मरीजों का आंकड़ा 95 लाख के पार; अप्रूवल के बाद पंजाब में सीएम अमरिंदर लेंगे वैक्सीन का पहला डोज

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 95 लाख के पार हो गया है। अब तक 95 लाख 4 हजार 803 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 4 लाख 26 हजार 207 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 89 लाख 38 हजार 116 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 1 लाख 38 हजार 251 हो गई है।

आंकड़ों पर नजर डालें तो अब हर 10 लाख की आबादी में 1.02 लाख लोगों की जांच हो रही है। इनमें करीब 7 हजार (6,856) संक्रमित पाए जा रहे हैं। इतनी ही आबादी में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या भी बढ़कर अब 100 हो गई है। दो दिन पहले यह 98 थी।

पंजाब में पहला डोज सीएम अमरिंदर सिंह लेंगे

इस बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ऐलान किया है कि वैक्सीन उपलब्ध होने के बाद पंजाब में सबसे पहला डोज वह खुद लेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) से वैक्सीन अप्रूवल होने के बाद जब पंजाब में वैक्सीन आएगी तो वह इसका पहला डोज लेंगे।

पिछले 5 दिन से एक्टिव केस घट रहे

देश में कोरोना के आंकड़े बीते पांच दिनों से कुछ राहत देने वाले हैं। हर दिन एक्टिव केस में कमी आ रही है। बीते तीन दिनों से नए केस भी 40 हजार से कम आ रहे हैं। मंगलवार को कुल 36 हजार 456 मरीज मिले, 43 हजार 203 ठीक हुए और 500 की मौत हुई। एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या घटकर 4.26 लाख हो गई है। यह पीक के बाद सबसे कम है। 17 सितंबर को देश में सबसे ज्यादा 10.17 लाख एक्टिव केस थे। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

ओडिशा में अब 400 रुपए में टेस्ट

ओडिशा सरकार ने प्राइवेट लैब्स में RT-PCR टेस्ट की दर 1200 से घटाकर 400 कर दी है। राज्य सरकार ने इसके लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। सरकार के मुताबिक, जुलाई में टेस्ट की दर 2200 रुपए थी, जो अगस्त में घटाकर 1200 रुपए की गई थी।

कोरोना अपडेट्स

  • कोवैक्सीन के तीसरे फेज का ट्रायल बुधवार से पश्चिम बंगाल में शुरू हो गया। कोलकाता में इसका पहला डोज राज्य के मंत्री फरहद हकीम ने ली।
  • बॉलीवुड एक्टर सनी देओल कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्हें क्वारैंटाइन किया गया है। हिमाचल प्रदेश के हेल्थ सेक्रेटरी अमिताभ अवस्थी ने मंगलवार देर रात यह जानकारी दी। सनी की तबीयत अभी ठीक बताई जा रही है। वे यहां कुल्लू में छुट्टियां मनाने आए हैं। 3 दिसंबर को उन्हें मुंबई लौटना था। इसलिए उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट कराया था।
  • गुजरात में मास्क नहीं पहनने वालों को कोरोना सेंटर में 5-6 घंटे सेवा करनी पड़ेगी। इस सेवा के दिन 5 से 15 तक हो सकते हैं। ये दिन बिना मास्क पकड़े जाने वाले लोगों की उम्र और मेडिकल हिस्ट्री को देखते हुए तय किए जाएंगे। गुजरात में कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के बीच भी कई लोग मास्क नहीं पहन रहे हैं। ऐसे लोगों से कोरोना सेंटर में सेवा करवाने की अर्जी पर हाईकोर्ट ने बुधवार को फैसला दिया और सरकार से नोटिफिकेशन जारी करने को कहा। -पढ़ें पूरी खबर

मध्यप्रदेश में कोरोना से 71 मौतें, सरकारी ऑडिट में बीमारी बदल गई
प्रदेश में कोरोना से अब तक 2 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं। नेशनल हेल्थ पोर्टल की डेथ ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, 3408 कोरोना मरीजों की मौत हुई है। इनमें 3272 की मौत कोरोना से और 71 मरीजों की मौत दूसरी बीमारियों से होना बताया गया है। साथ ही 65 मरीजों की मौत के कारण डेथ ऑडिट के बाद भी पता नहीं किया जा सके हैं। यह खुलासा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के नेशनल हेल्थ पोर्टल पर अपलोड की गई डेथ ऑडिट रिपोर्ट में हुआ है। -पढ़ें पूरी खबर

5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

राजधानी दिल्ली में मंगलवार को 4006 नए मरीज मिले। 5036 लोग ठीक होकर अस्पतालों से अपने घर गए और 86 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 5 लाख 74 हजार 380 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 31 हजार 769 मरीजों का इलाज चल रहा है। 5 लाख 33 हजार 351 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 9260 हो गई है।

2. मध्यप्रदेश

राज्य में मंगलवार को 1357 लोग संक्रमित मिले। 1683 लोग रिकवर हुए और 10 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 7 हजार 485 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 89 हजार 780 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3270 मरीजों की मौत हो चुकी है। 14 हजार 453 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

3. गुजरात

मंगलवार को राज्य में 2477 लोग संक्रमित पाए गए। 1547 लोग रिकवर हुए और 15 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 11 हजार 257 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 हजार 785 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 92 हजार 468 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 4004 हो गई है।

4. राजस्थान

राज्य में मंगलवार को 2347 नए मरीज मिले। 3007 लोग रिकवर हुए और 19 की जान चली गई। अब तक 2 लाख 70 हजार 410 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 27 हजार 974 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 40 हजार 105 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 2331 हो गई है।

5. महाराष्ट्र

मंगलवार को राज्य में 4930 नए मरीज मिले। 6290 लोग रिकवर हुए और 95 की मौत हो गई। अब तक 18 लाख 28 हजार 826 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 89 हजार 98 मरीजों का इलाज चल रहा है। 16 लाख 91 हजार 412 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 47 हजार 246 हो गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News

Source: DainikBhaskar.com

Related posts