मरीजों का आंकड़ा 79.13 लाख हुआ, इनमें 90.19% लोग ठीक हुए; 7 दिन में रिकॉर्ड 1.18 लाख एक्टिव केस घटे

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 79 लाख 13 हजार 104 हो गया है। राहत की बात है कि इनमें 71 लाख 34 हजार 769 लोग ठीक हो चुके हैं। रिकवरी के मामले में भारत दुनिया के 5 सबसे संक्रमित देशों में टॉप पर है।

यहां रिकवरी रेट 90% से ज्यादा है। मतलब हर 100 मरीज में 90 लोग ठीक हो रहे हैं। बेहतर रिकवरी के मामले में ब्राजील दूसरे नंबर पर है। यहां का रिकवरी रेट 89.65% और रूस का 74.84% है। सबसे खराब हालत फ्रांस की है। यहां अब तक 9.69% मरीज ही रिकवर हो पाए हैं।

एक्टिव केस के मामले में भी जबरदस्त कमी देखने को मिली है। पिछले एक हफ्ते में रिकॉर्ड 1.18 लाख एक्टिव केस कम हुए हैं। अभी देश में 6 लाख 55 हजार 935 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है। हर रोज औसतन 12 हजार एक्टिव केस घट रहे हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 19 हजार 57 मरीजों की मौत हो चुकी है।

प्रदूषण से देश में कोविड-19 की लड़ाई कमजोर पड़ सकती है

देश में प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए वैज्ञानिकों ने चिंता जताई है। हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में हुई एक स्टडी के अनुसार, वायु प्रदूषण के चलते देश में कोविड-19 की लड़ाई कमजोर पड़ सकती है। वैज्ञानिकों ने कोविड-19 और प्रदूषण के बीच कोई डायरेक्ट लिंक तो नहीं पाया, लेकिन लंबे समय तक प्रदूषण के चलते फेफड़े में संक्रमण का खतरा बताया है।

स्टडी रिपोर्ट के मुताबिक, यूएस में 1 माइक्रोग्राम पर क्यूबिक मीटर पीएम 2.5 बढ़ने से कोविड-19 के डेथ रेट में 8% का इजाफा हुआ है। दिल्ली-एनसीआर में भी लंबे समय तक प्रदूषण रहने से ऐसी स्थिति बन सकती है। यहां भी कोरोना के मामलों और मौतों में बढ़ोतरी हो सकती है।

कोरोना अपडेट्स

  • भारत बायोटेक ने सोमवार से कोवैक्सीन का फाइनल ट्रायल भुवनेश्वर में शुरू कर दिया। इसके लिए द इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (IMS) , SMU समेत देश के 21 अस्पतालों को चुना गया है। इन्हीं अस्पतालों में वैक्सीन का फाइनल ट्रायल होगा।

  • मिजोरम सरकार ने राजधानी आइजोल के म्यूनिसिपल कॉरपोरेशन एरिया में लॉकडाउन लगाने का फैसला लिया है। मिजोरम इंफॉर्मेशन एंड पब्लिक रिलेशन डिपार्टमेंट के मुताबिक, मंगलवार सुबह 4:30 से 3 नवंबर की सुबह 4:30 बजे तक लॉकडाउन लागू रहेगा। इस दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी।

  • महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उन्होंने ट्वीट करके यह जानकारी दी। चार दिन पहले भी मीडिया रिपोर्ट्स में उनके पॉजिटिव होने की आशंका जताई गई थी। तब वे होम आइसोलेशन में थे।
  • स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 82% कोरोना के मामले देश के 10 राज्यों और केंद्र शासित राज्यों से सामने आए हैं। इनमें केरल और महाराष्ट्र के सबसे ज्यादा लोग संक्रमित पाए गए।
  • कोरोना के आंकड़े लगातार कम हो रहे हैं। रविवार को 45 हजार 590 नए केस आए और 460 संक्रमितों की मौत हो गई। मौत का यह आंकड़ा बीते 112 दिन में सबसे कम है। इससे पहले 5 जुलाई को 421 केस आए थे। रविवार को 58 हजार 930 मरीज ठीक हुए।

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश

राज्य में रविवार को 951 नए मरीज मिले, 1181 लोग ठीक हुए और 10 मरीजों की मौत हो गई। संक्रमितों का आंकड़ा अब 1 लाख 67 हजार 249 हो गया है। इनमें 11 हजार 237 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 53 हजार 127 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 2885 मरीजों की मौत हो चुकी है।

2. राजस्थान
राज्य में रविवार को 1821 लोग संक्रमित पाए गए। 2240 लोग रिकवर हुए और 13 मरीजों की मौत हो गई। 1 लाख 86 हजार 243 लोग अब तक संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 16 हजार 668 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 67 हजार 736 लोग ठीक हो चुके हैं।

3. बिहार
राज्य में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 1 करोड़ के पार हो गया। पिछले 24 घंटे में 1.4 लाख लोगों की जांच हुई। इनमें 749 लोग संक्रमित पाए गए। अब तक 2 लाख 12 हजार 192 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 10 हजार 222 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 2 लाख 920 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1049 मरीजों की मौत हो चुकी है।

4. महाराष्ट्र
राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 6059 नए मरीज मिले, 5648 लोग रिकवर हुए और 112 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 45 हजार 20 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 1 लाख 40 हजार 486 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 14 लाख 60 हजार 755 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 43 हजार 264 मरीजों की मौत हो चुकी है।

5. उत्तरप्रदेश
राज्य में कोरोना के चलते जान गंवाने वालों की संख्या 6882 हो गई है। रविवार को 28 संक्रमितों की मौत हुई। 2032 नए मरीज मिले और 2368 लोग रिकवर हुए। अब तक 4 लाख 70 हजार 270 संक्रमितों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें 27 हजार 317 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 36 हजार 71 लोग ठीक हो चुके हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today Mumbai Delhi Coronavirus News

Source: DainikBhaskar.com

Related posts