मुंबई हवाई अड्डे पर बना स्पेशल जोन; दिल्ली, गोवा, गुजरात, राजस्थान से आने वाले यात्रियों का होगा कोरोना टेस्ट

देश के कई राज्यों में कोरोना के कहर को देखते हुए मुंबई हवाई अड्डे पर स्पेशल जोन बनाया गया है। डेडिकेटेड जोन में दिल्ली, गोवा, गुजरात और राजस्थान से आने वाले पैसेंजर को अटेंड किया जाएगा। सभी पैसेंजर को एयरपोर्ट पर ही RT-PCR टेस्ट कराना होगा। छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (MIAL) की तरफ से यह जानकारी दी गई।

इधर, दिल्ली में कोरोना के सामने इलाज की सुविधाएं बौनी नजर आने लगी हैं। दिल्ली में वेंटिलेटर वाले केवल 250 ICU ही खाली हैं। वहीं, 60 अस्पतालों में मरीजों के लिए जगह नहीं बची है। न्यूज एजेंसी ने दिल्ली सरकार के ऑनलाइन कोरोना डेशबोर्ड के हवाले से यह जानकारी दी। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, दिल्ली के जिन अस्पतालों में जगह नहीं है, उनमें केंट का बेस हॉस्पिटल, उत्तरी रेलवे हॉस्पिटल, सर गंगाराम हॉस्पिटल, बत्रा हॉस्पिटल, VIMHANS और इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल शामिल हैं।

फोटो दिल्ली में DRDO के सरदार पटेल कोविड हॉस्पिटल की है। यहां मरीजों के लिए वेंटिलेटर वाले बेड उपलब्ध हैं।

लगातार घट रहा रिकवरी रेट

देश में फिर एक बार नए केस ज्यादा रहे और इसके मुकाबले ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम रही। इससे एक्टिव केस में बढ़ोतरी हो गई। बीते 24 घंटे में 44 हजार 699 नए केस आए, 36 हजार 582 मरीज ठीक हुए और 518 की मौत हो गई। इस तरह इलाज करा रहे मरीजों की संख्या, यानी एक्टिव केस में 7586 की बढ़ोतरी हो गई। यह 19 अगस्त के बाद सबसे ज्यादा है। तब 8847 मरीज बढ़े थे।

कुल एक्टिव केस का आंकड़ा भी नौ दिन बाद बढ़कर साढ़े चार लाख के पार हो गया है। इससे पहले 16 नवंबर को 4.53 लाख एक्टिव केस थे। यह घटते हुए 23 नवंबर को सबसे कम 4.37 हजार हो गए थे। देश में अब तक कोरोना के 92.66 लाख केस आ चुके हैं। इनमें से 86.77 लाख मरीज ठीक हो चुके हैं और 1.35 लाख की मौत हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

​​​​​​​

इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर रोक 31 दिसंबर तक बढ़ी

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए डायरेक्टर जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने भारत में कमर्शियल इंटरनेशनल फ्लाइट्स की आवाजाही पर रोक 31 दिसंबर तक बढ़ा दी है। हालांकि, इस दौरान वंदे भारत मिशन के तहत जाने वाली खास उड़ानें जारी रहेंगी। इससे पहले DGCA ने इंटरनेशनल फ्लाइट पर रोक 30 नवंबर तक बढ़ाने का आदेश दिया था। शेड्यूल कमर्शियल इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर रोक 8वीं बार बढ़ाई गई है।

मार्च में अंतरराष्ट्रीय और घरेलू दोनों उड़ानें रद्द की गई थीं

23 मार्च से DGCA ने इंटरनेशनल फ्लाइट पर 24 मार्च से घरेलू उड़ानों पर रोक लगा दी थी। घरेलू उड़ानों को 25 मई से सख्त गाइडलाइन के साथ शुरू कर दिया गया था। इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर लगी रोक को पहली बार 14 अप्रैल को बढ़ाया गया था। तब यह रोक 3 मई तक कर दी गई थी। तब से इसे हर महीने बढ़ाया जा रहा है।

20 राज्यों में दूसरी लहर की आहट

देश में अब 20 राज्य ऐसे हैं, जहां एक्टिव मरीजों की संख्या फिर से बढ़नी शुरू हो गई है। इसमें उत्तरप्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल भी शामिल हैं। इन राज्यों में हर दिन ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा नए केस आ रहे हैं। मतलब यहां कोरोना की दूसरी लहर ने आहट दे दी है। अगर यही आलम रहा तो अगले 3-4 दिन में पूरे देश में दूसरी लहर शुरू हो सकती है।

कोरोना अपडेट्स

  • राजधानी दिल्ली में फिलहाल स्कूल बंद ही रहेंगे। स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने गुरुवार को कहा कि जब तक स्कूलों में स्टूडेंट्स की सुरक्षा को लेकर चिंताएं दूर नहीं होतीं, तब तक स्कूल खोलने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
  • इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बुधवार को यूपी में कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। कोर्ट ने राज्य सरकार को सोशल डिस्टेंसिंग और फेस मास्क के नियमों का सख्ती से पालन कराने, साथ ही उन पर ड्रोन से नजर रखने का आदेश दिया।
  • पंजाब के सभी शहरों में 1 दिसंबर से नाइट कर्फ्यू रहेगा। यह कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक लागू रहेगा। इसके अलावा कोरोना से जुड़े नियम तोड़ने पर 1000 रुपए जुर्माना लगाया जाएगा। होटल, रेस्टोरेंट और वेडिंग वेन्यू रात साढ़े नौ बजे तक बंद करने होंगे।
  • लखनऊ में 1 दिसंबर तक धारा-144 लागू कर दी गई है। इस दौरान एकसाथ 4 लोग से ज्यादा एक जगह पर नहीं जुट सकेंगे। प्रशासन ने हिदायत दी है कि नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
  • केंद्र ने बुधवार को कोरोना पर नई गाइडलाइन जारी की। इसमें राज्यों से सख्ती और सावधानी बरतने को कहा गया। राज्यों को हालात के हिसाब से पाबंदियां लागू करने की छूट दी गई है। वे कंटेनमेंट जोन में नाइट कर्फ्यू भी लगा सकते हैं। हालांकि, कंटेनमेंट जोन के बाहर स्थानीय स्तर पर लॉकडाउन लगाने के लिए केंद्र की मंजूरी लेनी होगी। यह गाइडलाइन 1 दिसंबर से लागू होगी।
  • मध्यप्रदेश के सागर में तैनात कोविड-19 मेडिकल ऑफिसर शुभम उपाध्याय की बुधवार को कोरोना से मौत हो गई। वे 26 साल के थे। उन्होंने भोपाल के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में आखिरी सांस ली। वे सागर के सरकारी बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पोस्टेड थे।

MP में कोरोना से 26 साल के डॉक्टर की मौत, पहली पोस्टिंग से ही कोविड वॉर्ड में ड्यूटी कर रहे थे

5 राज्यों का हाल

1. दिल्ली

दिल्ली में एक महीने से भी कम समय में कोरोना से 2 हजार 300 जानें जा चुकी हैं। इधर, केजरीवाल सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय को कोरोना हो गया है। वे कोरोना संक्रमित होने वाले दिल्ली के तीसरे मंत्री हैं। उनसे पहले उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन संक्रमित हो चुके हैं। हालांकि, अब दोनों नेता ठीक हो चुके हैं।

गोपाल राय के ऑफिस से जानकारी दी गई कि उनकी हालत स्थिर है। -फाइल फोटो।

दिल्ली में बुधवार को 99 मरीजों की मौत हुई। अब तक 8720 लोगों की जान गंवा चुके हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर 5246 लोग संक्रमित पाए गए। 5361 लोग रिकवर हुए। अब तक 5 लाख 45 हजार 787 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 38 हजार 287 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 98 हजार 780 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 8720 हो गई है।

2. मध्यप्रदेश

राज्य में बुधवार को 1773 नए मरीज मिले। 996 लोग रिकवर हुए और 14 की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 98 हजार 284 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 13 हजार 742 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 81 हजार 345 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या अब 3197 हो गई है।

3. गुजरात

राज्य में बुधवार को 1540 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1283 मरीजों को ठीक होने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया, जबकि 14 की मौत हो गई। अब तक राज्य में 2 लाख 1 हजार 949 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 14 हजार 187 मरीजों का इलाज चल रहा है। 1 लाख 83 हजार 856 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 3906 हो गई है।

4. महाराष्ट्र

राज्य में बुधवार को 6159 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा बढ़कर अब 17 लाख 95 हजार 959 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर 4844 लोग ठीक हुए और 65 की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 63 हजार 723 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि मरने वालों की संख्या बढ़कर 46 हजार 748 हो गई है।

5. राजस्थान

बुधवार को राज्य में 3285 नए मरीज मिले। 2144 लोग ठीक हुए और 18 की मौत हो गई। इसी के साथ संक्रमितों की संख्या अब 2 लाख 53 हजार 767 हो गई है। इनमें 26 हजार 320 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 25 हजार 229 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर अब 2218 हो गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

मुंबई एयरपोर्ट देश के सबसे बिजी एयरपोर्ट्स में से एक है। यहां आने वाले सभी पैसेंजर की स्क्रीनिंग की जा रही है।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts