Kisan Andolan Live: जंतर-मंतर पर किसान ‘संसद’ का पहला दिन खत्म, शुक्रवार को फिर आएंगे 200 अन्नदाता – अमर उजाला – Amar Ujala

विज्ञापन

06:58 PM, 22-Jul-2021

किसान संसद का पहला दिन खत्म, लौटे, सिंघु बॉर्डर

राष्ट्रगान के बाद गुरुवार शाम 5 बजे किसान संसद खत्म हो हुई। अब शुक्रवार की सुबह 11 बजे फिर 200 किसान जंतर-मंतर आएंगे। किसान बस में बैठ के वापस सिंघु बॉर्डर के लिए रवाना हो गए। 

04:22 PM, 22-Jul-2021

भाजपा सांसद ने किया प्रदर्शनकारी किसानों के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल

भाजपा सांसद मीनाक्षी लेखी ने प्रदर्शनकारी किसानों के लिए आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करते हुए कहा कि देश जानता है कि 26 जनवरी को क्या हुआ था। ये सारा प्रदर्शन राजनीतिक एजेंडे के तहत चल रहा है।

02:52 PM, 22-Jul-2021

किसान मूर्ख नहीं हैं: योगेंद्र यादव

प्रदर्शन के दौरान योगेंद्र यादव ने कहा कि किसान जंतर-मंतर पर सरकार को यह दिखाने के लिए आए हैं कि वे मूर्ख नहीं हैं, ब्रिटेन की संसद हमारे मुद्दों पर बहस कर रही है, लेकिन हमारी सरकार नहीं।

02:39 PM, 22-Jul-2021

किसानों की नारेबाजी जारी

जंतर-मंतर पर किसानों की नारेबाजी और सरकार से तीनों कानून रद्द करने की मांग जारी है। प्रदर्शन कर रहे किसान जंतर-मंतर के एक छोटे से हिस्से में मौजूद हैं और पुलिस ने दोनों ओर अवरोधक लगा रखे हैं।

02:32 PM, 22-Jul-2021

‘संसद में हमारे मुद्दे नहीं उठाए जा रहे हैं’

जंतर मंतर पर किसान यूनियन के नेता हन्नान मुल्ला ने कहा कि हमने अपनी मांगों को उठाने के लिए सभी सांसदों को पत्र लिखा है, लेकिन संसद में हमारे मुद्दे नहीं उठाए जा रहे हैं।

 

02:07 PM, 22-Jul-2021

किसान संसद में हुआ लंच ब्रेक

करीब एक घंटे तक चली बैठक के बाद फिलहाल किसान संसद ने लंच ब्रेक की घोषणा की है। सभी किसान भोजन करने के बाद एक बार फिर एक साथ इकट्ठा होंगे।

01:54 PM, 22-Jul-2021

प्रदर्शन शुरू होने में हुई देरी

जंतर मंतर पर किसान अपनी पहचान उजागर करने वाले बैज पहने और हाथ में अपनी यूनियनों के झंडे लिए हुए नजर आ रहे हैं। प्रदर्शन दिन में 11 बजे शुरू होना था, लेकिन किसान यहां 12 बजकर 25 मिनट पर पहुंचे। किसान नेता शिव कुमार कक्का ने बताया कि रास्ते में पुलिस ने उन्हें तीन जगह रोका और उनके आधार कार्ड देखे।

01:44 PM, 22-Jul-2021

किसान खेती करना भी जानता है और संसद चलाना भी: टिकैत

किसान नेता राकेश टिकैत ने जंतर मंतर पर कहा कि आज आठ महीने बाद सरकार ने हमें किसान माना है। किसान खेती करना भी जानता है और संसद चलाना भी जानता है। संसद में किसानों की आवाज दबाई जा रही है। जो सांसद किसानों की आवाज नहीं उठाएगा हम उसका विरोध करेंगे। 

 

01:30 PM, 22-Jul-2021

किसानों नेताओं पर दायर मुकदमे वापस लेने की मांग

किसान संसद की शुरूआत में पहले तो आंदोलन के दौरान शहीद हुए किसानों को श्रद्धांजलि दी गई, उसके बाद किसानों नेताओं पर जो मुकदमे दायर किये गए हैं उन्हें वापस लेने की मांग उठी। फिलहाल इसी पर सभी किसान चर्चा कर रहे हैं।

01:08 PM, 22-Jul-2021

संसद भवन के आसपास सुरक्षाबल तैनात

किसान जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में पहुंच चुके हैं। इनकी किसान संसद की घोषणा के मद्देनजर संसद भवन के आसपास सुरक्षाबल मुस्तैद हैं।

12:58 PM, 22-Jul-2021

आवाज नहीं उठाने पर की जाएगी सांसदों की निंदा: टिकैत

जंतर-मंतर पहुंचे किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान अब अपनी संसद बैठाएंगे। सदन में अगर सांसद किसानों के हित में अपनी आवाज नहीं उठाएंगे तो उनके क्षेत्र में ही उनकी निंदा की जाएगी, फिर चाहे वो किसी भी पार्टी से हों।

 

12:36 PM, 22-Jul-2021

किसानों ने शुरू की नारेबाजी

प्रदर्शन करने पहुंचे किसानों ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी है। वहीं, पुलिसकर्मियों ने जंतर-मंतर को दोनों तरफ से सील कर दिया है। प्रदर्शन स्थल के आसपास मीडियाकर्मियों को भी प्रवेश की अनुमति नहीं मिल रही है।

12:28 PM, 22-Jul-2021

पहुंचने लगीं किसानों की बसें

राकेश टिकैत के पहुंचने के कुछ ही देर बाद अन्य जगहों से रवाना हुए किसानों की बसें भी जंतर-मंतर पहुंच गई। यहां करीब 200 की संख्या में इकट्ठा होकर किसान कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

 

12:17 PM, 22-Jul-2021

जंतर-मंतर पहुंचे किसान

कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए किसानों का जत्था जंतर-मंतर पहुंच गया है। किसान नेता राकेश टिकैत भी उनके साथ मौजूद हैं।

 

12:00 PM, 22-Jul-2021

शिरोमणी अकाली दल ने भी शुरू किया प्रदर्शन

किसानों के साथ अब शिरोमणी अकाली दल भी कृषि कानूनों के विरोध में सामने आ गया है। आज सुबह संसद भवन के बाहर शिरोमणी अकाली दल के नेताओं ने कृषि मंत्री को कानूनों को विरोध में बनाए गए पोस्टर दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया।

 

Related posts