West Bengal Elections 2021 Live Updates: आखिरी चरण के मतदान में हिंसा की खबर, 11 बजे तक 40 फीसदी मतदान – Jansatta

West Bengal(WB) Assembly Election 2021 Live News Updates:: आज पश्चिम बंगाल में आठवें चरण का मतदान जारी है। मालदा और बीरभूम की 35 विधानसभा सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं।

west bengal election
पश्चिम बंगाल में आठवें चरण का मतदान जारी। (एएनआई)

West Bengal Elections 2021 Live Updates::पश्चिम बंगाल में आठवें चरण का मतदान जारी है। कई जगहों से हिंसा की खबरें भी आई हैं। नॉर्थ कोलकाता में कई जगहों से बमबाजी की खबर है। वहीं भाजपा नेताओं का आरोप है कि तृणमूल के कार्यकर्ता भाजपा के एजेंटों को धमका रहे हैं। मुर्शिदाबाद में एक माकपा कार्यकर्ता की हत्या भी कर दी गई। दोपहर  11 बजे तक 40 फीसदी मतदान होने की जानकारी है।

सुबह से ही लोग कतार में नजर आए। इस चरण में टीएमसी और वाम-कांग्रेस गठबंधन के बीच टक्कर होती दिख रही है। इन सीटों पर मुस्लिम आबादी ज्यादा है और इस वजह से राजनीतिक दलों की निगाहें अल्पसंख्यक वोट पर टिकी हैं।

आज जिन 35 सीटों पर मतदान होगा उसमें मालदा की 6, बीरभूम की 11, मुर्शिदाबाद की 11 और कोलकाता नॉर्थ की 7 सीट हैं। मालदा और मुर्शिदाबाद की कुछ सीटों पर पिछले चरण में मतदान हो भी चुका है। पिछले चुनाव में भी इन सीटों पर टीएमसी और कांग्रेस का ही वर्चस्व था। टीएमसी के खाते में 17 तो कांग्रेस के खाते में 13 सीटें आई थीं। हालांकि लोकसभा चुनाव के दौरान इन सीटों पर भाजपा ने कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया था। मालदा और मुर्शिदाबाद में मुसलमान कांग्रेस का समर्थन ज्यादा करते हैं।

इस चरण में तृणमूल के दो मंत्री शशि पांजा और साधन पांडेय श्यामपुकुर और मानिकताला सीट से प्रत्याशी हैं। मालदा और मुर्शिदाबाद की 17 सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला हो सकता है। इस चरण में 84 लाख मतदाता हैं और 283 उम्मीदवार मैदान में हैं। 11860 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और केंद्रीय बलों की 641 कंपनियों को तैनात किया गया है।

Related posts