Bihar Politics: चिराग तले अंधेरा! LJP में बड़ी टूट, चाचा पशुपति के नेतृत्व में 5 सांसदों ने की बगावत, खुद पार्टी से बाहर होंगे चीफ? – Navbharat Times

हाइलाइट्स:

  • लोक जनशक्ति पार्टी में टूट की ख़बर, पार्टी में अकेले रह गए चिराग पासवान
  • चिराग को छोड़ सभी सांसदों ने पशुपति कुमार पारस को माना अपना नेता
  • सूत्रों के मुताबिक, पार्टी के पांच सांसदों ने चिराग से अलग होने का लिया है फैसला
  • सभी पांचों सांसद चिराग पासवान की कार्यशैली से नाराज

पटना
लोक जनशक्ति पार्टी (Lok Janshakti Party) में बड़ी टूट की खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, लोजपा (LJP) सांसदों ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद चिराग पासवान (Chirag Paswan) को ही पार्टी के बेदखल करने की तैयारी कर ली है। लोजपा के पांच सांसद अलग गुट बनाने की कोशिश में जुटे हैं। कहा जा रहा है कि यह सभी पांच सांसद जेडीयू के संपर्क में हैं।

सूत्रों के मुताबिक, लोजपा सांसद चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस ही पार्टी में इस टूट के सूत्रधार बताए जा रहे हैं। कहा जाता है कि पशुपति पारस के हमेशा से नीतीश कुमार से संबंध अच्छे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, पांचों सांसद जल्द ही लोकसभा के स्पीकर ओम बिरला को पत्र लिखकर इसके बारे में सूचना दे सकते हैं।

पशुपति पारस को चुना गया नेता: सूत्र
टूट की खबर उस समय आ रही है जब केंद्र में कैबिनेट फेरबदल की खबर आ रही है और नीतीश अपनी पार्टी के लिए अधिक कोटे की मांग कर रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, रविवार को नाराज 5 सांसदों की बैठक हुई। इस बैठक में चिराग पासवान के चाचा पशुपति पारस को नेता चुना गया है। कहा जा रहा है कि सभी पांचों सांसद चिराग पासवान की कार्यशैली से नाराज हैं।

नाराज हैं चिराग पासवान से ये लोजपा सांसद
सूत्रों के मुताबिक, सोमवार शाम 3 बजे लोकसभा स्पीकर के साथ लोजपा के नाराज गुट की मीटिंग है। इस मीटिंग के दौरान लोजपा का नाराज गुट पार्टी पर अपना दावा ठोकेगा। जिसके बाद सभी के जेडीयू में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। आज पार्टी के जिन पांच सांसदों ने चिराग से अलग होने का फैसला लिया है, इनमें पशुपति पारस, प्रिंस, महबूब अली कैसर, वीणा देवी और चंदन सिंह शामिल हैं। अब चिराग पार्टी में अकेले ही रह गए हैं।

बिहार विधानसभा में शून्य पर है लोजपा
बिहार में एनडीए गठबंधन से अलग होकर चुनाव लड़ने वाली लोजपा को बिहार विधानसभा में केवल एक ही सीट पाई थी। बाद में लोजपा विधायक राज कुमार सिंह जेडीयू में शामिल हो गए थे। अब लोजपा का बिहार विधानसभा या विधान परिषद में कोई विधायक नहीं है।

Related posts