Covid-19 Lockdown India Live Updates: देश में कोरोना का कहर, पिछले 24 घंटे में 2023 लोगों की मौत – Jansatta

Coronavirus (Covid-19) Lockdown India Live News Updates:
पिछले 24 घंटे में 2,95,041 नए मरीज सामने आए हैं। इस दौरान 2023 लोगों की मौत हुई है। देश में पहली बार एक दिन में 2 हजार से अधिक लोगों की जान गयी है।

Corona, covid-19,Lockdown
देश में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं (फोटो- PTI)

Coronavirus India Lockdown Live Updates: देश में कोरोना का कहर बढ़ता ही जा रहा है। पिछले 24 घंटे में 2,95,041 नए मरीज सामने आए हैं। इस दौरान 2023 लोगों की मौत हुई है। देश में पहली बार एक दिन में 2 हजार से अधिक जान गयी है। इधर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि सरकार ISI से बात कर सकती है लेकिन विपक्षी नेताओं से नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मैं सकारात्मक तरीके से कह रही हूं कि भगवान के लिए सरकार कुछ करे। उनके पास जितने संसाधन हैं उन्हें वो कोरोना की लड़ाई में लगाएं। अगर केंद्र सरकार अपना मन बनाए तो अभी भी ऑक्सीजन की सुविधा बनाई जा सकती है।

बताते चलें कि  कर्नाटक में मंगलवार को रिकॉर्ड मामले सामने आए। एक दिन में राज्य में 21,794 नए केस दर्ज किए गए। इधर बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 4 मई तक नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है।इधर झारखंड में कोरोना संकट से निपटने के लिए सरकार ने एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगा दिया है। महाराष्ट्र में भी सरकार लॉकडाउन लगाने की तैयारी में है। राज्य सरकार के मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री लॉकडाउन की घोषणा करेंगे अभी यह जरूरी हो गया है। ऑक्सीजन की कमी है।

इधर राजधानी दिल्ली में कोरोना की स्पीड कम नहीं हो रही है। पिछले 24 घंटे में यहां कोरोना के 28395 नए मामले सामने आए और 277 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 32 फीसदी हो गई है। उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में बढ़ते कोरोना संकट को देखते हुए 18 साल से ऊपर के सभी व्यक्ति को फ्री में कोरोना की वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है। बता दें कि केंद्र सरकार ने पहले ही देश में फैलते कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर 1 मई से 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने की अनुमति दे दी है। हालांकि सरकार ने वैक्सीन फ्री में देने का ऐलान नहीं किया था।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में ऑक्सीजन के संकट को लेकर केंद्र सरकार से गुहार लगाई है। अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा है कि दिल्ली में ऑक्सीजन की कमी हो रही है। इसलिए केंद्र सरकार से आग्रह है कि वे जल्द से जल्द दिल्ली को ऑक्सीजन की सप्लाई करवाएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा है कि दिल्ली के कई अस्पतालों में अब सिर्फ चंद घंटे का ही ऑक्सीजन बाकी है। बता दें कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी भी कोरोना संक्रमित निकली हैं।  पत्नी में संक्रमण की पुष्टि के बाद सीएम ने खुद को क्वारंटीन कर लिया है। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह भी पॉजिटिव हो गए हैं।

Related posts