कोरोना से तबाही : टूटा मौतों का रिकॉर्ड, 4187 ने तोड़ा दम, चार लाख से ज्यादा संक्रमित – अमर उजाला – Amar Ujala

न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: संजीव कुमार झा
Updated Sat, 08 May 2021 06:13 AM IST

सार

नए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में 4,187 लोगों की मौत हो गई जो कि एक दिन में दर्ज की गई मौतों की सबसे अधिक संख्या है। संक्रमितों की संख्या की बात करें तो एक दिन में  401522 लोग कोरोना की चपेट में आए।

ख़बर सुनें

विस्तार

भारत में कोरोना के कहर से हालात खराब होते जा रहे हैं। देश में जहां रोज 4 लाख से अधिक मामले आ रहे हैं वहीं शुक्रावर को मौत के सारे रिकॉर्ड टूट गए। नए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे में देश में 4,187 लोगों की मौत हो गई जो कि एक दिन में दर्ज की गई मौतों की सबसे अधिक संख्या है। संक्रमितों की संख्या की बात करें तो बीते 24 घंटे में 4,01,522 लोग कोरोना वायरस की चपेट में आए। बता दें कि देश में टीकाकरण अभियान तेजी से चलने के बावजूद मृतकों के संख्या में कमी नहीं आ पा रही है जो कि चिंताजनक है।

विज्ञापन

देश में 14 फरवरी 2021 से लेकर 7 मई 2021 तक कोरोना के 1,09,68,039 मामले आ चुके हैं जबकि 30 जनवरी 2020 से लेकर 14 फरवरी 2021 तक इससे कम मामले  (1,09,16,481) आए थे। इस आंकड़े से साफ पता चल रहा है कि बीते 82 दिन में संक्रमितों की संख्या दोगुनी हो गई। 

देश में अब तक कुल 2,38,197 लोगों की मौत हो गई है। बीते शुक्रवार को पांच राज्यों में एक दिन में होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। इनमें कर्नाटक भी शामिल है जहां बीते 24 घंटे में 592 लोगों की जान चली गई जो कि एक दिन में सर्वाधिक है।

अन्य राज्य जहां सबसे अधिक मौतें दर्ज की गईं उनमें महाराष्ट्र (898) उत्तर प्रदेश (372 मौतें), दिल्ली (341), छत्तीसगढ़ (208), तमिलनाडु (197), पंजाब (165), राजस्थान (164) हिमाचल प्रदेश (56) शामिल हैं। इसके आलावे हरियाणा (162) उत्तराखंड (137), झारखंड (136) और बंगाल (112) शामिल हैं।

महाराष्ट्र में 54022 नए मामले, 898 की मौत

देश में कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 54,022 नए मामले दर्ज किए गए। इसके साथ ही इस अवधि में 37,386 कोरोना संक्रमित ठीक हुए और 898 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब कोरोना के कुल मामले 49 लाख 96 हजार 758 हो गई है। इनमें से 42 लाख 65 हजार 326 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, छह लाख 54 हजार 788 सक्रिय मामले हैं। प्रदेश में अब तक कोरोना के चलते कुल 74,413 लोगों की जान जा चुकी है।

Related posts