Kisan Andolan Live: जंतर-मंतर पर किसानों की ‘संसद’, कृषि मंत्री बोले- हम बातचीत करने के लिए तैयार – अमर उजाला – Amar Ujala

विज्ञापन

11:44 AM, 22-Jul-2021

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले- हम किसानों के साथ बातचीत करने के लिए तैयार

किसानों के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि देश गवाह है कि ये कृषि कानून बेहद जरूरी और किसानों के हित में हैं। हमने इन कानूनों पर विस्तृत चर्चाएं की हैं। अगर किसान इन कानूनों को लेकर अपनी समस्या बिंदुवार रखते हैं तो हम बातचीत के लिए तैयार हैं।

11:24 AM, 22-Jul-2021

गाजीपुर बॉर्डर पर फिलहाल केवल गिनती के किसान

एक तरफ किसान जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए कूच कर रहे हैं वहीं दूसरी ओर गाजीपुर बॉर्डर पर फिलहाल केवल गिनती के किसान मौजूद हैं। वहां बिल्कुल शांति है। सुबह 9:30 बजे चौधरी राकेश टिकैत सिंघु बॉर्डर के लिए निकल गए थे। बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। रोजाना के मुकाबले तीन गुना फोर्स तैनात की गई है। जगह-जगह बैरिकेडिंग लगाकर हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है।

11:06 AM, 22-Jul-2021

किसानों के समर्थन में आए राहुल गांधी

किसानों के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी तीन कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध शुरू कर दिया है। राहुल कुछ कांग्रेस सांसदों के साथ संसद परिसर में स्थित गांधी प्रतिमा के सामने कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

10:51 AM, 22-Jul-2021

फरीदाबाद बदरपुर बॉर्डर पर पुलिसकर्मी तैनात

फरीदाबाद बदरपुर बॉर्डर पर किसानों के संसद कुच को लेकर बड़ी संख्या में दिल्ली पुलिसकर्मी तैनात हैं। फरीदाबाद बदरपुर बॉर्डर पर दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालक व कार में बैठे लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।

10:45 AM, 22-Jul-2021

संसद घेराव करना चाहते थे किसान

मालूम हो कि किसानों ने अपनी मांगें मनवाने के लिए संसद का घेराव करने का एलान किया था, लेकिन दिल्ली पुलिस के साथ हुई बैठक में उन्हें संसद तक जाने की अनुमति नहीं मिली थी। इसके बाद जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने का निर्णय लिया गया था।

10:37 AM, 22-Jul-2021

सिंघु बॉर्डर पर इकट्ठा हुए किसान

किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर सिंघु बॉर्डर पर भारी संख्या में किसान एकत्रित हो गए हैं। उन्होंने अपनी बसों पर किसान संसद मार्च का पोस्टर लगाया हुआ है। 

 

10:27 AM, 22-Jul-2021

विपक्षी सांसदों को संसद से बाहर नहीं आना चाहिए: टिकैत

टिकैत ने आज सुबह किसान संसद के लिए रवाना होने से पहले कहा कि संसद के बाहर किसान तीन कानूनों को वापस लेने और एमएसपी पर कानून बनाने की मांग की जाएगी। विपक्ष के बारे में उन्होंने कहा कि संसद में चर्चा के दौरान विपक्षी सांसदों को बाहर नहीं आना चाहिए बल्कि अंदर सदन में बैठकर मजबूती से अपनी बात को कहना चाहिए।

10:26 AM, 22-Jul-2021

हमें गुंडागर्दी से क्या मतलब: टिकैत

किसान नेता राकेश टिकैत से जब यह पूछा गया कि गणतंत्र दिवस हिंसा जैसी परिस्थिति से निपटने के लिए उनकी क्या तैयारियां हैं, तो उन्होंने कहा कि संसद जंतर-मंतर से केवल 150 मीटर दूर है। हम वहीं किसान संसद का आयोजन करेंगे। हम गुंडे हैं क्या? हमें गुंडागर्दी से क्या मतलब?

 

09:44 AM, 22-Jul-2021

टीकरी बॉर्डर पर सख्त इंतजाम: डीसीपी परविंदर सिंह

बाहरी जिले के डीसीपी परविंदर सिंह ने बताया कि हमने टीकरी बॉर्डर पर सख्त इंतजाम किए हैं ताकि कोई भी अराजक तत्व प्रवेश न कर पाए। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इंतजाम किए गए हैं क्योंकि किसानों को अबतक प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है।

 

09:36 AM, 22-Jul-2021

टीकरी बॉर्डर पर सुरक्षाबल तैनात

किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर जंतर-मंतर के अलावा टीकरी बॉर्डर पर भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात हैं और किसी भी तरह की परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।

 

09:35 AM, 22-Jul-2021

किसानों का एलान: जहां पुलिस ने रोका, वहीं लगाएंगे संसद

सोनीपत से रवाना होने से पहले किसान नेता मंजीत सिंह राय ने बताया कि 200 किसान संसद के आगे कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के लिए जा रहे हैं। जंतर मंतर पर हमारी बसें रुकेंगी और वहां से हम पैदल जाएंगे। जहां पर भी हमें पुलिस रोकेगी वहीं हम अपनी संसद लगाएंगे। जिन किसानों के आईकार्ड बन गए हैं वे आगे जाएंगे।

09:31 AM, 22-Jul-2021

उत्तर प्रदेश होगा किसानों का अगला पड़ाव

सिंघू बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसान नेता प्रेम सिंह भंगु ने कहा कि हमारा अगला पड़ाव भाजपा का गढ़ उत्तर प्रदेश होगा। यूपी के लिए हमारा मिशन पांच सितंबर से शुरू होगा। हम भाजपा को बिल्कुल अलग-थलग कर देंगे। कृषि कानूनों को वापस लेने के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं है। हम बातचीत के लिए तैयार हैं।

 

09:23 AM, 22-Jul-2021

सोनीपत से रवाना हुए किसान

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए सोनीपत के कुंडली बॉर्डर से 200 किसानों का एक समूह दिल्ली की ओर रवाना हो चुका है। ये किसान दिल्ली पहुंचकर तीन कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे।

 

09:14 AM, 22-Jul-2021

किसान आंदोलन: जंतर-मंतर पर किसानों की ‘संसद’, कृषि मंत्री बोले- हम बातचीत करने के लिए तैयार

प्रदर्शन के लिए प्रतिदिन सिंघु बॉर्डर से 200 किसान जंतर-मंतर जाएंगे। उनके पास पहचान पत्र भी होगा। इसके मद्देनजर आज सुबह से ही जंतर-मंतर पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है।

 

Related posts