Denmark Mall Firing: डेनमार्क के शॉपिंग मॉल में कई राउंड फायरिंग, बदहवास भागते दिखे लोग, पॉप स्टार हैरी स्टाइल का होना था कॉन्सर्ट – Navbharat Times

कोपेनहेगन: यूरोपीयाई देश डेनमार्क में फायरिंग का मामला सामने आया है, जिसमें कई लोग घायल हो गए हैं। डेनिश पुलिस ने बताया कि रविवार को गोलीबारी की सूचना मिली है, जिसमें कई लोग घायल हुए हैं। कोपेनहेगन पुलिस ने ट्वीट किया कि शहर के केंद्र और हवाई अड्डे के बीच अमेगर जिले में बड़े फील्ड मॉल के आसपास पुलिस बल को तैनात किया गया है। पुलिस ने कहा कि हम घटनास्थल पर पहुंचे हैं, जहां पर कई लोगों को गोली लगी है। एक व्यक्ति को इस मामले में हिरासत में लिया गया है।

फायरिंग के चश्मदीदों का कहना है कि पहली फायरिंग के बाद मॉल में हड़कंप मच गया। लगभर 100 से ज्यादा लोग मॉल से चिल्लाते हुए तेजी से बाहर निकले। जिसे जहां जगह मिली वह वहीं छुप गया। लोग आसपास की दुकानों में छिप गए। मॉल से बाहर निकलने के बाद लोग रो रहे थे। पुलिस ने उनके आने तक लोगों से इमारत के अंदर सुरक्षित जगह पर इंतजार करने का आग्रह किया है। वहीं जो लोग बाहर आ गए उन्हें बिल्डिंग से दूर जाने को कहा गया है। तस्वीरों में देखा जा सकता है कि लोग फायरिंग के बाद बदहवास होकर भाग रहे हैं।

कोपेनहेगन में फायरिंग के बाद बदहवास होकर भागे लोग।

हैरी स्टाइल का था कॉन्सर्ट
ब्रिटिश पॉप स्टार हैरी स्टाइल मॉल के करीब ही शाम 8 बजे (भारतीय समय 11:30 बजे) रॉयल अरीना में परफॉर्म करने वाले थे। रॉयल अरीना घटनास्थल से करीब ही है। उनके परफॉर्मेंस से ठीक पहले ये गोलीबारी हुई है। कॉन्सर्ट के प्रमोटर लाइव नेशन ने अभी इसे लेकर कोई टिप्पणी नहीं की है। हैरी स्टाइल के शो के सभी टिकट बिक चुके थे। घटना के बाद की एक फोटो में दिख रहा है कि एक शख्स घायल है और उसे एंबुलेंस में ले जाया जा रहा है।

copenhegan firing (2)

तीन लोगों का चल रहा इलाज
अभी इस बात कि पुष्टि नहीं हो सकी है कि कितने लोग घायल हुए हैं। डेनिश मीडिया ने एक अस्पताल के हवाले से बताया है कि तीन लोगों का इलाज चल रहा है जो इस मॉल फायरिंग में घायल हुए हैं। डेनिश अखबार बर्लिंगस्के से बातचीत में एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा कि फायरिंग के बाद हड़कंप मच गया। तीन से चार फायर होने की आवाज सुनाई दी। ये इतना तेज था जैसे ये लगा ये करीब में ही फायर हुआ हो।

Related posts