देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 98 लाख के पार हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर 28 हजार 996 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसी के साथ संक्रमितों का आंकड़ा अब 98 लाख 26 हजार 31 हो गया है। इनमें 3 लाख 59 हजार 658 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 93 लाख 21 हजार 249 लोग ठीक हो चुके हैं। 1 लाख 42 हजार 618 लोगों की मौत हो चुकी है।
महाराष्ट्र, गोवा, चंडीगढ़ और नगालैंड में कोरोना मरीजों के मिलने की दर 10% से ज्यादा है। महाराष्ट्र में 16.2% की रफ्तार से नए केस बढ़ रहे हैं, जबकि गोवा में 13.4%, चंडीगढ़ में 11.7% और नगालैंड में 10% पॉजिटिविटी रेट है। ओवरऑल 22 राज्य ऐसे हैं, जहां अभी 5% से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है।

कोरोना अपडेट्स
-
पंजाब में किसानों के बढ़ते प्रदर्शन के बीच चिंताजनक खबर सामने आई है। दूसरे सीरो सर्वे की रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 24.19% लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। ये सर्वे 12 जिलों में हुआ था। खराब हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नाइट कर्फ्यू को 1 जनवरी तक बढ़ाने का आदेश दे दिया। तब तक राज्य में बड़े जमावड़े भी नहीं हो सकेंगे। पुलिस को निगरानी रखने का आदेश दिया गया है।
-
महाराष्ट्र में लोगों की बड़ी लापरवाही देखने को मिली है। यहां मुंबई के एक नाइट क्लब में 1 हजार से ज्यादा लोगों को पार्टी करते हुए पुलिस ने पकड़ा है। सभी बगैर मास्क के थे। पुलिस ने नाइट क्लब संचालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। बाकी लोगों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। BMC के कमिश्नर इकबाल सिंह चहल ने कहा कि लोगों को गाइडलाइन का पालन करने के लिए कहा गया है। हम हालात का जायजा ले रहे हैं। 20 दिसंबर तक अगर इसमें सुधार नहीं देखा गया तो नाइट कर्फ्यू पर विचार करना पड़ेगा।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने पुणे की जेनोवा कंपनी को ह्यूमन ट्रायल की मंजूरी दे दी है। ये देश की पहली वैक्सीन मैसेंजर-RNA यानी mRNA टेक्नोलॉजी पर डेवलप की गई हैं। इस तरह के वैक्सीन मैसेंजर RNA का इस्तेमाल करते हैं, जो शरीर को बताते हैं कि किस तरह का प्रोटीन बनाना है। जेनोवा से पहले फाइजर और मॉडर्ना ने ह्यूमन ट्रायल्स पूरे कर लिए हैं। मॉडर्ना की वैक्सीन 94.5% तक इफेक्टिव है, जबकि फाइजर की वैक्सीन 90% इफेक्टिव। यह दोनों भी वैक्सीन मैसेंजर-RNA यानी mRNA बेस्ड टेक्नोलॉजी पर डेवलप की गई हैं।
- भारत और नेपाल गुरुवार को दिल्ली और काठमांडू के बीच दोबारा उड़ानें शुरू करने पर राजी हो गए। ये उड़ानें एयर बबल मैकेनिज्म के तहत शुरू होंगी। नेपाल में इंडियन एम्बेसी ने यह जानकारी दी। साथ ही कहा कि शेड्यूल और टिकटिंग के लिए वेबसाइट चेक करें।
- जुलाई के बाद से भारत ने अमेरिका, ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी समेत 20 से ज्यादा देशों के साथ ऐसे एयर बबल तैयार किए हैं। इससे पहले कोरोना के कारण अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को सस्पेंड कर दिया गया था।
- हरियाणा में अगले हफ्ते से सीनियर स्कूलों में क्लास लगना शुरू हो जाएंगी। प्रदेश सरकार ने गुरुवार को यह जानकारी दी। स्टूडेंट्स को क्लास में आने से पहले कोरोना की नेगेटिव रिपोर्ट देनी होगी। यह रिपोर्ट 72 घंटे से पुरानी नहीं होनी चाहिए।
- मेघालय के मुख्यमंत्री कोर्नाड संगमा कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर ये जानकारी दी। कोर्नाड ने लिखा, ‘मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल होम आइसोलेशन में हूं और मुझे हल्के लक्षण हैं। पिछले पांच दिनों में मैं जिन लोगों के संपर्क में आया हूं उन सभी से अनुरोध है कि वे अपनी सेहत पर नजर रखें और जरूरी हो तो टेस्ट करवा लें। सुरक्षित रहें।’
दिल्ली में मरीजों की संख्या में बड़ी गिरावट
दिल्ली में कोरोना के नए केस और इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में बड़ी गिरावट आई है। गुरुवार को यहां सिर्फ 1575 मरीज मिले, जबकि 3307 ठीक हो गए। 61 संक्रमितों की मौत हो गई। इसके साथ ही इलाज करा रहे मरीजों की संख्या (एक्टिव केस) में 1793 की कमी आई। यहां अब कुल 18 हजार 753 एक्टिव केस हैं। पिछले महीने यह आंकड़ा 44 हजार 456 के साथ तीसरे पीक पर था।
देश में भी कोरोना के नए और एक्टिव केस हर दिन कम हो रहे हैं। गुरुवार को सिर्फ 29 हजार 338 मरीज मिले। यह लगातार 5वां दिन था जब 35 हजार से कम केस आए। इसके साथ ही 37 हजार 595 मरीज ठीक हो गए, 411 की मौत हुई। इससे एक्टिव केस घटकर 3.62 हजार हो गए। ठीक एक महीने पहले 10 नवंबर को 4.89 लाख एक्टिव केस थे।
देश में अब तक 97.97 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 92.90 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं, 1.42 लाख की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

वैक्सीनेशन की तैयारियां तेज
- देश में कोरोना वैक्सीनेशन प्रायरिटी ग्रुप की लिस्ट तैयार करने से लेकर कोल्ड स्टोरेज यूनिट तक युद्ध स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली सरकार ने करीब 2 लाख सरकारी और प्राइवेट हेल्थ वर्कर्स की लिस्ट बना ली है, जिन्हें पहले फेज में कोरोना वैक्सीन दी जानी है।
- मुंबई में करीब 1 लाख 25 हजार हेल्थ वर्कर्स को वैक्सीन देने का टारगेट है। बृहन्नमुंबई म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) ने वैक्सीनेशन के लिए 10 लोगों की टास्क फोर्स बनाई है। करीब 3000 लोगों को वैक्सीन के ट्रांसपोर्टेशन की ट्रेनिंग दी जा रही है।
- यूनियन होम सेक्रेटरी अजय भल्ला ने गुरुवार को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के DsGP और पुलिस रिप्रजेंटेटिव, होम गार्ड्स के DsGP, सिविल डिफेंस और फायर सर्विसेज के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें कोरोना के वैक्सीनेशन के लिए फ्रंटलाइन वर्कर्स की जानकारी ली गई। दूसरी ओर, हेल्थ मिनिस्टर डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि कोरोना की वैक्सीन के लिए रेगुलेटरी नॉर्म्स से समझौता नहीं किया जाएगा।
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के अंदर 2385 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। 2402 लोग रिकवर हुए और 60 की मौत हो गई। अब तक 6 लाख 3 हजार 535 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 18 हजार 676 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 5 लाख 74 हजार 925 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 9934 हो गई है।

2. मध्यप्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 1222 लोग संक्रमित पाए गए। 1347 लोग रिकवर हुए और 9 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 21 हजार 115 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13 हजार 92 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 4 हजार 641 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3382 हो गई है।

3. गुजरात
पिछले 24 घंटे में राज्य के 1223 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1403 लोग रिकवर हुए और 13 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 25 हजार 304 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 13 हजार 527 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 7 हजार 629 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 4148 हो गई है।

4. राजस्थान
राज्य में शुक्रवार को 1473 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2768 लोग रिकवर हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक संक्रमण की चपेट में 2 लाख 88 हजार 692 लोग आ चुके हैं। इनमें 17 हजार 721 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 68 हजार 457 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2514 हो गई है।

5. महाराष्ट्र
राज्य में शुक्रवार को 4268 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2774 लोग रिकवर हुए और 87 की मौत हो गई। अब तक 18 लाख 72 हजार 440 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 73 हजार 315 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 17 लाख 49 हजार 973 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 48 हजार 59 हो गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Source: DainikBhaskar.com