अमेरिका में मौत का आंकड़ा 3.5 लाख के पार; इजराइल में 50 हजार एक्टिव केस, यह अक्टूबर के बाद सबसे ज्यादा

दुनिया में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 8.49 करोड़ के ज्यादा हो गया। 6 करोड़ 01 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 18 लाख 42 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। ये आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं।

अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 3.5 लाख के पार हो गई है। यहां अब तक 3 लाख 58 हजार 830 लोगों की जान जा चुकी है। एक्सपर्ट्स ने यहां कोरोना वायरस की एक और लहर की आशंका जताई है। इसकी वजह क्रिसमस और नए साल की छुट्टी के दौरान हुए प्रोग्राम में जुटी भीड़ को माना जा रहा है। देश में दो करोड़ से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं।

वहीं, इजरायल में कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 50 हजार 299 हो गई है। यह 12 अक्टूबर 2020 के बाद सबसे ज्यादा है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, 15 नवंबर के बाद से यहां मरीजों की संख्या में 559% उछाल आया है। तब सात हजार 629 एक्टिव मामले दर्ज किए गए थे।

इजरायल में महिला को कोरोना वैक्सीन लगाती हेल्थकेयर वर्कर।

लोगों से ब्लड डोनेशन की अपील
अमेरिका में संक्रमण से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कैलिफोर्निया के अस्पतालों में बेड्स की कमी पहले ही हो चुकी थी। अब यहां गंभीर मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। यही वजह है कि लोगों से ब्लड डोनेशन की अपील की गई है।

हेल्थ डिपार्टमेंट की अपील
कैलिफोर्निया के हेल्थ डिपार्टमेंट ने शनिवार को एक अपील जारी की। इसमें लोगों से ब्लड डोनेशन यानी रक्तदान की अपील की गई है। बयान में कहा गया- हमारा राज्य कोविड-19 के बढ़ते संक्रमण से जूझ रहा है। यह बेहद मुश्किल वक्त है। हमारे ब्लड सेंटर्स को ब्लड यूनिट्स की सख्त जरूरत है। कृपया, हर ब्लड ग्रुप के लोग डोनेशन के लिए आगे आएं। इस महामारी का मुकाबला करना है तो सबको साथ आना होगा। हमें अपने लोगों की जान बचानी है।

CNN के मुताबिक, शनिवार को अकेले कैलिफोर्निया में 585 संक्रमितों की मौत हुई। यह एक दिन में यहां हुई मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है। हालात कितने खराब हो रहे हैं इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि हेल्थ केयर वर्कर्स के अलावा, नेशनल गार्ड और अमेरिकी आर्मी की हेल्थ यूनिट को भी तैनात कर दिया गया है। पेशेंट्स को शिफ्ट करने के लिए एयरफोर्स की मदद ली जा रही है।

न्यू इयर सेलिब्रेशन भारी पड़ा
अमेरिका में न्यू इयर सेलिब्रेशन भी भारी पड़ा। यहां शनिवार को हेल्थ डिपार्टमेंट ने एक बयान जारी किया। इसमें बताया गया कि कुल एक लाख 60 हजार मामले न्यू इयर के अगले दिन यानी 2 जनवरी को सामने आए।

डेलावेयर में लाेग मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग को फॉलो करते नजर आए।

ह्यूस्टन में पहली पब्लिक कोरोना वैक्सीनेशन साइट खुली
अमेरिका के ह्यूस्टन में हेल्थ डिपार्टमेंट ने पहली पब्लिक कोरोना वैक्सीन साइट शुरू कर दी है। न्यूज एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, ह्यूस्टन के मेयर सिल्वेस्टर टर्नर ने शनिवार को बताया कि लोगों को बीमार होने और गंभीर हालात से बचाने के लिए वैक्सीन सबसे अच्छा तरीका है। हम फ्रंटलाइन वर्कर्स और दूसरे प्रायरिटी वाले ग्रुप्स को वैक्सीन लगाने के लिए काम कर रहे हैं। इस पर हमें लोगों की ओर से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

टोक्यो में संकट
CNN की एक रिपोर्ट के मुताबिक, जापान की राजधानी में संक्रमण और गंभीर मामले बढ़ते जा रहे हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री ने शनिवार रात ब्रीफिंग में कहा- टोक्यो में संक्रमण अब फिर तेजी से बढ़ रहा है। यहां के अस्पतालों में कुल 716 मरीज ऐसे हैं, जिनकी हालत बेहद गंभीर है। सर्दियों में हालात और मुश्किल हो सकते हैं। शनिवार को यहां एक ही दिन में 54 लोगों की मौत हुई।

टोक्यो की गवर्नर ने शहर में इमरजेंसी लगाने की मांग की है। गवर्नर यूरिको कोइकी ने कहा- हमें यह तय करना होगा कि यह संक्रमण तेजी से न फैले। इसके लिए अगर सख्त उपाय करने पड़ें तो यह जरूर करें।

थाईलैंड में ब्रिटेन के नए स्ट्रेन का मरीज मिला
कोरोना का नया स्ट्रेन थाईलैंड में भी पहुंच गया है। यहां रविवार को पहला मामला सामने आया। लोकल मीडिया के मुताबिक, ब्रिटेन के एक परिवार में इसकी पुष्टि हुई है। परिवार के चारों मेंबर प्राइवेट हॉस्पिटल में क्वारैंटाइन थे।

वैक्सीन के साइड इफेक्ट्स
अमेरिकी कंपनी फाइजर की कोरोना वैक्सीन का पांच लोगों में गंभीर साइड इफेक्ट देखने को मिले हैं। फिनलैंड की मेडिसिन एजेंसी को यह शिकायत मिली है। दो दिन पहले ही फाइजर को वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने पूरी दुनिया में इमरजेंसी यूज के लिए अप्रूव किया था।

फिनिश YLE ब्रॉडकास्टर की खबर के मुताबिक, 27 दिसंबर से यूरोपीय देशों में मास वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरूआत हुई थी। यूरोप ने फाइजर को इमरजेंसी यूज के लिए मंजूरी दे दी थी। फिनलैंड की चीफ फिजिशियन मैया कौकोनें ने बताया कि अब तक पांच लोगों ने साइड इफेक्ट की शिकायत की है। इनकी डिटेल्स कॉन्फिडेंशियल है, इसलिए सार्वजनिक नहीं की जा सकती।

हालांकि, जल्द ही हम रिएक्शन के बारे में जानकारी अपनी वेबसाइट पर अपलोड कर देंगे। उन्होंने बताया कि रिएक्शन के मामले अभी और भी बढ़ सकते हैं।

कोरोना प्रभावित टॉप-10 देशों में हालात

देश

संक्रमित मौतें ठीक हुए
अमेरिका 20,904,701 358,682 12,361,387
भारत 10,324,631 149,471 9,926,527
ब्राजील 7,716,405 195,742 6,769,420
रूस 3,212,637 58,002 2,599,035
फ्रांस 2,639,773 64,765 194,221
यूके 2,488,780 73,512 N/A
तुर्की 2,208,652 20,881 2,100,650
इटली 2,107,166 74,159 1,463,111
स्पेन 1,921,115 50,689 N/A
जर्मनी 1,735,819 33,917 1,328,200

(आंकड़े www.worldometers.info/coronavirus के मुताबिक हैं)

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Pandemic Country Wise Cases LIVE Update; USA Pakistan China Brazil Russia France Spain Recovery Rate Covid 19 Cases

Source: DainikBhaskar.com

Related posts