मेहुल का आरोप- गर्लफ्रेंड बारबरा को मोहरा बना भारत ने रची थी अगवा करने की साजिश – Jansatta

एंटीगुआ पुलिस को की गईअपनी शिकायत में मेहुल चोकसी ने दावा किया है कि अपहरण करने वाले लोगों ने वहां से ले जाने के बाद बताया कि उसे भारत के राजनेता से मुलाकात करने के लिए ले जाया जा रहा है।

PNB घोटाले के आरोपी और भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी को व्हील चेयर पर बैठा कर डोमिनिका के मजिस्ट्रेट कोर्ट ले जाता एक पुलिस कर्मी। (फोटोः एपी/पीटीआई)

भारत से फरार हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने आरोप लगाया है कि उसकी गर्लफ्रेंड बारबरा को मोहरा बना भारत ने उसे अगवा करने की साजिश रची थी। चोकसी का कहना है कि वो बारबरा को तकरीबन 1 साल से जानता था। वो दोनों अच्छे दोस्त थे और उनकी मुलाकात होती रहती थी। वो शाम को उसके साथ सैर को जाता था।

चोकसी का कहना है कि बारबरा पहले उसके जॉली हार्बर स्थित मकान के सामने रहा करती थी, लेकिन बाद में उसने अपना ठिकाना बदला और कोको बे होटल के पास रहने लगी। बारबरा का उसके स्टाफ के साथ मिलना जुलना लगा रहता था। चोकसी का कहना है कि रहस्यमयी लड़की ने उससे भी नजदीकी बना ली थी। शिकायत में दावा किया गया है कि जिन लोगों ने उसे अगवा किया वो उस पर दबाव डाल रहे थे कि बारबरा को वो भूल जाए, क्योंकि ये एक स्कैंडल है और इस खबर से उसकी पत्नी को गहरा धक्का लग सकता है।

पीएनबी से 13500 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर देश छोड़ कर फरार होनेवाले भगोड़े हीरा कारोबारी ने एंटीगुआ पुलिस को दी शिकायत में पिटाई करने का भी आरोप लगाया है। मेहुल चोकसी ने कहा है कि करीब 8-10 लोगों ने एंटीगुआ पुलिस का दावा करते हुए उसे बेरहमी से पीटा और फोन, घड़ी और बटुआ छीन लिए। चोकसी ने कहा कि बारबरा ने उसे 23 मई को अपने घर पर आने के लिए कहा। उसके वहां पहुंचने पर 8-10 लोगों ने उसके साथ मारपीट की। चोकसी का कहना है कि बारबरा इस पूरी साजिश का एक अभिन्न अंग थी। ये भारत के इशारे पर रची गई थी, लेकिन फेल हो गई।

अपनी शिकायत में चोकसी ने बारबरा जाबेरिका के अलावा दो और लोगों के नाम लिए हैं। उनमें से एक का नाम नरेंद्र सिंह उर्फ अमरिंदर सिंह है। उसका कहना है कि नरेंद्र ने उसे बताया था कि वो उसके केस का चीफ एजेंट है। उसने अपहर्ताओं के साथ सहयोग करने को कहा था। एजेंट का कहना था कि अगर वो ऐसा नहीं करता है तो उसे और उसके परिवार को बेरहमी से पीटा जाएगा। चोकसी का कहना है कि उसे लॉकअप में खुद के कपड़े धोने के लिए मजबूर किया गया था। उसे मेडिकल एड भी नहीं मुहैया कराई गई।

एंटीगुआ पुलिस को की गईअपनी शिकायत में मेहुल चोकसी ने दावा किया है कि अपहरण करने वाले लोगों ने वहां से ले जाने के बाद बताया कि उसे भारत के राजनेता से मुलाकात करने के लिए ले जाया जा रहा है। मालूम हो कि मेहुल चोकसी पर पीएनबी से 13500 करोड़ रुपये धोखाधड़ी कर देश छोड़ कर फरार होने का आरोप है। उसका कहना है कि 17 घंटे की यात्रा के बाद जब वो डोमेनिका पहुंचे तो रात के 10 बज चुके थे। उसका कहना है कि अगवा करने वालों को बाद में ये एहसास हो गया कि उनकी साजिश बेकार हो चुके है। वो लगातार रेडियो पर किसी से बात कर रहे थे। दूसरी तरफ से लगातार पूछा जा रहा था कि मेरा ऑपरेशन अभी तक पूरा क्यों नहीं हुआ।

Related posts