हिमाचल: ऊना में सीजन का सबसे गर्म दिन, आठ शहरों में छूटने लगा पसीना – अमर उजाला – Amar Ujala

अमर उजाला नेटवर्क, शिमला/ऊना/रोहतांग (लाहौल-स्पीति)
Published by: अरविन्द ठाकुर
Updated Sun, 11 Apr 2021 07:55 PM IST

शिमला के रिज मैदान पर घूमते सैलानी।
– फोटो : अमर उजाला

ख़बर सुनें

ऊना में गर्मियों के इस सीजन में रविवार सबसे अधिक गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है। यहां का अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। आठ शहरों का पारा भी 30 से पार हो चुका है। गर्मी की वजह से लोगों का पसीना छूटने लगा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में 14 अप्रैल तक मौसम शुष्क रहेगा। ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में 17 अप्रैल तक बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान है।

विज्ञापन

मध्य और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तूफान चलने के आसार भी हैं। राजधानी शिमला में रविवार को मौसम साफ रहा और बाजारों में पर्यटकों की भीड़ उमड़ी रही। लाहौल घाटी में दिनभर धूप खिलने के बाद देर शाम अचानक मौसम ने करवट बदली। रविवार शाम को रोहतांग दर्रे सहित ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हुआ है। उधर, बारालाचा, कुंजुम और शिंकुला दर्रे में भी देर शाम फाहे गिरे हैं। घाटी के कई इलाकों में घने बादल छाए रहे। जबकि कुल्लू में दिनभर साफ बना रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में अंधड़ फ्लावरिंग को प्रभावित कर सकती है।

प्रदेश में अधिकतम तापमान भी सामान्य से 2 डिग्री तक अधिक रहा। केलांग में -1.5, कल्पा 2.1, शिमला 14.0, सुंदरनगर 10.0, भुंतर 7.6, धर्मशाला 14.0, ऊना 11.8, नाहन 19.1, पालमपुर 12.5, सोलन 11.6, मनाली 7.8,  कांगड़ा 12.8, मंडी 9.1, बिलासपुर 10.0, हमीरपुर 9.7, चंबा 9.4, डलहौजी 12.4 और कुफरी में 10.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

 

अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
ऊना 36.5
बिलासपुर 34.5
सुंदरनगर 33.0
हमीरपुर 32.4
कांगड़ा 32.3
सोलन 32.0
चंबा 31.1
नाहन 30.4
भुंतर 30.4
धर्मशाला 25.4
शिमला 23.8
डलहौजी 18.0

Related posts