Coronavirus Live: पीएम मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति बाइडन फोन पर कर रहे बात – अमर उजाला – Amar Ujala

विज्ञापन

10:02 PM, 26-Apr-2021

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन और पीएम मोदी के बीच फोन पर बातचीत

 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन के बीच फोन पर बातचीत हो रही है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच भारत में कोरोना संकट को लेकर बात हो रही है। बता दें कि इससे पहले रविवार को एनएसए अजीत डोवाल ने अमेरिका के एनएसए जेक सुलिवन से बात की थी। जिसके बाद अमेरिका भारत को वैक्सीन के लिए कच्चे माल के निर्यात पर लगी रोक को हटाने को राजी हो गया और जल्द से जल्द इसे उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।  

गौरतलब है कि दोनों देशों की 70 वर्षों से अधिक की स्वास्थ्य साझेदारी है। जिसके तहत पोलियो अभियान, एचआईवी,  स्मॉल पॉक्स के खिलाफ लड़ाई लड़ी गई। अब दोनों देश वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के खिलाफ भी साथ लड़ाई जारी रखेंगे। कोरोना महामारी की शुरुआत में  भारत ने अमेरिका के अस्पतालों के लिए मदद भेजी थी अब अमेरिका ने भी भारत के मुश्किल हालात में मदद करने के लिए दृढ़ता दिखाई है।

 

09:54 PM, 26-Apr-2021

पंजाब में ऑक्सीजन संकट

पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट कर जानकारी देते हुए कहा कि कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने से पंजाब में ऑक्सीजन सप्लाई की स्थिति बेहद गंभीर हो गई है। उन्होंने डॉ. हर्षवर्धन और अमित शाह से राज्य में जल्द से जल्द ऑक्सीजन का कोटा को बढ़ाने को कहा है।

09:50 PM, 26-Apr-2021

विश्वेश्वरैया प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की परीक्षाएं स्थगित

कर्नाटक के विश्वेश्वरैया प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 27 अप्रैल से स्थगित की जाएंगी। पुनर्निर्धारित तारीखों की घोषणा 12 मई के बाद की जाएगी।

09:37 PM, 26-Apr-2021

डब्ल्यूएचओ के महानिदेशक बोले- भारत में स्थिति बेहद गंभीर

विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस एडहोम घेब्रेयस ने कहा कि कई क्षेत्रों में मामलों और मौतों में थोड़ी गिरावट को देखना सुखद है, लेकिन कई देश अभी भी विकट स्थिति का सामना कर रहे हैं और भारत में स्थिति तो बेहद गंभीर हो गई है। 

 

09:23 PM, 26-Apr-2021

बिहार में बीते 24 घंटे में कोरोना के 11,801 नए मामले

बिहार में बीते 24 घंटे में कोरोना के 11,801 नए मामले सामने आए हैं और राज्य में करीब 89,660 सक्रिय मामले बने हुए हैं।   

09:21 PM, 26-Apr-2021

हेमंत सोरेन ने रांची में 100 बेड के कोविड वार्ड अस्पताल का उद्घाटन किया

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची में 100 बेड के कोविड वार्ड अस्पताल का उद्घाटन किया।  उन्होंने कहा कि कल या फिर परसों से यहां कोरोना मरीजों का दाखिला शुरू होगा। हमने संक्रमण को ध्यान में रखकर अपने काम की गति बढ़ाई है। लोग स्वास्थ्य सुरक्षा सप्ताह का सख्ती से पालन करे।

09:12 PM, 26-Apr-2021

चुनाव के बीच बंगाल में बढ़े कोरोना के मामले

चुनाव के बीच बंगाल में कोरोना के मामले में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 15,992 मामले सामने आए वहीं 68 लोगों की मौत हो गई।

 

09:00 PM, 26-Apr-2021

राजस्थान सरकार ने एंबुलेंस का अधिकतम किराया तय किया

राजस्थान सरकार ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान आमजन की सुविधा को देखते हुए एंबुलेंस किराये की अधिकतम दर तय कर दी है। परिवहन आयुक्त महेंद्र सोनी ने सोमवार को आदेश जारी किया। इसके तहत अब पूरे राज्य में एंबुलेंस एवं शव वाहनों के लिए अधिकतम किराया तय किया गया है। अब पहले 10 किलोमीटर तक का किराया 500 रूपये होगा जिसमें वाहन का आना-जाना शामिल हैं। इसके अलावा कोरोना वायरस के मरीज को लाने-ले-जाने के लिए सुरक्षा की द्वष्टि से पीपीई किट एवं संक्रमणरोधन के लिए 350 रूपये प्रति चक्कर अतिरिक्त देय होंगे।

08:43 PM, 26-Apr-2021

महाराष्ट्र में घटे मामले, 524 की मौत

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 48,700 मामले सामने आए हैं और 524 लोगों की मौत हो गई है। इस दौरान 71,736 लोग स्वस्थ भी हुए। वहीं मुंबई में प्रशासन की सख्ती काम आने लगी है। महानगर में मामले लगातार कम हो रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,876 नए मामले सामने आए हैं और 70 लोगों की मौत भी हुई। इस दौरान 9150 लोग स्वस्थ भी हुए।

08:21 PM, 26-Apr-2021

पूरे पंजाब में लगा लॉकडाउन, शाम 6 से लेकर सुबह 5 बजे तक रहेगी कड़ी पाबंदी

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए पंजाब सरकार ने अगले आदेश तक रोजाना शाम 6 बजे से सुबह 5 बजे तक लॉकडाउन लगाने का फैसला किया है। वहीं शुक्रवार को शाम 6 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक वीकेंड लॉकडाउन लगेगा। 

08:17 PM, 26-Apr-2021

मुंबई में लगातार घट रहे मामले

मुंबई में प्रशासन की सख्ती काम आने लगी है। महानगर में मामले लगातार कम हो रहे हैं। बीते 24 घंटे में कोरोना के 3,876 नए मामले सामने आए हैं और 70 लोगों की मौत भी हुई। इस दौरान 9150 लोग स्वस्थ भी हुए।

08:09 PM, 26-Apr-2021

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 33,574 नए मामले

उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 33,574 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 249 लोगों की मृत्यु दर्ज की गई है और 26,719 लोग डिस्चार्ज हुए। राज्य में सक्रिय मामलों की कुल संख्या 3,04,199 है।

 

08:03 PM, 26-Apr-2021

पटना में 90 निजी अस्पतालों में कोरोना का इलाज

पटना में 90 निजी अस्पतालों में कोरोना का इलाज किया जाएगा। डीएम ने इसके लिए लिस्ट भी जारी कर दी है।

08:00 PM, 26-Apr-2021

सीरम इंस्टीट्यूट, भारत बायोटेक से टीके की कीमत कम करे: सरकार

केंद्र सरकार ने सोमवार को सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक से कहा कि वे अपने कोविड-19 टीकों की कीमत कम करें। सरकार ने इन दोनों कंपनियों को टीकों के दाम करने के लिए ऐसे समय कहा है जब विभिन्न राज्यों ने आलोचना करते हुए ऐसे बड़े संकट के दौरान मुनाफाखोरी पर आपत्ति जताई है। कैबिनेट सचिव राजीव गौबा की अध्यक्षता में हुई बैठक में टीके मूल्य निर्धारण के मुद्दे पर चर्चा की गई।

07:46 PM, 26-Apr-2021

मालदीव ने भारत से आने वाली सभी उड़ानों को  रद्द किया

कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए मालदीव ने भारत से आने वाली सभी उड़ानों को  रद्द कर दिया है।

Related posts