Weather Forecast Today HIGHLIGHTS: महाराष्ट्र के लिए बाढ़-भूस्खलन से खतरे की घंटी, मौसम विभाग ने छह जिलों में जारी किया भारी बारिश का रेड अलर्ट – Jansatta

अधिकारियों के मुताबिक, रायगढ़ जिले में भारी बारिश की वजह से नदियां उफना गई हैं और जिले के कई कस्बों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है।

महाराष्ट्र के रायगढ़ में लगातार बारिश की वजह से भूस्खलनों का सिलसिला शुरू हो गया है। (फोटो- PTI)

Weather Forecast Today HIGHLIGHTS: महाराष्ट्र में बारिश से बुरा हाल है। खराब मौसम के चलते कोंकण क्षेत्र में तो लगातार बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस बीच सामने आया है कि राज्य के रायगढ़ जिले में भूस्खलनों से अब तक 36 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा हजारों लोग जहां-तहां फंस गए हैं। इन लोगों को निकालने के लिए हेलिकॉप्टर सेवाओं की मदद ली जा रही है।

इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को महाराष्ट्र के वर्षा ग्रस्त छह जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जारी करते हुए “अत्यधिक बारिश” का पूर्वानुमान व्यक्त करते हुए एहतियाती उपायों की अनुशंसा की है। अगले 24 घंटों के लिये तटीय कोंकण इलाके में रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के साथ ही पश्चिमी महाराष्ट्र के पुणे, सतारा और कोल्हापुर जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक, 24 घंटे के अंदर 204.4 मिलीमीटर बारिश को बेहद भारी बारिश माना जाता है। पूर्वानुमान में रत्नागिरी और सतारा के लिए शनिवार को भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि रविवार के बाद से बारिश की तीव्रता में काफी कमी आएगी।

बताया गया है कि यह मौतें एक दिन पहले एक के बाद एक भूस्खलन की घटनाओं में हुईं। जहां 32 शव एक ही जगह पर मिले, वहीं चार अन्य लोगों के शव दूसरी लोकेशन से निकाले गए। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने इस घटना के बाद स्थानीय अधिकारियों से बात कर लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की बात कही है।

अधिकारियों के मुताबिक, रायगढ़ जिले में भारी बारिश की वजह से नदियां उफना गई हैं और जिले के कई कस्बों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। कुंडलिका और सावित्री नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं और इससे क्रमश: रोहा और महाड के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। वहीं, उल्हास नदी का पानी सुबह में कर्जत शहर में घुस आया। रायगढ़ के कलेक्टर ने नदियों, छोटी नदियों और तटों के निकट रहनेवाले वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी की है। खोपोली के सिद्धार्थनगर और प्रज्ञानगर से 53 परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया है।

उधर दिल्ली में शुक्रवार की सुबह की शुरुआत नम मौसम के साथ हुई और न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री डिग्री सेल्सियस कम 26.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर 84 प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने हल्की बारिश या गरज के साथ छीटें पड़ने के साथ आंशिक तौर पर बादल छाए रहने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

Related posts