3 महीने बाद एक्टिव मरीज 6 लाख से कम हुए, 24 घंटे में 10 हजार मामले घटे; अब तक 80.87 लाख केस

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 80 लाख 87 हजार 428 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 73 लाख 71 हजार 568 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 21 हजार 130 मरीजों की मौत हो चुकी है।

इस बीच, 85 दिन यानी 3 महीने बाद एक्टिव केस (ऐसे मरीज जिनका अभी इलाज चल रहा है) फिर से घटकर 6 लाख से कम हो गए हैं। अब देश में 5 लाख 93 हजार 698 मरीजों का इलाज चल रहा है। ये या तो अस्पताल में भर्ती हैं या फिर होम आइसोलेशन में रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं। इसके पहले 5 अगस्त को देश में 5 लाख 94 हजार एक्टिव केस थे।

दिल्ली समेत 3 राज्यों में फिर बढ़े मरीज

जहां एक तरफ ओवरऑल एक्टिव केस घट रहे हैं, वहीं चिंता की बात है कि 3 राज्यों में कोरोना के मामले एक बार फिर तेज होने लगे हैं। इसमें दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल शामिल प्रमुख रूप से हैं। आंकड़ों पर नजर डालें तो सितंबर के आखिरी हफ्ते से इन राज्यों में कोरोना के केस लगातार घट रहे थे, जो फिर बढ़ने लगे हैं।

केरल में सितंबर आखिरी हफ्ते से 20 अक्टूबर तक 3-5 हजार लोग रोज संक्रमित मिल रहे थे, जो अब बढ़कर 7-9 हजार प्रति दिन हो गए हैं। इसी तरह दिल्ली में 2-4 हजार केस मिल रहे थे, जो अब 3-5 हजार हो गए हैं। पश्चिम बंगाल में 3 से 3.05 हजार केस बढ़ रहे थे और अब 4 से 05 बढ़ने लगे हैं।

कोरोना अपडेट्स

  • आंध्र प्रदेश सरकार ने 2 नवंबर से स्कूल-कॉलेज खोलने का आदेश जारी कर दिया है। चीफ सेक्रेटरी नीलम साहने ने कहा कि सभी स्कूल और कॉलेज प्रशासन को कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करना होगा।
  • दिल्ली में गुरुवार को रिकॉर्ड 5739 नए मामले सामने आए। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा अब बढ़कर 3 लाख 75 हजार 753 हो गया है। इनमें 3 लाख 38 हजार 378 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 30 हजार 952 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 6423 लोग जान गंवा चुके हैं।
  • महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में 30 नवंबर तक लॉकडाउन बढ़ा दिया है। हालांकि इसमें ”मिशन बिगेन अगेन” के तहत मिल रही छूट बरकरार रहेगी।
  • सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका पर केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। याचिका में 10 फार्मा कंपनियों पर सीबीआई की ओर से एफआईआर दर्ज कराने की मांग की गई है। आरोप है कि ये कंपनियां कोरोना का इलाज करने में इस्तेमाल की जा रहीं रेमडेसिवीर और फेवीपिराविर टेबलेट लाइसेंस बगैर बना रही हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने टेस्टिंग बढ़ाने को कहा

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार को दिल्ली, केरल और पश्चिम बंगाल के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक की। मंत्रालय ने तीनों राज्यों में फिर से कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जताई। इसे रोकने के लिए टेस्टिंग, ट्रेसिंग और ट्रीटमेंट पर फोकस करने के लिए कहा।

पांच राज्यों का हाल

1. मध्यप्रदेश
राज्य में गुरुवार को 728 नए मरीज मिले, 9689 लोग ठीक हुए और 16 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 69 हजार 999 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 1 लाख 57 हजार 381 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9689 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 2929 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

2. राजस्थान
पिछले 24 घंटे में 21 हजार से ज्यादा लोगों की जांच हुई। इनमें 1790 लोग संक्रमित मिले। 1933 लोग रिकवर हुए और 11 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 93 हजार 419 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 15 हजार 554 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 75 हजार 977 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 1888 लोग जान भी गंवा चुके हैं।

3. बिहार
राज्य में गुरुवार को 783 लोग संक्रमित मिले। 1068 लोग रिकवर हुए और 7 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 14 हजार 946 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 8484 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 5 हजार 385 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 1076 संक्रमित दम तोड़ चुके हैं।

4. महाराष्ट्र
गुरुवार को राज्य में 5902 लोग संक्रमित मिले। इसी के साथ मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 16 लाख 66 हजार 668 हो गया। इनमें 1 लाख 27 हजार 603 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 14 लाख 94 हजार 809 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 43 हजार 710 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में 24 घंटे के अंदर 1861 नए संक्रमितों की पुष्टि हुई। 2465 लोग रिकवर हुए और 25 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया। अब तक 4 लाख 77 हजार 895 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 24 हजार 858 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 46 हजार 54 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से मरने वालों की संख्या अब 6983 हो गई है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News

Source: DainikBhaskar.com

Related posts