नए कोरोना स्ट्रेन पर भारत: केंद्र ने कहा- ब्रिटेन में मिले नए म्यूटेशन का देश में कोई केस नहीं, इससे वैक्सी… – दैनिक भास्कर

  • Hindi News
  • National
  • Coronavirus Mutant In United Kingdom; Indian Government On Covid 19 Strain And Vaccines | Is This Coronavirus Strain More Dangerous?

Ads से है परेशान? बिना Ads खबरों के लिए इनस्टॉल करें दैनिक भास्कर ऐप

नई दिल्ली43 मिनट पहले

ब्रिटेन में कोरोनावायरस का नया वेरिएंट मिलने के बाद एहतियात बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट पर ब्रिटेन से आने वाली फ्लाइटों के यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

केंद्र सरकार ने मंगलवार को कहा कि ब्रिटेन में मिले कोरोना के नए स्ट्रेन का फिलहाल देश में कोई केस नहीं है। नीति आयोग के डॉ. वीके पॉल ने बताया कि कोरोना का नया स्ट्रेन काफी तेजी फैलता है। इस म्यूटेशन से मामलों की गंभीरता और फैटेलिटी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।

देश में बन रही वैक्सीन को लेकर उन्होंने कहा कि अभी तक हमारे देश दूसरे देशों में बन रही वैक्सीन की क्षमता पर इसका कोई प्रभाव नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना के नए स्ट्रेन को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। इससे दहशत में आने की भी कोई जरूरत नहीं है। अभी के लिए हमें सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा सबूतों के आधार पर बच्चों में वैक्सीनेशन को लेकर विचार करने का फिलहाल कोई कारण नहीं है।

देश में अब 3% से भी कम एक्टिव केस
हेल्थ मिनिस्ट्री के सेक्रेटरी राजेश भूषण ने बताया कि करीब साढ़े 5 महीने बाद देश में 3 लाख से कम एक्टिव केस मिले हैं। मौजूदा समय में देश में कुल केसों के सिर्फ 3% ही एक्टिव केस हैं। पिछले 7 हफ्तों रोजाना आने वाले कोरोना के औसत मामलों में भी कमी दर्ज की गई है।
उन्होंने बताया कि भारत के 26 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 10 हजार से कम एक्टिव केस बचे हैं।

रिकवरी रेट 95% से भी ज्यादा
उन्होंने बताया कि देश में रिकवरी रिकवरी रेट 95% से भी ज्यादा है। देश में अब तक 1 करोड़ 75 हजार 422 केस आ चुके हैं। इनमें से 96.35 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1.46 लाख की मौत हो चुकी है। अब कुल 2.90 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है।

पिछले 24 घंटे में 6 राज्यों में मिले 57% केस
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में मिले कोरोना के नए मामलों में से 57% केस सिर्फ 6 राज्यों में मिले हैं। इन राज्यों में मध्यप्रदेश, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और केरल शामिल हैं।

पिछले 24 घंटे में 61% मौतें भी 6 राज्यों में
भूषण ने बताया कि पिछले 24 घंटे में कोरोना की वजह से हुई मौतों में 61% मौतें भी 6 राज्यों में दर्ज की गईं हैं। इनमें उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, केरल, पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र में रिकॉर्ड की गई।

10 लाख जनसंख्या पर सिर्फ 124 केस
उन्होंने बताया कि 10 लाख की आबादी में देश में सिर्फ 124 मामले सामने आ रहे हैं। यह आंकड़ा दुनिया में 588 है। वहीं, मौतों की बात करें तो देश में 10 लाख की आबादी पर कोरोना की वजह से 2 लोगों की मौत हुई हैं। दुनिया में यह आंकड़ा 10 के करीब है।

वायरस का नया रूप पहले से 70% ज्यादा खतरनाक हो सकता है
वायरस में लगातार म्यूटेशन होता रहता है, यानी इसके गुण बदलते रहते हैं। म्यूटेशन होने से ज्यादातर वेरिएंट खुद ही खत्म हो जाते हैं, लेकिन कभी-कभी यह पहले से कई गुना ज्यादा मजबूत और खतरनाक हो जाता है। यह प्रोसेस इतनी तेजी से होती है कि वैज्ञानिक एक रूप को समझ भी नहीं पाते और दूसरा नया रूप सामने आ जाता है। वैज्ञानिकों को अनुमान है कि कोरोनावायरस को जो नया रूप ब्रिटेन में मिला है वह पहले से 70% ज्यादा खतरनाक हो सकता है।

Related posts