भास्कर LIVE अपडेट्स: पेट्रोल साढ़े 9 रुपए और डीजल 7 रुपए सस्ता हुआ, केंद्र सरकार ने एक्साइज ड्यूटी घटाई – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Dainik Bhaskar News Headlines; Navjot Sidhu Road Rage Patiala Jail, Gyanvapi Masjid Case, Azam Khan Released Sitapur Jail

नई दिल्ली6 मिनट पहले

केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 8 रुपए और डीजल पर 6 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाने का फैसला किया है। इससे पेट्रोल 9.50 रुपए और डीजल 7 रुपए प्रति लीटर सस्ता होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इसकी जानकारी दी है। नए रेट आज रात 12 बजे से लागू होंगे। पिछले दिनों PM मोदी ने लोगों को महंगाई से राहत दिलाने के लिए राज्यों को एक्साइज ड्यूटी कम करने की सलाह दी थी।

वित्त मंत्री ने बताया कि PM उज्ज्वला योजना वाले सिलेंडर पर इस साल 200 रुपए की सब्सिडी दी जाएगी। एक परिवार को साल में 12 सिलेंडर मिलेंगे। इसका फायदा 9 करोड़ परिवारों को मिलेगा। इससे पहले, केंद्र सरकार ने 3 नवंबर 2021 को पेट्रोल पर 10 रुपए प्रति लीटर और डीजल पर 5 रुपए प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी घटाई थी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार पिछले साल नवंबर में जब केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर 5 और डीजल पर 10 रु प्रति लीटर एक्साइज कटौती की थी तब विपक्ष शासित राज्यों ने वैट नहीं घटाया। महाराष्ट्र, प बंगाल, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, केरल और झारखंड ने वैट से 11,945 करोड़ रुपए कमाए।

इस ऐलान को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा- ‘सरकार ने 60 दिन में पेट्रोल की कीमतों में 10 रुपए की बढ़ोतरी की और अब 9.50 रुपए घटा रही है। वहीं, डीजल की कीमतें 60 दिन में 10 रुपए बढ़ा दीं और अब 7 रुपए कम की जा रही है। सरकार लोगों को बेवकूफ बनाना बंद करे।’

आज की अन्य बड़ी खबरें…

पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर में बरामद हुए 15 ड्रम, इनमें बम भरे होने का संदेह

पश्चिम बंगाल के पूर्बा मेदिनीपुर में होगला फॉरेस्ट से पुलिस ने 15 ड्रम बरामद किए हैं। इनमें बम होने की आशंका है। SP के. अमरनाथ ने बताया कि हमें सूचना मिली थी, इस पर सर्च ऑफरेशन चलाया गया। बम निरोधक दस्ते को बुलाया गया है।

दिल्ली में दीवार ढही, एक व्यक्ति की मौत
दिल्ली के द्वारका सेक्टर 23 इलाके में शनिवार को एक इमारत की दीवार ढह जाने से 35 साल के एक व्यक्ति की मौत हो गई।10 साल के बच्चे सहित दो लोग घायल हो गए। फायर अधिकारी ने बताया कि डीडीए फ्लेट्स पोचनपुर पर दीवार गिरने की सूचना दोपहर 2.18 बजे मिली थी। 3 दमकलों को वहां रवाना किया गया। दरअसल एक मकान के पास वाली जमीन पर दूसरे मकान के लिए नींव खोदी जा रही थी। इससे मकान की दीवार ढह गई। इस हादसे में तीन लोग जगदीश (35), हरबाई (30) और प्रमोद (10) घायल हुए। उन्हें इलाज के लिए दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान जगदीश ने दम तोड़ दिया।

चुनाव से 5 महीने पहले भाजपा सरकार का फैसला, गुजरात में पार-तापी-नर्मदा लिंक प्रोजेक्ट रद्द; आदिवासी कर रहे थे विरोध

गुजरात में विधानसभा चुनाव के 5 महीने पहले भाजपा सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। सूरत में आज मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने तापी-पार नदी लिंक परियोजना को रद्द करने का ऐलान किया। मुख्यमंत्री कहा कि आदिवासी समुदाय की भावनाओं के सम्मान में इस परियोजना को रद्द किया जा रहा है। बता दें, आदिवासी समुदाय इस प्रोजेक्ट का लंबे समय से विरोध कर रहे थे। पढ़ें पूरी खबर…

जोधपुर-पाली हाईवे पर ट्रक ने तीन जैन संतों को टक्कर मारी

जोधपुर-पाली हाईवे पर शनिवार सुबह एक ट्रक ने तीन संतों को कुचल दिया। इस हादसे में दो संतों की मौत हो गई। एक संत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो संतों को एम्स हॉस्पिटल ले जाया गया, वहां एक संत की इलाज के दौरान मौत हो गई। इधर, संतों के निधन के बाद बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग हॉस्पिटल के बाहर जुटे। पढ़ें पूरी खबर…

कर्नाटक के धारवाड़ में पेड़ से जा टकराया वाहन, 7 लोगों की मौत

कर्नाटक के धारवाड़ में शुक्रवार रात एक वाहन दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। दरअसल उनका वाहन एक पेड़ से जा टकराया था। पुलिस ने बताया कि कुल 21 लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद वाहन से बेनकानकाटट्टी गांव जा रहे थे। ड्राइवर ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन पेड़ से जा टकराया। 4 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि तीन की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई।

फरीदाबाद में बैटरी बनाने वाली फैक्ट्री में लगी भीषण आग, तीन लोगों की मौत

फरीदाबाद में एक बैटरी बनाने वाली फैक्ट्री में शनिवार को भीषण आग लग गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर आग बुझाने के लिए पहुंची। बैटरी बनाने वाली यह फैक्ट्री सेक्टर 35 के अनंगपुर में है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। दमकल विभाग की टीम आग पर काबू करने में जुटी हुई है। जानकारी के अनुसार आग जिस समय लगी उस फैक्ट्री में वर्कर्स काम कर रहे थे।

आय से अधिक संपत्ति मामले में हरियाणा के पूर्व CM ओमप्रकाश चौटाला दोषी करार, एवेन्यू कोर्ट का फैसला

आय से अधिक संपत्ति के मामले हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला को दोषी करार दिया गया है। कोर्ट 26 मई को सजा सुनाएगी। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने दो दिन पहले मामले में दोनों पक्षों की बहस पूरी होने के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया था।

बता दें कि CBI ने 26 मार्च, 2010 को पूर्व CM ओमप्रकाश चौटाला के खिलाफ कोर्ट में चार्ज शीट दाखिल की थी। इसमें बताया गया था कि चौटाला ने 1993 से 2006 के बीच कथित रूप से उनकी वैध आय से काफी अधिक 6.09 करोड़ रुपए की संपत्ति जुटाई है। यह उनकी आय से कहीं ज्यादा है। पढ़ें पूरी खबर…

गुजरात में मोडासा में 6 लोग जिंदा जले
गुजरात के मोडासा के आलमपुर के पास दो ट्रक और कार के बीच भयंकर टक्कर हुई है। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिसमें 6 लोग जिंदा जल गए। हादसे के बाद मोडासा-नडियाद हाईवे बंद कर दिया गया है। हाईवे बंद होने की वजह से 10 किमी लंबा ट्रैफिक जाम लग गया है। पूरी खबर पढ़ें…

NSE को-लोकेशन केस मामले में CBI की 10 ठिकानों पर छापेमारी

CBI ने नेशनल स्टाक एक्सचेंज (NSE) को-लोकेशन मामले में मनी लांड्रिंग की जांच के तहत आज कई स्थानों पर छापेमारी की है। CBI ने दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, गांधीनगर, नोएडा और गुरुग्राम सहित 10 से अधिक स्थानों पर तलाशी ली है। सूत्रों के अनुसार CBI मामले से जुड़े कुछ ब्रोकरों के ठिकाने पर यह तलाशी ले रही है।

2015 में को-लोकेशन स्कैम की शिकायत
साल 2015 में एक व्हिसलब्लोअर ने मार्केट रेगुलेटर SEBI से को-लोकेशन स्कैम की शिकायत की थी। इसमें कहा गया था कि NSE में सीनियर मैनेजमेंट लेवल पर खूब धांधलेबाजी चल रही है। उसी समय चित्रा का भी नाम सामने आया था। सेबी ने चित्रा को उस वक्त शो कॉज नोटिस भेजा था। SEBI ने बीते दिनों अपनी जांच पूरी करने के बाद रिपोर्ट शेयर की है।

राजस्थान भाजपा का बड़ा ऐलान- प्रधानमंत्री मोदी के चेहरे पर चुनावी मैदान में उतरेगी पार्टी

राजस्थान में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर चुनावी मैदान में उतरेगी। राजस्थान में पार्टी के अध्यक्ष सतीश पूनिया ने शनिवार को इसकी जानकारी दी है। गुटबाजी पर लगाम कसने के लिए पार्टी ने मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।

नवाब मलिक और दाऊद की बहन के बीच हुई थी मीटिंग, अंडरवर्ल्ड से जुड़े कई लोगों से थे संबंध

अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर से जमीन खरीदने के आरोप में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता नवाब मलिक की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। मनी लॉन्ड्रिंग केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि नवाब मलिक, उनके भाई असलम मलिक, दाऊद इब्राहिम की बहन हसीना पारकर और 1993 मुंबई सीरियल ब्लास्ट के दोषी सरदार खान के बीच कुर्ला स्थित गोवावाला कॉम्प्लेक्स को लेकर कई दौर की बैठकें हुई थीं। पढ़ें पूरी खबर…

उत्तराखंड में यमुनोत्री हाईवे की सुरक्षा दीवार गिरी, 10 हजार लोग फंसे

उत्तराखंड के यमुनोत्री मंदिर की ओर जाने वाली सड़क की सुरक्षा दीवार गिरने से करीब 10 हजार लोग फंस गए हैं। इसके बाद हाईवे को बंद कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 10 हजार लोग हाईवे के किनारे अलग-अलग जगहों पर फंसे बताए जा रहे हैं। सड़क को दोबारा खोलने में 3 दिन का समय लग सकता है। जिला प्रशासन कुछ छोटे वाहनों से यात्रियों को निकालने का प्रयास कर रहा है।

माता वैष्णो देवी भवन के प्रमुख पुजारी का निधन, उपराज्यपाल ने जताया दुख

जम्मू स्थित माता वैष्णो देवी भवन के प्रमुख पुजारी का आज कटड़ा में निधन हो गया। अमीर चंद श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के गठन के समय से ही भवन में बतौर पुजारी अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके निधन पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दुख जताया है।

BJP नेता ने पीट-पीटकर बुजुर्ग की हत्या की

रतलाम जिले की सबसे बुजुर्ग सरपंच पिस्ताबाई चत्तर (86) के बड़े बेटे भंवरलाल (65) की BJP नेता ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। सरपंच का पूरा परिवार 15 मई को भेरूजी पूजने चित्तौड़गढ़ गया था। 16 मई को पूजा-पाठ के बाद भंवरलाल लापता हो गए। गुरुवार को उनका शव मनासा (नीमच) में पुलिस थाने से आधा किमी दूर रामपुरा रोड पर मिला था। भंवरलाल को पीटने का VIDEO सामने आया है। बुजुर्ग को पीटने वाला BJP नेता दिनेश कुशवाहा है। पढ़ें पूरी खबर..

CNG के दाम 2 रुपए किलो बढ़े, नोएडा में 78.17 और गुरुग्राम में 83.94 रुपए प्रति किलो हुई कीमत

इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) की कीमत 2 रुपए बढ़ाकर 75.61 रुपए प्रति किलोग्राम कर दी है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में CNG की कीमत 78.17 रुपए प्रति किलोग्राम होगी, जबकि गुरुग्राम में इसकी कीमत 83.94 रुपए प्रति किलोग्राम होगी।

बारिश के कारण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की फ्लाइट डायवर्ट की गई, कुल 11 उड़ानों का रूट बदला

बारिश के कारण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की फ्लाइट समेत 11 उड़ानों को दिल्ली एयरपोर्ट से डायवर्ट किया गया। दिल्ली में प्रभावित होने के कारण कुछ उड़ानों को लखनऊ और जयपुर के लिए डायवर्ट किया गया। दिल्ली हवाई अड्डे के अधिकारियों ने यात्रियों को उड़ान की ताजा अपडेट्स के लिए एयरलाइंस से संपर्क करने की सलाह दी है।

अमेरिका ने 5 आतंकी संगठनों को ब्लैकलिस्ट से हटाया
अमेरिका ने 5 विदेशी आतंकवादी संगठनों को अपनी ब्लैकलिस्ट से हटा दिया है। शुक्रवार को फेडरल रजिस्टर में एक नोट प्रकाशित कर इसकी जानकारी दी गई। विदेश विभाग का कहना है कि ये समूह आतंकी घटनाओं में सक्रिय नहीं हैं, इनके नामों पर 5 साल तक समीक्षा करने के बाद हमने यह फैसला लिया है। आतंकी संगठन अलकायदा को भी समीक्षा करने के लिए सूची में रखा गया था, लेकिन इसे लिस्ट से न हटाने पर सहमति बनी।

भगवान शिव पर विवादित टिप्पणी करने वाले प्रोफेसर रतन लाल गिरफ्तार

प्रोफेसर रतन लाल पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज किया है।

प्रोफेसर रतन लाल पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। दिल्ली पुलिस ने उनके खिलाफ गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज किया है।

भगवान शिव पर विवादित टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. रतन लाल को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने ज्ञानवापी मस्जिद में शिवलिंग मिलने के दावे के बाद शिव जी को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट की थी। इसको लेकर उनकी खूब आलोचना भी हुई। रतन लाल के खिलाफ धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि उनके खिलाफ गैर जमानती धाराओं में केस दर्ज है।

शरद पवार ने बताया- अंबेडकर ने क्यों छोड़ दिया था हिंदू धर्म
NCP प्रमुख शरद पवार का कहना है कि डॉ. बाबासाहेब अंबेडकर 1930 में देश की सामाजिक स्थिति को देखकर बहुत परेशान थे। हिन्दू धर्म में ऊंच-नीच, छुआ-छूत जैसी कुप्रथाएं थीं, इसके चलते उन्हें हिंदू धर्म छोड़ने का निर्णय लेना पड़ा और बाबा साहेब ने बौद्ध धर्म अपना लिया।

शरद पवार अंबेडकर पर लिखी एक पुस्तक का विमोचन करने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि अंबेडकर ने जीवनभर अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई। महिलाओं के लिए समान अधिकार की मांग की।

लुधियाना कोर्ट ब्लास्ट मामले में 5 आरोपी गिरफ्तार

लुधियाना जिला कोर्ट में 23 दिसंबर 2021 को विस्फोट हुआ था, जिसमें पूर्व पुलिस हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह की मौत हो गई थी और 6 लोग घायल हो गए थे।

लुधियाना जिला कोर्ट में 23 दिसंबर 2021 को विस्फोट हुआ था, जिसमें पूर्व पुलिस हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह की मौत हो गई थी और 6 लोग घायल हो गए थे।

लुधियाना जिला कोर्ट ब्लास्ट मामले में पंजाब पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें एक नाबालिग भी शामिल है। कोर्ट में 23 दिसंबर 2021 को विस्फोट हुआ था, जिसमें पूर्व पुलिस हेड कांस्टेबल गगनदीप सिंह की मौत हो गई थी और 6 लोग घायल हो गए थे।

भारत में लोकतंत्र सबकी भलाई के लिए है: राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा- भारतीय इस लोकतंत्र को इतने सालों से बेमिसाल तरीके से चलाते आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा- भारतीय इस लोकतंत्र को इतने सालों से बेमिसाल तरीके से चलाते आ रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लंदन में आयोजित ‘आइडियाज फॉर इंडिया’ सम्मेलन में भारत के लोकतंत्र और भारतीयों की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, भारत में लोकतंत्र सबकी भलाई के लिए है। वहीं, भारतीय इस लोकतंत्र को इतने सालों से बेमिसाल तरीके से चलाते आ रहे हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया इस सम्मेलन की तस्वीरें भी साझा की हैं। तस्वीरों में बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, मनोज झा, तृणमूल कांग्रेस की महुआ मोइत्रा भी नजर आ रही हैं। 23 मई को राहुल गांधी लंदन में कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय के छात्रों से मिलेंगे।

खबरें और भी हैं…

Related posts