IND vs NZ: भारत की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत, 1-0 से जीती श्रृंखला, न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट में 372 रन से हराया – अमर उजाला

10:45 AM, 06-Dec-2021

न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में भारत की लगातार चौथी सीरीज जीत 

टीम इंडिया ने घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार चौथी टेस्ट सीरीज जीती है। भारत अब तक न्यूजीलैंड के खिलाफ घर में 12 टेस्ट सीरीज खेल चुका है और उसे सभी में जीत मिली है। 

10:42 AM, 06-Dec-2021

विराट की अगुवाई में घर में भारत की 11वीं टेस्ट सीरीज जीत 

टीम इंडिया ने विराट कोहली की अगुवाई में भारत में खेली गई सभी 11 टेस्ट सीरीज पर कब्ज़ा जमाया है।

 

10:40 AM, 06-Dec-2021

भारत की घर में लगातार 14वीं टेस्ट सीरीज जीत 

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट 1-0 से अपने नाम कर ली है। यह भारत की घर में लगातार 14वीं टेस्ट जीत है। भारतीय टीम ने 2013 के बाद से घर में एक भी टेस्ट सीरीज नहीं गंवाई है।

10:35 AM, 06-Dec-2021

टेस्ट में रनों के अंतर से भारत की टॉप-5 बड़ी जीत

  • 372 रन बनाम न्यूजीलैंड, मुंबई (2021)
  • 337 रन बनाम दक्षिण अफ्रीका, दिल्ली (2015)
  • 321 रन बनाम न्यूजीलैंड, इंदौर (2016)
  • 320 रन बनाम ऑस्ट्रेलिया, मोहाली (2008)
  • 318 रन बनाम वेस्टइंडीज, नॉर्थ साउंड (2019)

10:23 AM, 06-Dec-2021

भारत ने रनों के लिहाज से दर्ज की सबसे बड़ी जीत 

भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट में 372 रन के विशाल अंतर से हराकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। टीम इंडिया ने मुंबई टेस्ट के चौथे दिन एक घंटे से भी कम समय में न्यूजीलैंड के पांचों विकेट अपने नाम की। दूसरी पारी में भारत की तरफ से अश्विन और जयंत यादव दोनों ने चार-चार विकेट झटके।  

 

10:14 AM, 06-Dec-2021

जयंत को चौथी सफलता 

जयंत यादव ने न्यूजीलैंड के निचले क्रम को पूरी तरह से तोड़कर रख दिया है। उन्होंने पांच रन के अंदर ही न्यूजीलैंड को चार खिलाड़ियों को पवेलियन की राह दिखा दी है। सोमेरविले एक रन के स्कोर पर मयंक को कैच दे बैठे। नए बल्लेबाज के रूप में एजाज पटेल अब क्रीज पर पहुंचे हैं।

10:07 AM, 06-Dec-2021

न्यूजीलैंड को एक ओवर में दोहरे झटके 

जयंत यादव ने दिन का खेल शुरू होते ही न्यूजीलैंड के निचले क्रम को ध्वस्त कर दिया है। उन्होंने तीन रन के अंदर तीन कीवियों को पवेलियन भेज दिया है। इस बार उन्होंने एक ही ओवर में काइल जेमीसन और टिम साउदी को खाता खोले बगैर ही पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। 54 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 165/8, विलियम सोमेरविले (0*), हेनरी निकोल्स (43*)

10:01 AM, 06-Dec-2021

जयंत ने किया रचिन का शिकार 

रचिन रविंद्र ने जयंत यादव को दो लगातार चौके लगाए लेकिन अगली गेंद पर वह आउट होकर पवेलियन लौट गए। रचिन ने आउट होने से पहले 50 गेंदों में 18 रन बनाए।

 

09:41 AM, 06-Dec-2021

जयंत का महंगा ओवर 

जयंत यादव ने दिन का पहला ओवर मेडेन फेंकने के बाद दूसरे ओवर में 8 रन खर्चे। रचिन ने उनके ओवर में दो चौके लगाए। 48 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 148/5, रचिन रविंद्र (10*), हेनरी निकोल्स (36*)

09:36 AM, 06-Dec-2021

मेडेन ओवर के साथ चौथे दिन का खेल शुरू 

मुंबई टेस्ट के चौथे दिन का पहला ओवर जयंत यादव ने डाला और कोई भी रन नहीं खर्चा। न्यूजीलैंड की तरफ से रचिन रविंद्र और हेनरी निकोल्स क्रीज पर हैं। 46 ओवर के बाद न्यूजीलैंड का स्कोर: 140/5, रचिन रविंद्र (2*), हेनरी निकोल्स (36*)

09:27 AM, 06-Dec-2021

तीसरे दिन का हाल 

भारत ने 69/0 रन के स्कोर से आगे खेलते हुए 276/6 रन के स्कोर पर अपनी दूसरी पारी घोषित की। मयंक अग्रवाल ने सर्वाधिक 62 जबकि शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अक्षर पटेल और विराट कोहली ने अहम योगदान दिए। भारत ने न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 540 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कीवी टीम के शीर्ष तीन खिलाड़ियों को अश्विन ने अपनी फिरकी में फंसाया और पवेलियन की राह दिखाई। इसके बाद अक्षर पटेल ने डैरिल मिचेल को पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड को बैकफुट पर भेज दिया। 

09:19 AM, 06-Dec-2021

जीत पर भारत की निगाह 

भारतीय टीम ने तीसरे दिन न्यूजीलैंड के सामने जीत के लिए 540 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब में मेहमान टीम ने पांच विकेट गंवाकर 140 रन बनाए। भारत को अब इस मैच और सीरीज को जीतने के लिए सिर्फ पांच विकेटों की दरकार है जबकि न्यूजीलैंड अभी भी जीत से 400 रन दूर है।

 

09:10 AM, 06-Dec-2021

IND vs NZ: भारत की टेस्ट में सबसे बड़ी जीत, 1-0 से जीती श्रृंखला, न्यूजीलैंड को दूसरे टेस्ट में 372 रन से हराया

नमस्कार एवं सुप्रभात, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आप सभी का स्वागत है। भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है। तीसरे दिन की समाप्ति पर भारत की मजबूत स्थिति में है और उसे मुकाबले जीतने के लिए पांच विकेट की दरकार है।

Related posts