Chandro Tomar Death News: नहीं रहीं ‘शूटर दादी’ चंद्रो तोमर, मेरठ के मेडिकल कॉलेज में चल रहा था कोरोना का इलाज – Navbharat Times

मेरठ
कोरोना महामारी एक के बाद एक करके मशहूर शख्सियतों को हमसे छीन रहा है। शुक्रवार को ‘शूटर दादी’ के नाम से मशहूर निशानेबाज चंद्रो तोमर का निधन हो गया। 26 अप्रैल को 89 साल की चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिटिव पाई गई थीं। तब से मेरठ के मेडिकल कॉलेज में उनका इलाज चल रहा था। ‘शूटर दादी’ के निधन से उनके चाहने वालों में शोक की लहर दौड़ गई है।

कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद चंद्रो तोमर के ट्विटर पेज पर इस बात की जानकारी दी गई थी। ट्विटर पेज पर लिखा गया था, ‘दादी चंद्रो तोमर कोरोना पॉजिटिव हैं और सांस की परेशानी के चलते हॉस्पिटल में भर्ती हैं। ईश्वर सबकी रक्षा करे- परिवार।’ ट्विटर पर शूटर दादी के कोरोना पॉजिटिव होने की जानकारी मिलते ही यूजर्स ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए मैसेज किए थे।

विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाज
चंद्रो तोमर ने जब निशानेबाजी को अपनाया तब उनकी उम्र 60 वर्ष से अधिक थी, लेकिन इसके बाद उन्होंने कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं जीती। उन पर एक फिल्म भी बनाई गई है। उन्हें विश्व की सबसे उम्रदराज निशानेबाज माना जाता है।

सुख-दुख की साथी प्रकाशी तोमर ने जताया शोक
चंद्रा तोमर के निधन पर उनकी देवरानी प्रकाशी तोमर (84) ने दुख जताया है। उन्‍होंने ट्वीट किया है- ‘मेरा साथ छूट गया, चंद्रो कहां चली गई।’ गौरतलब है कि चंद्रो और प्रकाशी तोमर ने साथ-साथ निशानेबाजी प्रतियोगिताओं में भाग लिया और कई मेडल जीते। मूलरूप से मुजफ्फरनगर की रहने वाली प्रकाशी तोमर की बेटी सीमा तोमर इंटरनैशनल निशानेबाज हैं।



शूटर दादी का निधन

Related posts