मुख्तार अंसारी की वापसी : यूपी पुलिस के हवाले किया गया बाहुबली, बांदा यात्रा जारी – अमर उजाला – Amar Ujala

विज्ञापन

03:57 PM, 06-Apr-2021

सीधे बांदा ले जाया जाएगा अंसारी को 

सूत्रों के अनुसार, मुख्तार अंसारी को सीधे बांदा जेल ले जाया जाएगा। यूपी पुलिस रात को भी सफर जारी रखेगी। 

03:47 PM, 06-Apr-2021

मऊ से बीएसपी का विधायक है अंसारी

उत्तर प्रदेश के मऊ के बीएसपी विधायक मुख्तार अंसारी के खिलाफ प्रदेश में 50 से ज्यादा मामले दर्ज हैं। जबकि उसके गैंग के करीब 95 सदस्यों को यूपी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। साथ ही आय से अधिक संपत्ति के मामले में भी उस पर कार्रवाई चल रही है।

03:26 PM, 06-Apr-2021

चिंता में था अंसारी 

उत्तर प्रदेश जाने को लेकर अंसारी काफी चिंतित था। सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद से वह अधिकतर समय जेल में बनी अपनी विशेष बैरक में ही बिता रहा था। चिंता से उसकी भूख भी आधी रह गई थी। वह खाना भी एक ही समय खा रहा था।

03:16 PM, 06-Apr-2021

चाक चौबंद सुरक्षा में ले जाया जा रहा है अंसारी को

रोपड़ जेल में बंद मुख्तार अंसारी की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश और पंजाब पुलिस कोई भी चूक नहीं करना चाहती है। सुरक्षा की गंभीरता इस बात से भी पता चलती है कि यूपी पुलिस की टीम में किसी अनहोनी को देखते हुए पुलिस जवानों के साथ एक बटालियन पीएसी भी रोपड़ भेजी गई है।

  

02:59 PM, 06-Apr-2021

नौ बार बैरंग लौट चुकी है यूपी पुलिस

रोपड़ जेल प्रशासन के मेडिकल बोर्ड ने मुख्तार अंसारी को शुगर, अवसाद (डिप्रेशन), स्लिप डिस्क, दिल की बीमारी सहित कई गंभीर बीमारियां बताई थी। इसका हवाला देकर अब तक पंजाब सरकार की ओर से यूपी पुलिस को नौ बार बैरंग लौटाया जा चुका है। 

02:37 PM, 06-Apr-2021

वाया बनूड़ निकल रहा काफिला

पुलिस के अनुसार, मुख्तार अंसारी को वाया बनूड़ यूपी ले जाया जा रहा है। 

 

02:08 PM, 06-Apr-2021

अंसारी यूपी पुलिस के हवाले

मुख्तार अंसारी को एंबुलेंस में बिठा दिया गया है। अंतिम समय में गेट बदला, 2 नंबर से बाहर निकाला गया। इसके बाद अंसारी की बांदा यात्रा शुरू हो गई।

02:07 PM, 06-Apr-2021

अंतिम समय में बदली जगह

अंतिम समय में मुख्तार को बाहर निकालने की जगह बदल दी गई।

02:06 PM, 06-Apr-2021

यूपी पुलिस के वाहनों की फोटो ले रही पंजाब पुलिस

कागजी कार्रवाई अंतिम दौर में है। पंजाब पुलिस के कर्मचारी यूपी पुलिस के वाहनों की तस्वीरें ले रही हैं। 

02:03 PM, 06-Apr-2021

कागजी कार्रवाई में लग रहा समय

दो घंटे से यूपी पुलिस जेल परिसर के अंदर है। कागजी कार्रवाई में समय लगने से अंसारी की शिफ्टिंग में समय लग रहा है। सूत्रों के अनुसार, अब कागजी कार्रवाई अंतिम दौर में है।

01:46 PM, 06-Apr-2021

रोपड़ से बांदा तक अलर्ट 

पंजाब पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि मुख्तार अंसारी की यूपी वापसी के तहत रोपड़ से बांदा तक के रास्ते में आने वाले सभी जिलों को अलर्ट कर दिया गया है।

01:42 PM, 06-Apr-2021

सिर्फ पंजाब की सीमा तक साथ रहेगी पंजाब पुलिस

वहीं मुख्तार अंसारी को यूपी पुलिस की टीम ही यूपी लेकर जाएगी। पंजाब पुलिस का कोई जवान साथ में यूपी नहीं जाएगा। पंजाब पुलिस के जवान सिर्फ पंजाब की सीमा में ही मुख्तार की सुरक्षा में रहेंगे। 

01:31 PM, 06-Apr-2021

पीएसी की प्लाटून भी काफिले में शामिल

यूपी के बांदा से पहुंचने वाली टीम में एक डीएसपी, दो इंस्पेक्टर, छह एएसआई, 20 हेड कांस्टेबल, 30 कांस्टेबल, पीएसी की एक प्लाटून, जीपीएस से लैस वज्र वाहन, 10 पुलिस वाहन, डॉक्टर और एंबुलेंस शामिल है। 

01:23 PM, 06-Apr-2021

आधुनिक हथियारों से लैस हैं यूपी पुलिस के सभी जवान

अंसारी को रोपड़ से बांदा जेल ले जाने के लिए यूपी से लगभग 100 पुलिसकर्मियों की टीम पंजाब आई है। सभी जवान आधुनिक हथियारों और बुलेटप्रूफ जैकेट से लैस हैं। 

01:16 PM, 06-Apr-2021

एसएसपी रोपड़ जेल पहुंचे 

एसएसपी रोपड़ अखिल चौधरी रोपड़ जेल पहुंच गए हैं। वे अंसारी की शिफ्टिंग से पहले सुरक्षा का जायजा ले रहे हैं। पुलिस कर्मियों से बात करके वे मौके से रवाना हो गए। 

Related posts