Maharashtra: मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे रात 8:30 बजे करेंगे जनता को संबोधित, Lockdown को लेकर कर सकते हैं बड़ा ऐलान – दैनिक जागरण

मुंबई, एएनआइ। महाराष्ट्र (Maharashtra) में  कोरोना संक्रमण (Coronavirus) के हालात दिन पर दिन बदतर होते जा रहे हैं, मामले कम होने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। मुंबई के मेयर किशोरी पेडनेकर ने बताया कि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आज शुक्रवार रात 8:30 बजे राज्य के लोगों को संबोधित करेंगे। सरकार राज्‍य में मौजूदा स्थिति को देखते हुए लॉकडाउन (Lockdown) का ऐलान कर सकती है। बता दें कि बीते कई दिनों से राज्‍य के कई जिलों में नाइट कर्फ्यू (Night Curfew) और आंशिक प्रतिबंध लागू किया जा चुका है लेकिन कोरोना के मामले थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। 

 

 कोरोना का कहर: 43183 नए मामले

महाराष्ट्र में वीरवार को कोरोना संक्रमण के  43183 नए मामले सामने आए हैं और  32,641 मरीजों को ठीक होने पर अस्‍पताल से घर भेजा गया। 249 संक्रमितों की इस महामारी के कारण जान चली गई। राज्‍य में अब तक कोरोना संक्रमण के कुल  28,56,163 मामले सामने आ चुके हैं जिसमें से   3,66,533  मरीज सक्रिय बताये गए हैं। अब तक कुल  24,33,368 मरीज स्‍वस्‍थ हो चुके हैं। वहीं बीते 24 घंटे में  मुंबई में  8,646 नए मामलों की पुष्टि हुई है और  5,031 लोगों को अस्‍पताल से घर भेजा जा चुका है। वीरवार को मुंबई में इस महामारी के कारण 18 लोगों की मौत दर्ज की गई है। 

पुणे में स्थिति विस्‍फोटक

पूरे देश के कोरोना संक्रमण के आंकड़ों पर नजर डाली जाये तो महाराष्ट्र के पुणे शहर में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित हैं। यहां दिनों दिन स्थिति विस्‍फोटक होती जा रही है। प्रदेश में अब तक कुल  62,45,860 लोगों को कोरोना वायरस से बचाव के लिए वैक्‍सीन की खुराक दी जा चुकी है। बुधवार को  राज्‍य में  कुल  2,16,211 लोगों को वैक्‍सीन की खुराक दी गई। अब तक यहां 10,00,918 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्‍सीन की पहली खुराक और  4,79,298 स्वास्थ्यकर्मियों  वैक्‍सीन की दूसरी खुराक दी जा चुकी है। इसी तरह 8,78,535 फ्रंट लाइन वर्कर को पहली और 2,64,659 को दूसरी खुराक दी गई है। 

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप

Related posts