ढलान पर है कोरोना की दूसरी लहर? नए संक्रमण और सक्रिय मामलों में एक-एक लाख की कमी – Hindustan

कोरोना के नए दैनिक संक्रमणों में लगातार नौवें दिन भी कमी का रुझान जारी रहा है। सात मई के बाद से कोरोना के दैनिक संक्रमणों में एक लाख से भी अधिक की कमी आ चुकी है। इसी प्रकार सक्रिय मामले भी एक लाख से ज्यादा घट चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार रविवार को कोरोना के 3,11,170 नए मामले दर्ज किए गए हैं। सबसे ज्यादा मामले सात मई को आए थे और तब यह आंकड़ा 4,14,915 दर्ज किया गया था। लेकिन इन नौ दिनों में इसमें रिकॉर्ड 1,03,745 की कमी आई है। बहुत कम समय में तेजी से यह गिरावट दर्ज की गई है।

दैनिक संक्रमणों में कमी के साथ-साथ दूसरा सकारात्मक संकेत यह है कि स्वस्थ्य होने वाले भी तेजी से बढ़ रहे हैं। पिछले छह दिनों में पांच दिन ऐसे थे जब नए संक्रमणों से ज्यादा स्वस्थ होने वाले थे। इससे सक्रिय रोगियों की संख्या अब घटने लगी है। रविवार को रिकॉर्ड 55344 सक्रिय रोगी कम हुए हैं। विगत दस मई को देश में कोरोना के कुल सक्रिय रोगियों की संख्या 3745237 थी। यह संख्या अब तक की सर्वाधिक है। लेकिन 16 मई को सक्रिय रोगियों की संख्या घटकर 3618458 रह गई है। इसमें छह दिनों के भीतर 1,26,779 की कमी आई है। नए संक्रमणों के साथ-साथ सक्रिय रोगियों की संख्या में भी कमी दूसरा सकारात्मक रुझान है। सक्रिय रोगी जितने कम होंगे, उतने ही उन्हें बेहतर इलाज मिलने की संभावना बढ़ेगी।

दस राज्यों में घटे सक्रिय रोगी
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित दस राज्यों में सक्रिय रोगी तेजी से घट रहे हैं। इनमें महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, छत्तीसगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड तथा हरियाणा शामिल हैं।

आठ राज्य बढ़ा रहे चिंता
लेकिन 8 राज्यों में सक्रिय रोगी तेजी से बढ़ रहे हैं। ये राज्य चिंता बढ़ा रहे हैं। इनमें तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल, असम, ओडिशा, त्रिपुरा तथा उत्तराखंड शामिल हैं।

सुधार : 25 दिनों में पहली बार एक दिन में सबसे कम मरीज मिले

कोरोना वायरस के नए मामलों में कमी से राहत के संकेत मिले हैं। देश में 25 दिनों के बाद एक दिन में संक्रमण के सबसे कम 3.11 लाख मामले आए। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले 2,46,84,077 पर पहुंच गए। वहीं 20 अप्रैल को 2,94, 378 नए केस आए थे।

रोजाना संक्रमण में ऐसे आई गिरावट:

20 अप्रैल : 2,94,378
23 अप्रैल : 3,45,296
26 अप्रैल : 3,19,471
29 अप्रैल : 3,86,773
02 मई : 3,70,090
05 मई : 4,12,624
08 मई : 4,03,808
11 मई : 3,48,555
14 मई : 3,26,256
15 मई : 3,11,170

सुखद : संक्रमण दर गिरकर 16.98 फीसदी हुई
देश में रोजाना के संक्रमण दर में भी बड़ी कमी आई है। पिछले 24 घंटे के दौरान संक्रमण दर गिरकर 16.98 फीसदी हो गई। जबकि पांच मई को यह करीब 25 फीसदी पहुंच गई थी। इस महामारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 2,07,95,335 हो गई है। जबकि मृत्यु दर 1.09 प्रतिशत दर्ज की गई।

संकट : 4,077 लोगों की मौत
पिछले 24 घंटे के दौरान कोरोना से 4,077 और लोगों की मौत ने चिंता बढ़ा दी है। अब तक कोरोना से कुल 2,70,284 की मौत हो चुकी है। सबसे ज्यादा 960 लोगों की महाराष्ट्र, 349 लोगों की कर्नाटक, 337 लोगों की दिल्ली, 303 की तमिलनाडु, 281 की उत्तर प्रदेश, 216 की पंजाब 197 की उत्तराखंड, 149 की राजस्थान, 144-144 लोगों की हरियाणा और पश्चिम बंगाल तथा 129 लोगों की मौत छत्तीसगढ़ में हुई।

कर्नाटक में सबसे ज्यादा संक्रमण के केस
पिछले 24 घंटे के दौरान कर्नाटक में सबसे ज्यादा 41,664 कोरोना संक्रमण के नए मामले सामने आए। इसके बाद महाराष्ट्र में 34,848 और तमिलनाडु में 33658 नए मामले आए।

इन 10 राज्यों में 74.7 फीसदी नए मामले आए

कर्नाटक : 41,664
महाराष्ट्र : 34,848
तमिलनाडु : 33,658
केरल : 32,680
आंध्र प्रदेश : 22,517
पश्चिम बंगाल : 19,511
राजस्थान : 13,575
यूपी : 12,513
ओडिशा : 11,805
हरियाणा : 9,676

देश में 18.22 करोड़ लोगों का टीकाकरण
रविवार को सुबह सात बजे तक 26,55,003 सत्र के दौरान देश में 18,22,20,164 लोगों को टीके की खुराकें दी गयीं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि टीकाकरण अभियान के तहत 66.76 प्रतिशत खुराकें 10 राज्यों में दी गयी है। इनमें आंध्र प्रदेश, केरल, बिहार, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान 18-44 उम्र समूह में 5,62,130 खुराकें दी गयीं। मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे के दौरान 17 लाख से ज्यादा खुराकें दी गयीं। टीकाकरण अभियान के 120 वें दिन (15 मई को) 17,33,232 खुराकें दी गयीं। कुल 16,027 सत्र में 11,30,928 लोगों को पहली खुराक और 6,02,304 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी।

Related posts