काशी में मोदी ने किया बाबा विश्वनाथ का अभिषेक, क्रूज से राजघाट पहुंचे और दीप जलाया

कार्तिक पूर्णिमा पर प्रधानमंत्री मोदी सोमवार दोपहर वाराणसी पहुंचे हैं। यहां 6 लेन हाईवे का लोकार्पण करने के बाद उन्होंने खजुरी में जनसभा की। इसके बाद मोदी बाबा विश्वनाथ के मंदिर पहुंचे। उन्होंने यहां बाबा विश्वनाथ का अभिषेक किया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी वाराणसी दौरे पर उनके साथ हैं। क्रूज से मोदी राजघाट पहुंचे और दीप जलाया।

विश्वनाथ मंदिर पर पूजा के बाद अलकनंदा क्रूज पर नरेंद्र मोदी।

बाबा विश्वनाथ के मंदिर पहुंचने के लिए मोदी ने क्रूज की सवारी की। भगवान अवधूत राम घाट से मोदी और योगी अलकनंदा क्रूज से ललिता घाट पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास कार्यों का जायजा लिया।

वाराणसी में प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वनाथ कॉरीडोर में जारी निर्माण कार्यों का जायजा लिया।

विश्वनाथ मंदिर से मोदी क्रूज के जरिए ही राजघाट पहुंचेंगे। यहां वे दीया जलाकर देव दीपावली की शुरुआत करेंगे। यहीं पावन पथ वेबसाइट का लोकार्पण भी होगा। राजघाट से मोदी क्रूज से रविदास घाट के लिए रवाना होंगे। चेत सिंह घाट पर 10 मिनट का लेजर शो देखेंगे।

अलकनंदा क्रूज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से चर्चा करते प्रधानमंत्री मोदी।

शाम को सारनाथ जाएंगे मोदी

शाम को मोदी भगवान बुद्ध की तपोस्थली सारनाथ के लिए रवाना होंगे। यहां वे लाइट एंड साउंड शो देखेंगे और इसके बाद बाबतपुर एयरपोर्ट से दिल्ली वापस लौट जाएंगे। PM मोदी करीब सात घंटे काशी में रहेंगे।

काशी में PM का 23वां दौरा

बतौर PM संसदीय क्षेत्र में उनका यह 23वां दौरा है, जबकि दूसरे कार्यकाल में वे तीसरी बार यहां पहुंचे। आखिरी बार वे 16 फरवरी को काशी आए थे। PM मोदी पहली बार देव दीपावली (कार्तिक पूर्णिमा) पर आ रहे हैं। वहीं, पहली बार वे गंगा मार्ग से काशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। विश्वनाथ कॉरिडोर के विकास कार्यों को जायजा लेते हुए वे बाबा विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे और वहां पूजा-अर्चना करेंगे।

वाराणसी में गंगा नदी में फाउंटेन लगाया गया है।

21 बटुक और 42 कन्याएं कराएंगी आरती
इस दौरान 16 घाटों पर उनसे जुड़ी कथा की बालू से कलाकृतियां बनाई गई हैं। जैन घाट के सामने भगवान जैन की आकृति, तुलसी घाट के सामने विश्व प्रसिद्ध नाग नथैया के कालिया नाग की आकृति और ललिता घाट के सामने मां अन्नपूर्णा देवी की आकृति भी बनाई गई है। देव दीपावली पर प्रधानमंत्री खुद भी दीपदान करेंगे। दशाश्वमेध घाट पर महाआरती के दौरान 21 बटुक और 42 कन्याएं आरती में शामिल होंगी। सुरक्षा के लिहाज से एक दिसंबर तक काशी में ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

काशी के घाट पर बालू से बनी कलाकृतियों को निहारते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

पिछली बार से डेढ़ गुना ज्यादा जलेंगे दीप
देव दीपावली पर काशी के सभी 84 घाट दीपकों से रोशन होते हैं। हर साल लाखों लोग इस अद्भुत नजारे को देखने के लिए पहुंचते हैं। लेकिन कोरोना संकट के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या सीमित कर दी गई है। हर एक शख्स के लिए मास्क अनिवार्य है। पिछले साल यहां 10 लाख दीये जलाए गए थे। लेकिन इस बार दीपों की संख्या में 5 लाख की बढ़ोत्तरी कर दी गई है। 20-25 घाटों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।

देव दीपावली की चल रही तैयारी।

देव दीपावली की अहमियत

मान्यता है कि देव दीपावली के दिन सभी देवता बनारस के घाटों पर आते हैं। कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नाम के राक्षस का वध किया था। त्रिपुरासुर के वध के बाद सभी देवी-देवताओं ने मिलकर खुशी मनाई थी। काशी में देव दीपावली का अद्भुत संयोग माना जाता है। इस दिन दीपदान करने का पुण्य फलदायी और विशेष महत्व वाला होता है। मान्‍यता है कि भगवान भोलेनाथ ने खुद धरती पर आकर तीन लोक से न्यारी काशी में देवताओं के साथ गंगा घाट पर दिवाली मनाई थी। इसलिए इस देव दीपावली का धार्मिक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

वाराणसी में बाबा विश्वनाथ की पूजा-अर्चना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts