गुजरातः बेरोजगारी का यह आलम! 600 पदों के लिए उमड़ी भारी भीड़, पुलिस को भांजनी पड़ी लाठियां – Jansatta

पुलिस मुख्यालय में चल रही ग्राम रक्षक दल भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में पालनपुर जिले के ग्रामीण अंचलों से अभ्यर्थी नौकरी पाने पहुंचे थे। प्रशासन की तरफ से इतने युवाओं के लिए व्यवस्था नहीं की गई थी।

देश में सरकार भले ही बेरोजगारी को लेकर कुछ भी दावा करे लेकिन हकीकत में हालात खराब ही दिख रहे हैं। एक सीट पर भर्ती के लिए सैकड़ों उम्मीदवारों के बीच मारामारी की नौबत जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। ऐसा ही कुछ नजारा गुजरात में भी देखने को मिला है।

गुजरात में इन दिनों ग्राम रक्षा दल के 600 पदों पर भर्तियां होनी है। इन 600 पदों पर भर्ती के लिए बेरोजगारों की इतनी भीड़ उमड़ गई कि पुलिस के लिए व्यवस्थाओं को संभालना मुश्किल हो गया। आखिरकार बल प्रयोग करके स्थिति को नियंत्रण में लाना पड़ गया।

गुजरात के पालनपुर में जीआरडी भर्ती विवादों में आ गई है। मिली जानकारी के अनुसार पालनपुर में शनिवार को जीआरडी भर्ती मेला लगा था। पुलिस मुख्यालय में चल रही ग्राम रक्षक दल भर्ती प्रक्रिया में बड़ी संख्या में पालनपुर जिले के ग्रामीण अंचलों से अभ्यर्थी नौकरी पाने पहुंचे थे।

भर्ती प्रशासन की तरफ से इतने युवाओं के लिए व्यवस्था नहीं की गई थी। जिससे वहां अफरातफरी का महौल पैदा हो गया। लोग आपस में ही उलझने लगे और हाथपाई होने लगी। भर्ती मेले में किसी को भी बताने या समझाने के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण अराजकता फैल गई।

जिसके बाद पुलिस की ओर से लाठियां चलाई जाने लगी। यहीं से ये भर्ती और विवादों में घिर गई। पुलिस के बल प्रयोग से कई युवा घायल हो गए। इस कार्रवाई के लिए प्रशासन की जमकर आलोचना की जा रही है। विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने भी इस मामले पर सरकार पर निशाना साधा है और भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। वहीं पुलिस बल प्रयोग के आरोपों को नकार रही है।

[embedded content]

इस घटना के वीडियो भी तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसके बाद से सरकार और प्रशासन की कार्रवाई पर लोग सवाल उठा रहे हैं। बता दें कि ग्राम रक्षा दल का काम गांवों की सुरक्षा करना होता है। इसके लिए 18 से 30 साल के युवाओं को भर्ती किया जाता है।

Related posts