Maharashtra Lockdown News: नहीं थम रहा कोरोना का कहर, महाराष्ट्र में लग सकता है 8 से 15 दिनों का लॉकडाउन, टास्क फोर्स की बैठक आज – Navbharat Times

हाइलाइट्स:

  • महाराष्ट्र में कोरोना की बेकाबू स्पीड के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सख्त लॉकडाउन का दिया संकेत
  • महाराष्ट्र में कोरोना की चेन तोड़ने के लिए 8 दिन या फिर 15 दिनों का सख्त लॉकडाउन लग सकता है
  • इस पर पर आखिरी फैसला रविवार और सोमवार को होने वाली कई बैठकों के बाद ही लिया जाएगा

मुंबई
महाराष्ट्र में कोरोना की बेकाबू स्पीड के बीच मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सख्त लॉकडाउन का संकेत दिया है। दो दिन के अंदर वह इसकी घोषणा कर सकते हैं। सूत्रों के मुताबिक, रविवार को टास्क फोर्स की विशेष बैठक बुलाई गई है। चर्चा है कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए 8 दिन या फिर 15 दिनों का सख्त लॉकडाउन लगाया जा सकता है। हालांकि, इस पर पर आखिरी फैसला रविवार और सोमवार को होने वाली कई बैठकों के बाद ही लिया जाएगा।

इस संबंध में शनिवार को मुख्यमंत्री ने विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सर्वदलीय बैठक बुलाई थी। इस मीटिंग में उद्धव ठाकरे ने साफ इशारा कर दिया कि वह महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए जल्द सख्त लॉकडाउन लगाना चाहते हैं।

‘लॉकडाउन के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं’
बैठक में मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि लॉकडाउन के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने लोगों की मदद के लिए दो दिनों में योजना तैयार करने की बात कही। उद्धन से साफ कहा कि कोरोना की चेन तोड़ने के लिए सख्त लॉकडाउन लगाने की जरूरत है। सख्त लॉकडाउन और छूट दोनों एक साथ नहीं चल सकते।

विपक्षी दलों की यह दलील
हालांकि, विपक्षी दल बीजेपी ने बीच का रास्ता निकालने की बात कही है। उनका कहना है कि संपूर्ण लॉकडाउन उपाय नहीं है। आम आदमी, गरीब, मजदूर और व्यापारियों के बारे में भी सरकार को सोचना चाहिए। जबकि सरकार में शामिल एनसीपी और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री को कड़े फैसले लेने के लिए समर्थन दिया है।

उद्धव ठाकरे ने कहा कि यह बैठक खासतौर से देवेंद्र फडणवीस के लिए बुलाई गई है, नहीं तो शुक्रवार को ही फैसला ले लेता। उन्होंने विपक्ष को आश्वासन दिया कि उनके सुझावों पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी। एक तरफ जनभावनाएं हैं, तो दूसरी तरफ कोरोना का बढ़ता संकट, ऐसे में यदि यह लड़ाई जीतनी है, तो थोड़ा धैर्य रखना होगा।

कोरोना से महाराष्ट्र का हाल बेहाल
इस बीच महाराष्ट्र और मुंबई में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार को महाराष्ट्र में 55,441 नए केस सामने आए और 309 लोगों की मौत हो गई। वहीं मुंबई में शनिवार को कोरोना के 9327 नए मरीज मिले है और 50 लोगों की मौत हुई। इसके पहले 24 अक्टूबर को मुंबई में 50 लोगों की मौत हुई थी और उस समय मरीजों की संख्या 1257 थी।

बीते 24 घंटे में मुंबई में 48749 लोगों का कोरोना का टेस्ट हुआ है, जिसमें 19 फीसद लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के 55,411 नए मरीज मिले हैं और 309 लोगों की कोरोना से मौत हुई है।

देश में पहली बार 1,45,384 नए मामले
देश में कोरोना वायरस के 1,45,384 नए मामले आए हैं। चार दिनों से लगातार कोरोना के एक लाख से ज्यादा केस आ रहे हैं। देश में पहली बार ऐक्टिव केस 10,46,631 तक पहुंचे हैं। पिछले साल सितंबर पीक में ऐक्टिव केस सवा 10 लाख तक रिपोर्ट किए गए थे।

उसके बाद से लगातार कम होने लगे। 24 घंटे में 1,45,384 नए केस के साथ 77,567 लोग रिकवर हुए हैं और 794 लोगों की मौत हुई है। अमेरिका, ब्राजील, फ्रांस जैसे देशों में अब भारत से कम केस आ रहे हैं। महाराष्ट्र में रोजाना 50 हजार से ज्यादा केस आ रहे हैं।



महाराष्ट्र में लग सकता है लॉकडाउन

Related posts