देश में कोरोना से एक दिन में रिकॉर्ड मौत, 24 घंटे में गयी 2,023 लोगों की जान – Jansatta

पिछले 24 घंटे में 2,95,041 नए मरीज सामने आए हैं। इस दौरान 2023 लोगों की मौत हुई है। देश में पहली बार एक दिन में 2 हजार से अधिक लोगों की जान गयी है।

सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) द्वारा भारत में निर्मित ऑक्सफ़ोर्ड वैक्सीन वर्तमान में देश में इस्तेमाल होने वाले दो टीकों में से एक है, दूसरे टीके कोवैक्सीन को घरेलू कंपनी भारत बायोटेक ने बनाया है। (फोटो सोर्स- इंडियन एक्सप्रेस फाइल)

बुधवार सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार देश में पिछले 24 घंटे में 2,95,041 नए मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान देश में 2,023 लोगों की मौत हुई है। यह अबतक का एक रिकोर्ड है। पिछले 21 दिनों में देश में 20,085 लोगों की मौत हो चुकी है। पिछले 21 दिनों में देश में लगभग 34 लाख लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं।

देश में बिगड़ते हालात पर कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि सरकार ISI से बात कर सकती है लेकिन विपक्षी नेताओं से नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि मैं सकारात्मक तरीके से कह रही हूं कि भगवान के लिए सरकार कुछ करे। उनके पास जितने संसाधन हैं उन्हें वो कोरोना की लड़ाई में लगाएं। अगर केंद्र सरकार अपना मन बनाए तो अभी भी ऑक्सीजन की सुविधा बनाई जा सकती है।

बताते चलें कि कर्नाटक में मंगलवार को रिकॉर्ड मामले सामने आए। एक दिन में राज्य में 21,794 नए केस दर्ज किए गए। इधर बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने 4 मई तक नाइट कर्फ्यू का ऐलान कर दिया है।इधर झारखंड में कोरोना संकट से निपटने के लिए सरकार ने एक सप्ताह के लिए लॉकडाउन लगा दिया है। महाराष्ट्र में भी सरकार लॉकडाउन लगाने की तैयारी में है। राज्य सरकार के मंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मुख्यमंत्री लॉकडाउन की घोषणा करेंगे अभी यह जरूरी हो गया है। ऑक्सीजन की कमी है।

इधर राजधानी दिल्ली में कोरोना की स्पीड कम नहीं हो रही है। पिछले 24 घंटे में यहां कोरोना के 28395 नए मामले सामने आए और 277 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 32 फीसदी हो गई है। उत्तरप्रदेश की योगी सरकार ने राज्य में बढ़ते कोरोना संकट को देखते हुए 18 साल से ऊपर के सभी व्यक्ति को फ्री में कोरोना की वैक्सीन लगाने का ऐलान किया है।

बता दें कि केंद्र सरकार ने पहले ही देश में फैलते कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखकर 1 मई से 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन लगाने की अनुमति दे दी है। हालांकि सरकार ने वैक्सीन फ्री में देने का ऐलान नहीं किया था।

Related posts