UP Election 2022 Live : सपा की 159 प्रत्याशियों की पहली सूची में अखिलेश के साथ-साथ आजम, उनके बेटे और शिवपाल का भी नाम – अमर उजाला – Amar Ujala

06:56 PM, 24-Jan-2022

सपा की पहली सूची में स्वामी प्रसाद मौर्य के बेटे का नाम नहीं

सपा ने सोमवार को 159 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पहली सूची में ऊंचाहार से मनोज पांडेय को टिकट दिया गया है। दावा किया जा रहा था कि भाजपा में रहते हुए स्वामी प्रसाद मौर्य इस सीट से बेटे के लिए टिकट मांग रहे थे। 

06:37 PM, 24-Jan-2022

सपा ने जारी की 159 उम्मीदवारों की पहली सूची

समाजवादी पार्टी ने 159 उम्मीदवारों की सूची की है।  कैराना से नाहिद हसन और नकुड़ से धर्म सिंह सैनी को टिकट दिया गया है। पहली सूची में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ उनके चाचा शिवपाल यादव का भी नाम है। अखिलेश करहल से, शिवपाल जसवंतनगर से चुनाव लड़ेंगे। जेल में बंद सपा सांसद आजम खान रामपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगे। वहीं, आजम के बेटे अब्दुला आजम स्वार से चुनाव मैदान में होंगे। 

06:20 PM, 24-Jan-2022

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस जीरो पर आउट होगी: शाहनवाज हुसैन

भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने दावा किया कि कांग्रेस गुजरा हुआ कल है। उन्होंने कहा कि पंजाब से कांग्रेस की सरकार जाने वाली है और उत्तराखंड में कांग्रेस बहुत हसीन ख्वाब देख रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में जीरो पर आउट होने वाली है, उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और मणिपुर में भी कांग्रेस का बुरा हाल होने वाला है।

05:17 PM, 24-Jan-2022

15 मार्च तक उत्तर प्रदेश में रहेगा हिंदू-मुसलमान और जिन्ना का भूत: राकेश टिकैत

किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि हिंदू-मुसलमान और जिन्ना नाम का भूत ढाई महीने तक उत्तर प्रदेश में रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार के जो प्रवचन चल रहे हैं उनसे बचना है। इस भूत से 15 मार्च तक बचना है। 

 

04:37 PM, 24-Jan-2022

भाजपा-सपा और बसपा में आए दलबदल करने वाले

जलालपुर से सपा विधायक सुभाष राय सपा से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो गए हैं। उन्हें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और डॉ. दिनेश शर्मा ने पार्टी की सदस्यता दिलाई।  वहीं, जलालपुर से भाजपा उम्मीदवार रहे अनिल वर्मा ने सपा की सदस्यता ले ली।  उधर, समाजवादी पार्टी के विधायक हाजी रिजवान ने सपा से इस्तीफा दे दिया है और वह बसपा में शामिल हो गए। इसे सपा के लिए बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है। 

04:05 PM, 24-Jan-2022

एक और भाजपा नेता ने पार्टी छोड़ी

उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक और पिछड़े नेता ने सोमवार को समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। जलालाबाद से भाजपा उम्मीदवार रह चुके अनिल वर्मा ने  सोमवार को सपा की सदस्यता ली। 

03:19 PM, 24-Jan-2022

मुजफ्फरनगर में नामांकन निरस्त होने पर आप प्रत्याशी ने किया आत्मदाह का प्रयास

मुजफ्फरनगर में नामांकन निरस्त हो जाने के बाद मीरापुर विधानसभा से आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी जोगिंदर सिंह ने कलेक्ट्रेट में आत्मदाह का प्रयास किया। अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगाने की कोशिश की। पढ़ें पूरी खबर…

03:10 PM, 24-Jan-2022

कांग्रेस के 30 स्टार प्रचारकों की सूची जारी

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के पहले चरण  के चुनाव के लिए 30 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, गुलाम नबी आजाद, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तसीगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सचिन पायलट जैसे नेताओं के नाम शामिल हैं। 

image

 

02:20 PM, 24-Jan-2022

ठाकुरद्वारा से भाजपा ने अजय प्रताप को बनाया उम्मीदवार

भाजपा ने मुरादाबाद की ठाकुरद्वारा सीट से उम्मीदवार का एलान कर दिया है। पार्टी ने यहां से अजय प्रताप सिंह को अपना प्रत्याशी बनाया है। अजय पहले भी टिकटमांग चुके हैं। मुरादाबाद की सभी छह सीटों पर दूसरे चरण में मतदान होना है। 

 

02:09 PM, 24-Jan-2022

मायावती का योगी आदित्यनाथ पर हमला

यूपी में चुनाव के मद्देनजर बयानबाजी का दौर जारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सत्ता में आने पर अपने बंगले बनवाने संबंधी बयान पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने पलटवार किया है। उन्होंने एक के बाद एक ट्वीट कर कहा कि शायद पश्चिमी यू.पी. की जनता को यह मालूम नहीं है कि गोरखपुर में योगी जी का बना मठ जहाँ वो अधिकांश निवास करते हैं, वो किसी बड़े बंगले से कम नहीं है। यदि इस बारे में भी यह बता देते तो बेहतर होता। पढ़ें पूरी खबर…

01:48 PM, 24-Jan-2022

UP Election : वीडियो वैन के जरिए प्रचार कर पाएंगे राजनीतिक दल

पांच राज्यों में चुनाव प्रचार के दौरान राजनीतिक दल वीडियो वैन का प्रयोग कर पाएंगे। चुनाव आयोग ने इसके लिए नियम बना दिया है। आयोग ने कहा, वैन को किसी एक जगह 30 मिनट से ज्यादा देर तक नहीं रोका जा सकता है। 

01:02 PM, 24-Jan-2022

UP Chunav : विधायक विजय मिश्र को झटका

ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्र को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली। कोर्ट ने विजय मिश्र की जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके पहले भदोही जिला मजिस्ट्रेट आर्यका अखौरी ने बृहस्पतिवार को विधायक के दो समेत आठ शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए। अब तक विधायक के कुनबे के पांच शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं।

 

12:09 PM, 24-Jan-2022

UP Election News : संबित पात्रा ने अखिलेश पर साधा निशाना

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने लखनऊ में सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला। कहा, ‘एक तरफ जहां पूरा देश उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस मना रहा है। वहीं अखिलेश यादव ने एक साक्षात्कार में कहा कि पाकिस्तान भारत का दुश्मन नहीं है। यह शर्मनाक है।’

संबित पात्रा ने आगे कहा, जिन्ना से जो प्रेम करे, वह पाकिस्तान से प्रेम को कैसे इनकार कर सकता है? अखिलेश यादव को अपने इस बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए। भाजपा पाकिस्तान को दुश्मन मानती है। जिन्ना को लेकर अखिलेश आए हैं। यह शर्मनाक है। अगर याकूब मेनन को फांसी ना होती तो वो समाजवादी पार्टी का प्रत्याशी होता। अगर कसाब को फांसी न हुई होती तो वह सपा का स्टार प्रचारक होता। जिन्ना का नाम लेकर चुनाव में उतरे थे, अब पाकिस्तान तक पहुंच गए।

 

11:32 AM, 24-Jan-2022

UP Election : सपा ने फिर किए चुनावी वादे

समाजवादी पार्टी ने किसानों और युवाओं के लिए फिर से चुनावी वादे किए हैं। अखिलेश यादव ने कहा कि सपा की सरकार बनने पर सभी फसलों पर एमएसपी निर्धारित की जाएगी। इसके अलावा आईटी सेक्टर में 22 लाख युवाओं को रोजगार दिलाने का भी वादा किया है। 

 

11:20 AM, 24-Jan-2022

UP Chunav : भाजपा मुख्यालय पहुंचे सीएम योगी, अमित शाह

प्रत्याशी के नामों को लेकर आज भाजपा की बैठक है। इसमें आखिरी चार फेज के उम्मीदवार तय किए जाएंगे। बीजेपी पहले ही तीन फेज के उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। बैठक के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय पहुंचे। गृहमंत्री अमित शाह भी मुख्यालय पहुंच गए हैं। 

 

Related posts