Sunil Jakhar News: कांग्रेस में जिनकी चलती है वो चापलूस, चुगलखोर लोग… BJP में शामिल हुए सुनील जाखड़ ने लगाए गंभीर आरोप – Navbharat Times

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रह चुके सुनील जाखड़ (Sunil Jakhar) ने गुरुवार को कांग्रेस में गंभीर आरोप लगाए। सुनील जाखड़ ने कहा क‍ि आज वहां(कांग्रेस) पर जिन लोगों की चलती है वो चापलूस लोग हैं, चुगलखोर लोग हैं…इसी महारथ के चलते 30 साल से राज्यसभा में बैठे हैं। पंजाब में पैर दिए बिना पंजाब की राजनीति यहां से चला रहे हैं। उन्‍होंने कहा क‍ि पंजाबियत उनको पता नहीं, वहां वे आग फैलाने की बात करते हैं। कांग्रेस पार्टी उनकी बात को नज़रअंदाज करने की बजाए उनकी बात पर कांग्रेस पार्टी मुहर लगाती है। ये बहुत बड़ी कमी आ गई है।

पिछले दिनों कांग्रेस से तीन पीढ़ियों के और करीब 50 साल पुराने रिश्ते को अलविदा कहते हुए उसे बेहतर भविष्य की शुभकामनाएं देने वाले पंजाब प्रदेश कांग्रेस समिति (पीपीसीसी) के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को अपने भविष्य की राह चुनते हुए बीजेपी का दामन थाम लिया। बीजेपी मुख्यालय में आयोजित सम्मेलन के दौरान पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सुनील जाखड़ ने केंद्र की सत्ताधारी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की।

Punjab News : बिखरे सभी बारी-बारी… सुनील जाखड़ के बाद क्या हार्दिक भी होंगे भाजपाई? कांग्रेस की सबसे बड़ी समस्या क्या है
‘कठिन फैसला लेना पड़ा…क्योंकि राष्ट्रवाद सबसे बड़ा है’

बीजेपी में शामिल होने के बाद सुनील जाखड़ ने कहा कि ये कठिन फैसला लेना पड़ा। 50 साल का नाता निभाकर एक नए घर में जाना…क्योंकि राष्ट्रवाद सबसे बड़ा है। मेरी निष्ठा देश के साथ है। मैंने ठोक के कहा कि आप जो कर रहे हैं ग़लत है। सुधरने की जगह उन्होंने प्रयास किया कि सुनील को पदों से हटाया जाए। उन्‍होंने कहा क‍ि आप नोटिस देकर सुनील को पदों से उतारकर सुनील की आवाज़ नहीं बंद कर सकते। हम कांग्रेस की विचारधारा से बंधे हुए थे, राष्ट्रवाद की विचारधारा आज भी मेरे अंदर है। वो(कांग्रेस) भटक गए तो भेड़ तो हैं नहीं कि पीछे चले जाएंगे।

Punjab News: मंत्री से मुलाकात, फिर नवजोत सिंह सिद्धू ने किया ‘शक्ति प्रदर्शन’

उदयपुर चिंतन शिव‍िर पर साधा न‍िशाना
सुनील जाखड़ ने उदयपुर चिंतन शिव‍िर को लेकर भी न‍िशाना साधा। उन्‍होंने कहा क‍ि उदयपुर के चिंतन शिविर में यूक्रेन की, विदेश नीति की बात करके आए हैं। वहां पर बात होनी चाहिए थी कि यूपी में, पंजाब में, गोवा में, उत्तराखंड में, मणिपुर में क्या हुआ। बातें गौर से होती तो पता चलता कि किसने क्या कहा।

प्रधानमंत्री ने पंजाबियों के दिलों में जगह बनाई
उन्होंने बताया कि उनके कांग्रेस छोड़ने की नौबत किसी व्यक्तिगत झगड़े के कारण नहीं आई बल्कि झगड़ा राष्ट्रीयता, पंजाब की अखंडता और भाईचारे को लेकर था। उन्होंने करतारपुर कॉरिडोर खोले जाने और लाल किले पर सिखों के गुरु तेग बहादुर का 400वां प्रकाश पर्व मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर सराहना की और कहा कि ऐसे फैसलों से उन्होंने पंजाबियों के दिलों में जगह बनाई है।

सुनील जाखड़ तो आ गए, क्या अब हार्दिक पटेल जॉइन करेंगे भाजपा?

‘लाल किले पर 400वां प्रकाश पर्व मनाना.. मील का पत्‍थर’
जाखड़ ने कहा क‍ि प्रधानमंत्री पंजाब की नस समझ गए हैं, वह पंजाब की भावना समझ गए हैं। प्रधानमंत्री ने अपने कार्यकाल के दौरान पंजाब और पंजाबियों के लिए बहुत सारे काम किए। लेकिन एक पंजाबी के तौर पर… शायद किसी को अच्छा ना लगे… उनका एक कदम लाल किले पर 400वां प्रकाश पर्व मनाना… यह मील का पत्थर था। इसकी वजह से लोगों की भावनाएं उनके साथ जुड़ी हैं।

3 बार विधायक 1 बार सांसद रह चुके हैं जाखड़
जाट समुदाय से ताल्लुक रखने वाले जाखड़ तीन बार पंजाब विधानसभा के सदस्य और एक बार गुरदासपुर से सांसद रह चुके हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष दिवंगत बलराम जाखड़ के पुत्र हैं। बलराम जाखड़ केंद्र सरकार में कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी थे।

Related posts