मानसून का गृह प्रवेश: देश का 80% हिस्सा मानसूनी बारिश में भीगा; अगले 48 घंटे में पूरे उत्तर भारत में बरसेगा… – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Monsoon Tracker 2021 । Heavy Rain In Maharashtra Mumbai । Weather In Bihar Madhya Pradesh & HimaChal । IMD Issues Alert

नई दिल्लीएक घंटा पहलेलेखक: महेंद्र भार्गव

दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के बाद अब मानसून देश के पूर्वी और मध्य भाग में सक्रिय हो गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार अब देश की राजधानी दिल्ली में अगले दो से तीन दिनों में मानसून पहुंचने की सबसे अधिक संभावना है।

इसके साथ ही मौसम विभाग ने रविवार तक मानसून के पूरे ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद और हरियाणा के कुछ हिस्सों, चंडीगढ़ और उत्तरी पंजाब को कवर करने का दावा किया है। ये देश के लगभग 80% भौगोलिक क्षेत्र को कवर करता है।

दो दिनों में दिल्ली और एनसीआर में भी मानसून दस्तक दे देगा। हालांकि, रविवार को दिल्ली में भी बारिश हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण राजस्थान और गुजरात के कच्छ को छोड़कर अगले दो-तीन दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पूरे उत्तर भारत में सक्रिय होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत में 13-14 जून के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

दिल्ली में शाम को हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया।

महाराष्ट्र: मुंबई में रिकॉर्ड बारिश, जमकर बरसा मानसून
महाराष्ट्र में मानसून जमकर बरस रहा है। मुंबई और आसपास के जिलों में बीती रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। इससे निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है। हालांकि, वीकेंड होने के चलते सड़कों पर आम दिनों की तरह भीड़ नहीं है। मुंबई में बीते 4 दिनों में 641.3mm से ज्यादा बारिश हो चुकी है। मौसम विभाग के मुताबिक 16 जून तक 50 से 60 किमी/ घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इसके चलते महाराष्ट्र के कोस्टल एरिया में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

बारिश के बाद पवई इलाके में BMC की म्युनिसिपल कैपेसिटी एंड रिसर्च बिल्डिंग की पार्किंग का हाल।

बारिश के बाद पवई इलाके में BMC की म्युनिसिपल कैपेसिटी एंड रिसर्च बिल्डिंग की पार्किंग का हाल।

मुंबई में टूट सकता है जून महीने का रिकॉर्ड
मुंबई में पिछले 4 दिनों से भारी बारिश का कहर जारी है। बेस स्टेशन सांताक्रूज में रविवार को सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटे में 107 मिमी बारिश दर्ज की गई है। मुंबई में 10 जून (231 मिमी), 11 जून (107 मिमी) और 12 जून (107 मिमी) को तीनों ही दिन 100 मिमी से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है।

मुंबई में 9 जून को मानसून की जोरदार शुरुआत हुई और उसके बाद कोई कमी नहीं आई। मुंबई में अब तक कुल 641.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य (493.1 मिमी) से अधिक है। पिछले 4 दिनों में मुंबई में 500 मिमी से अधिक बारिश हुई है। रातभर हुई बारिश के बाद मुंबई में अंधेरी सबवे में भी पानी भर गया है, जिसके बाद उसे अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। कुर्ला, सांताक्रूज, अंधेरी समेत कई इलाकों में भी जलभराव शुरू हो गया है।

समुद्र में हाई टाइड का अलर्ट जारी किया
मुंबई में पिछले 4 दिनों के अंदर 641.3 मिमी बारिश हो चुकी है, जिससे कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। BMC ने समुद्र में हाई टाइड का अलर्ट जारी किया है, जिसे देखते हुए लोगों को बीच पर न जाने की सलाह दी गई है। हाई टाइड के दौरान 4 से 5 फीट ऊंची लहरें उठ सकती हैं। मुंबई में जून महीने में होने वाली बारिश का रिकॉर्ड टूट सकता है। अभी 2015 में हुई 1106.7 मिमी बारिश का रिकॉर्ड है।

फोटो पुणे के पनशेट इलाके में हुई बारिश के बाद की है।

फोटो पुणे के पनशेट इलाके में हुई बारिश के बाद की है।

राजस्थान: जून में भीषण गर्मी के साथ कुछ इलाकों में बारिश
प्रदेश में नौतपा के बाद जून में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस बीच प्री मानसून का असर भी कुछ जिलों में देखने मिल रहा है। रविवार को सवाई माधोपुर, श्रीगंगानगर, करौली में बारिश हुई। वहीं, झुंझुनूं और सीकर में तेज हवाएं चली। जयपुर के कुछ इलाकों में भी बूंदाबांदी हुई। शनिवार को देर शाम के बाद अचानक तेज आंधी चलने लगी। कुछ जिलों में बारिश भी हुई। इसके बाद तापमान में गिरावट से प्रदेशवासियों को गर्मी से कुछ निजात मिल सका। मौसम विभाग के मुताबिक, यहां अगले 4 दिन में हल्की बारिश हो सकती है। धूल भरी आंधी और 40 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा 15 और 16 जून को कई जिलों में अच्छी बारिश के भी अनुमान है।

मध्य प्रदेश: पूरे राज्य में मानसून की बारिश
भोपाल में 10 दिन पहले मानसून पहुंच गया है। राजधानी में रविवार दोपहर बाद मानसून की पहली बारिश हुई। मौसम विभाग ने प्रदेश के सभी संभागों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून समय से पहले ही पहुंच गया है। पिछले साल राजधानी में 23 जून को मानसून आया था। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक जेडी मिश्रा ने कहा कि प्रदेश में 10 जून को बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला में मानसून पहुंच गया था। इसके बाद जबलपुर, होशंगाबाद, इंदौर, शहडोल संभाग के भी कुछ हिस्सों में मानसून आया। अब रविवार को मानसून ने भोपाल, विदिशा, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी, सिंगरौली और शहडोल जिले में भी अपनी आमद दे दी है।

बिहार: एक दिन पहले पहुंचा मानसून, 25 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के पूर्वी इलाकों से मानसून के पहुंचते ही पूरे राज्य में इसका असर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून ने अब पूरे बिहार को कवर कर लिया है। राजधानी पटना में रविवार की सुबह आसमान साफ हुआ था, लेकिन फिर दोपहर से काले बादल आ गए हैं। इससे पहले शनिवार शाम को मूसलाधार बारिश हुई थी। बिहार के पूर्वोत्तर जिलों में मानसून का असर दिख रहा है। शनिवार को बिहार के सभी हिस्सों में 3 से 27 MM तक बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग ने बिहार के सभी जिलों के लिए बादल गरजने के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कहीं-कहीं बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है।

बिहार के बेतिया में बारिश के बाद सड़कों का हाल।

बिहार के बेतिया में बारिश के बाद सड़कों का हाल।

उत्तर प्रदेश: अगले 7 दिन में मानसून पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा
उत्तर प्रदेश में मानसून के आज बिहार से सटे जिले से दस्तक देने की संभावना है। मौसम विभाग के वैज्ञानिकों के अनुसार इस बार का मानसून समय से पहले दस्तक दे रहा है। इसके पीछे की मुख्य वजह है पूर्व में आए चक्रवात। वैज्ञानिकों का मानना है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू होने वाला मानसून अगले 7 दिनों में पूरे प्रदेश को कवर कर लेगा। मौसम विभाग के अनुसार मानसून की बरसात सामान्य से ज्यादा होगी। पहले दिन ही पानी ज्यादा गिरने की संभावना है। तराई क्षेत्रों में होने वाली बरसात की वजह से जलभराव होगा। करीब 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।

फोटो उत्तर प्रदेश के आगरा शहर की है। मौसम विभाग ने यहां कल बारिश की चेतावनी जारी की है।

फोटो उत्तर प्रदेश के आगरा शहर की है। मौसम विभाग ने यहां कल बारिश की चेतावनी जारी की है।

छत्तीसगढ़: रायपुर समेत अधिकांश जिलों में बारिश
सामान्य से 6 दिन पहले मानसून रविवार को छत्तीसगढ़ में पूरी तरह छा गया है। इसके प्रभाव से रायपुर सहित प्रदेश के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बरसात जारी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश के अधिकांश इलाकों पर भारी की चेतावनी जारी की है। कई स्थानों पर बिजली गिरने की भी संभावना है।

फोटो छत्तीसगढ़ के जगदलपुर की है। मानसून ने अब पूरे राज्य को कवर कर लिया है।

फोटो छत्तीसगढ़ के जगदलपुर की है। मानसून ने अब पूरे राज्य को कवर कर लिया है।

चंडीगढ़: प्री मानसून बारिश शुरू, अगले हफ्ते तक मानसून की दस्तक
शहर में शनिवार रात से रविवार सुबह तक जोरदार बारिश होती रही जिससे मौसम ठंडा हो गया है। तेज हवा के साथ हो रही बारिश के कारण जलभराव की समस्या हो गई है। सड़कों व गलियों में बारिश का पानी भर गया है। शुक्रवार रात को भी शहर में अच्छी बारिश हुई थी। मौसम विभाग की मानें तो ये प्री-मानसून की बौछारें थीं। विभाग के अनुसार शहर में अगले एक हफ्ते में मानसून दस्तक दे सकता है।

फोटो चंडीगढ़ की है। यहां कल रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

फोटो चंडीगढ़ की है। यहां कल रात से रुक-रुककर बारिश हो रही है।

हिमाचल में प्री मानसून की बारिश
शिमला सहित हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में इन दिनों बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने माना है कि ये प्री-मानसून की बौछारें हैं। 20 जून के बाद मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो सकता है, जिससे प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। इस साल प्रदेश में किसानों पर मौसम कहर बन कर टूटा है। अप्रैल में बगीचों में फ्लॉवरिंग के दौरान बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि से सेब सहित दूसरे फलों को भारी नुकसान हुआ।

हिमाचल की राजधानी शिमला में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है।

हिमाचल की राजधानी शिमला में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है।

अगले 24 घंटों में 20 से ज्यादा राज्यों में मानसून का गृह प्रवेश
अगले 24 घंटों के दौरान कोंकण और गोवा और उत्तरी तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, ओडिशा के कुछ हिस्सों, तेलंगाना, केरल, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। सिक्किम, पूर्वोत्तर भारत, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तमिलनाडु, कर्नाटक, पश्चिमी हिमालय, पंजाब के कुछ हिस्सों, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर और पूर्वी राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही दक्षिण गुजरात में हल्की बारिश हो सकती है।

खबरें और भी हैं…

Related posts