कोरोना देश में: पद्म विभूषण मूर्तिकार और राज्यसभा सांसद रघुनाथ मोहापात्रा का निधन, लगातार चौथे दिन 4 लाख से… – Dainik Bhaskar

  • Hindi News
  • National
  • Lockdown: Coronavirus Outbreak India Cases, Vaccination LIVE Update | Maharashtra Pune Madhya Pradesh Bhopal Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today, Mumbai Delhi Coronavirus News

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

नई दिल्ली29 मिनट पहले

देश में कोरोना की दूसरी लहर खतरनाक होती जा रही है। बीते दिन 4 लाख 3 हजार 626 लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई। यह लगातार चौथा दिन था, जब 24 घंटे में 4 लाख से ज्यादा केस आए हैं। नए संक्रमितों के साथ मौतों का बढ़ता आंकड़ा भी चिंता का सबब बन रहा है। शनिवार को देश में 4,091 लोगों की कोरोना की वजह से जान गई। हालांकि राहत की बात रही कि पिछले 24 घंटे में 3 लाख 86 हजार 207 लोगों ने कोरोना को मात दी। यह एक दिन में ठीक होने वालों का सबसे बड़ा आंकड़ा है।

इस बीच, ओडिशा के मशहूर मूर्तिकार और राज्यसभा सांसद रघुनाथ मोहापात्रा का रविवार को निधन हो गया। वे पिछले सप्ताह कोरोना से संक्रमित हुए थे। इसके बाद से उनका भुवनेश्वर के एम्स में इलाज चल रहा था। 1943 में जन्मे मोहापात्रा पद्मश्री, पद्म भूषण और पद्म विभूषण से सम्मानित थे।

मशहूर मूर्तिकार रघुनाथ मोहापात्रा पिछले सप्ताह कोरोना से संक्रमित हो गए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि रघुनाथ मोहापात्रा ने कला, वास्तुकला और संस्कृति की दुनिया में अग्रणी योगदान दिया। पारंपरिक शिल्प को लोकप्रिय बनाने की दिशा में उनके योगदान को याद किया जाएगा।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में

  • बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 4.03 लाख
  • बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 4,091
  • बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.86 लाख
  • अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.22 करोड़
  • अब तक ठीक हुए: 1.83 करोड़
  • अब तक कुल मौतें: 2.42 लाख
  • अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 37.32 लाख

16 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 16 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, मिजोरम और गोवा शामिल हैं। यहां पिछले साल कोरोना महामारी के दौरान जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।

16 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 16 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और गुजरात शामिल हैं।

तमिलनाडु में कल से लॉकडाउन
कोरोना की वजह से तमिलनाडु सरकार ने 10 मई से दो हफ्ते के लिए संपूर्ण लॉकडाउन लगाने की घोषणा कर दी है। 10 से 24 मई तक तमिलनाडु में पूर्ण लॉकडाउन रहेगा। किराना, राशन की दुकानें दोपहर 12 बजे तक खोलने की अनुमति है। अन्य राज्यों से आने वाले लोगों को पहले ई-रजिस्ट्रेशन कराना होगा। पर्यटन स्थलों की यात्रा पर प्रतिबंध रहेगा।

कोरोना अपडेट्स

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को पंजाब, कर्नाटक, बिहार और उत्तराखंड के मुख्यमंत्रियों के साथ कोरोना की स्थिति पर बात की। इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, तमिलनाडु के मुख्यमंत्रियो से बात की थी।
  • दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बताया कि दिल्ली में लॉकडाउन को एक हफ्ते के लिए बढ़ाया जा रहा है। लॉकडाउन अगले सोमवार सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। दिल्ली में कल से मेट्रो चलनी बंद होगी। दिल्ली में 26 अप्रैल के बाद से कोरोना के केस कम होने शुरू हुए और पिछले एक-दो दिन में पॉजिटिविटी रेट 35% से घटकर 23% हो गया है।
  • उत्तर प्रदेश में आंशिक कोरोना कर्फ्यू 17 मई तक बढ़ाया गया है। उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने इसकी जानकारी दी। इससे पहले उत्तर प्रदेश में कोरोना कर्फ्यू की मियाद 10 मई को खत्म हो रही थी।
  • DRDO उत्तराखंड के हल्द्वानी और ऋषिकेश में दो कोविड केयर अस्पताल बना रहा है। हल्द्वानी के अस्पताल में 375 ऑक्सीजन बेड और 125 वेंटिलेटर बेड होंगे। वहीं, ऋषिकेश के अस्पताल में 400 ऑक्सीजन बेड और 100 वेंटिलेटर बेड होंगे।
  • यूनाइटेड किंगडम से 3 ऑक्सीजन जनरेटर और 1,000 वेंटिलेटर दिल्ली पहुंचे। हर ऑक्सीजन जनरेटर की एक मिनट में 500 लीटर ऑक्सीजन का उत्पादन करने की क्षमता है।
  • कोरोना से जारी लड़ाई के खिलाफ एक राहत भरी खबर आई है। ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया (DCGI) ने शनिवार को ड्रग 2-डीऑक्सी-डी-ग्लूकोज (2-DG) दवा से कोरोना के इलाज को इमरजेंसी अप्रूवल दे दिया है। कोरोना संक्रमित मरीज के लिए यह एक वैकल्पिक इलाज होगा

प्रमुख राज्यों के हाल

1. महाराष्ट्र
यहां शनिवार को 56,578 लोग संक्रमित पाए गए। 82,266 लोग रिकवर हुए और 864 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 50.53 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 43.47 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 75,277 लोगों की मौत हो गई। 6.28 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।

2. उत्तर प्रदेश
यहां शनिवार को 26,636 लोग संक्रमित पाए गए। 34,721 लोग रिकवर हुए और 297 लोगों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 14.80 लाख लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 12.19 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 15,170 मरीजों ने दम तोड़ दिया। 2.45 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

3. दिल्ली
दिल्ली में रविवार को 13,336 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यह आंकड़ा पिछले 39 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 12 अप्रैल को 11491 केस आए थे। 14,738 लोग ठीक हुए और 273 की मौत हो गई। अब तक 13.23 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 12.17 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 19,344 मरीजों की मौत हो चुकी है। 86,232 का इलाज चल रहा है।

4. छत्तीसगढ़
यहां शनिवार को 12,239 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 12,198 लोग ठीक हुए और 223 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 8.42 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 7.01 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10,381 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.30 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

5. गुजरात
राज्य में शनिवार को 11,892 लोग संक्रमित मिले। 14,366 लोग रिकवर हुए और 119 की मौत हो गई। अब तक 6.69 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5.18 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 8,273 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1.43 लाख मरीज ऐसे हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

6. मध्यप्रदेश
राज्य में शनिवार को 11,598 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 4,445 लोग ठीक हुए और 90 की मौत हो गई। अब तक 6.60 लाख लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 5.51 लाख लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 6,334 लोगों की मौत हो चुकी है। 1.02 लाख मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

खबरें और भी हैं…

Related posts