओं के बारे में बताते हैं…

जौनपुर में शिव बने कलाकार की मौत

11 अक्टूबर को जौनपुर जिले में रामलीला में भगवान शिव का अभिनय कर रहे कलाकार का मंचन करते समय निधन हो गया। मामला मछली शहर तहसील क्षेत्र के बेलासिन गांव का है। गांव के रहने वाले 45 साल के राम प्रसाद उर्फ छब्बन पांडेय आदर्श रामलीला समिति के सदस्य थे। वह भगवान शिव का अभिनय करते थे। (पढ़ें पूरी खबर…)

अयोध्या में चेंजिंग रूम में जा रहे कलाकार की हुई थी मौत

4 अक्टूबर को अयोध्या के रुदौली में रावण का अभिनय कर रहे पतिराम नाम के शख्स की मौत हो गई। वह रामलीला का मंचन कर चेंजिंग रूम जा रहे थे। तभी अचानक गिर गए। लोगों को लगा कि रस्सी फंसने से गिर गए हैं। लोगों ने उठाया, तो बेहोश थे। इसके बाद उनको कूलर के सामने लिटाया गया। फिर लोग उन्हें एंबुलेंस से लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह हार्ट फेल होना बताया गया।(पढ़ें पूरी खबर…)

बरेली में बर्थडे पार्टी में डांस कर रहे युवक की मौत

2 सितंबर को बरेली में 45 साल के प्रभात कुमार दोस्त के बर्थडे पर डांस कर रहे थे। अचानक डांस करते-करते ही वह बेहोश होकर फ्लोर पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों को कुछ देर के लिए लगा कि युवक एक्टिंग कर रहा है, मगर जब वह थोड़ी देर तक नहीं उठा तो लोग पास पहुंचे। उसे हॉस्पिटल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मौत की वजह कार्डियक अटैक बताई गई। (पढ़ें पूरी खबर…)

मैनपुरी में हनुमान बने युवक की मंच पर मौत

मैनपुरी में गणेश उत्सव चल रहा था। यहां स्टेज पर 35 साल के रवि शर्मा हनुमान के रोल में थे। वह डांस करते-करते बेहोश होकर गिर गए और उठे ही नहीं। शुरुआत में लोगों को लगा कि युवक एक्टिंग कर रहा है। जब कई मिनट बाद भी युवक नहीं उठा तो लोग स्टेज पर पहुंचे। वह बेहोशी की हालत में था। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।(पढ़ें पूरी खबर…)

  • अधिकांश केस में मौत कार्डियक अरेस्ट से हुई, हम इसके बारे में बता रहे हैं…

ज्यादा एक्साइटमेंट से हो सकता है कार्डियक अरेस्ट
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के हेड ऑफ डिपार्टमेंट डॉ. भुवन चंद्र तिवारी कहते हैं, ‘कार्डियक अरेस्ट किसी नॉर्मल इंसान को आ सकता है। कई बार ज्यादा एक्साइटमेंट होने के कारण ‘एड एनर्जी ड्राइव’ बढ़ जाती है। हार्ट कोलैप्स कर जाता है। हार्ट के मसल स्ट्रॉन्ग होने के कारण ‘एड एनर्जी ड्राइव’ के दौरान उनके मसल में सिकुड़न ज्यादा होने के केस भी सामने आए हैं। ऐसे समय में हार्ट का रिदम बिगड़ जाता है और कार्डियक अरेस्ट से अचानक मौत हो जाती है।’ (हार्ट में शॉर्ट सर्किट, पढ़िए एक्सपर्ट की टिप्स)

  • दैनिक भास्कर ने 3 बेस्ट एक्सपर्ट से बात की है। जानिए क्या कहते हैं…

खबरें और भी हैं…

Related posts