Afghanistan crisis live and updates: जामनगर पहुंचा वायुसेना का विमान, काबुल में फंसे 120 भारतीय सुरक्षित लौटे – अमर उजाला – Amar Ujala

विज्ञापन

11:12 AM, 17-Aug-2021

वायुसेना के विमान से 120 लोग सुरक्षित पहुंचे भारत

भारतीय दूतावास के अधिकारी समेत अन्य नागरिकों को लेकर काबुल से रवाना हुआ वायुसेना का विमान गुजरात के जामनगर पहुंच गया है। इस विमान से करीब 120 लोगों को सुरक्षित वतन लाया गया है। सभी लोग अपने देश पहुंचकर बहुत खुश नजर आ रहे हैं।

10:18 AM, 17-Aug-2021

अमेरिकी एयरफोर्स के विमान में लगी यात्रियों की भीड़

अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जे के बाद लोगों में इस कदर खौफ हो गया है कि जैसे तैसे वो इस देश को छोड़कर भागना चाह रहे हैं। इस बात की तस्दीक सोशल मीडिया पर वायरल एक तस्वीर कर रही है जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे अमेरिकी विमान में  यात्रियाों का हुजूम है। दरअसल अमेरिकी एयरफोर्स विमान के काबुल पहुंचते ही कतर जाने वाले यात्रियों का हुजूम इसमें प्रवेश कर गया। भीड़ इतनी थी कि लोगों को गिनना मुश्किल हो रहा था। सभी में डर इतना था कि वे फर्श पर बैठकर जाने को तैयार हो गए।

09:45 AM, 17-Aug-2021

अजित डोभाल ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार से की बात

अफगानिस्तान संकट को लेकर अजित डोभाल ने अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार  (एनएसए) से बात की है। इस दौरान उन्होंने भारतीय अधिकारियों को काबुल से सुरक्षित भारत लाने के मुद्दे पर चर्चा की थी।

09:18 AM, 17-Aug-2021

120 से अधिक भारतीय अधिकारी काबुल से दिल्ली के लिए रवाना

अफगानिस्तान में फंसे 120 भारतीयों पर से संकट के बादल छट गए हैं। भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान ने काबुल हवाई अड्डे से मंगलवार को सुबह 120 भारतीय अधिकारियों को लेकर उड़ान भरी। ये सभी लोग अफगानिस्तान में भारतीय दूतावास के अधिकारी हैं। इसके अलावा उनके कर्मचारी भी इनमें शामिल हैं। 

09:07 AM, 17-Aug-2021

भारतीय राजदूत और उनके कर्मचारी तुरंत भारत आएं: विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय राजदूत और उनके कर्मचारी को तुरंत भारत आने का आदेश दिया है।

08:59 AM, 17-Aug-2021

120 से अधिक भारतीय अधिकारी काबुल से दिल्ली के लिए रवाना

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से जानकारी दी है कि भारतीय वायुसेना के सी-17 विमान ने काबुल से 120 से अधिक भारतीय अधिकारियों के साथ उड़ान भरी है। कर्मचारियों को बीती देर शाम एयरपोर्ट के सुरक्षित इलाकों में सुरक्षित पहुंचा दिया गया था। 

 

07:48 AM, 17-Aug-2021

अमेरिका देगा 500 मिलियन डॉलर की वित्तीय मदद

अफगानिस्तान में बिगड़ती स्थिति को देखते हुए व्हाइट हाउस ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा है कि पीड़ित शरणार्थी और प्रवासन की जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से अमेरिकी आपातकालीन शरणार्थी और प्रवासन सहायता कोष से 500 मिलियन डॉलर की वित्तीय सहायता प्रदान करना राष्ट्रीय हित में महत्वपूर्ण है। 

07:43 AM, 17-Aug-2021

अफगानिस्तान में रहने वाले भारतीय फिलहाल सुरक्षित

समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अफगानिस्तान में रहने वाले भारतीय फिलहाल सुरक्षित हैं और 48 घंटे के भीतर उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाया जाएगा।

07:01 AM, 17-Aug-2021

भूकंप के झटके

अफगानिस्तान में जारी संकट के बीच यहां आज सुबह भूकंप के झटके आए। सुबह 6.08 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 मापी गई। भूकंप का केंद्र फैजाबाद से 83 किलोमीटर दूर दक्षिण पूर्व में था। 

 

06:55 AM, 17-Aug-2021

रूसी राजदूत बोले- 24 घंटे में काबुल ज्यादा सुरक्षित

अफगानिस्तान में रूस के राजदूत दिमित्री झिर्नोव ने कहा कि अशरफ गनी सरकार के मुकाबले पिछले 24 घंटे में तालिबान ने काबुल को सुरक्षित रखा है। बता दें कि आज रूस और तालिबान के बीच बातचीत भी होने वाली है। 

 

06:49 AM, 17-Aug-2021

ब्लिंकेन-जयशंकर के बीच बातचीत

अमेरिका के विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकेन ने अफगानिस्तान संकट पर एस जयशंकर के बात की। दोनों के बीच अफगानिस्तान के मौजूदा हालात पर चर्चा हुई। 

 

06:31 AM, 17-Aug-2021

अफगानिस्तान संकट: जामनगर पहुंचा वायुसेना का विमान, काबुल में फंसे 120 भारतीय सुरक्षित लौटे

अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे बाद यहां भारी अफरातफरी का माहौल है। लोग देश छोड़ने की पुरजोर कोशिशों में हैं और हवाई अड्डे पर बेतहाशा भीड़ है। तालिबान के दावों और आश्वासन के बावजूद लोगों में खौफ है और इसी कारण वे देश छोड़ना चाहते हैं। 

इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने पहली बार अफगानिस्तान संकट पर खुलकर बयान दिया है। उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी फौज का यहां से जाने का फैसला बिल्कुल सही था, अफगान सेना ने बिना लड़े ही हथियार डाल दिए। जानिए अब तक का अपडेट- 

Related posts