देश में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 10 करोड़ पूरा हो गया। चीन और अमेरिका के बाद भारत तीसरा देश है, जहां सबसे ज्यादा लोगों की जांच हुई है। चीन में अब तक 16 करोड़ और अमेरिका में 12 करोड़ लोगों की जांच हो चुकी है।
भारत में पहले 5 करोड़ लोगों में 42 लाख 77 हजार से ज्यादा मरीज मिले थे। तब तक 72 हजार 815 मरीजों की मौत हुई थी। फिर 5 से 10 करोड़ टेस्टिंग के बीच, 34 लाख 78 हजार मरीज मिले। मरने वालों की संख्या भी कम हो गई। इस दौरान 44 हजार 462 लोगों ने जान गंवाई।
हर 10 लाख की आबादी में 72 हजार टेस्ट
देश में अभी हर 10 लाख की आबादी में 72,326 लोगों की जांच हो रही है। इनमें 5,608 लोग संक्रमित मिलते हैं। 85 मरीजों की मौत होती है। अमेरिका में इतनी ही आबादी में 391,452 और चीन में 111,163 लोगों की जांच हो रही है।
मरीजों का आंकड़ा 78 लाख के पार
देश में अब तक 78 लाख 13 हजार 667 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 6 लाख 80 हजार 801 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 70 लाख 13 हजार 539 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण के चलते अब तक 1 लाख 17 हजार 992 लोगों की मौत हो चुकी है।
कोरोना अपडेट्स
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को कहा कि अगले तीन महीने देश के लिए निर्णायक होने वाले हैं। लोगों को फेस्टिव सीजन और ठंड में संक्रमण से बचाव के लिए सतर्क रहना पड़ेगा।
- कर्नाटक सरकार ने 17 नवंबर से कॉलेज (इंजीनियरिंग, डिप्लोमा, डिग्री) खोलने का फैसला किया है। स्टूडेंट्स अपनी सुविधा से ऑफलाइन, ऑनलाइन या मिक्स लर्निंग सेशन चुन सकेंगे। एक बैच में कितने स्टूडेंट्स होंगे, यह रजिस्ट्रेशन के आधार पर तय किया जाएगा। कॉलेजेज में कोरोना गाइडलाइंस फॉलो करवाने के टास्क फोर्स तैनात की जाएंगी।
- देश में वैक्सीन की प्रोग्रेस को लेकर अच्छी खबर है। भारत बायोटेक कंपनी की वैक्सीन तीसरे फेज की ट्रायल की मंजूरी मिल गई है।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तर प्रदेश के मंत्रियों और अफसरों के साथ बातचीत की। इसमें कोविड-19 के रोकथाम के लिए चल रहे कार्यक्रम की समीक्षा की।
- पुडुचेरी सरकार ने राज्य के सभी प्राइवेट ऑफिस, दुकानें, होटल्स, रेस्टोरेंट को अब रात के 10 बजे तक खोले रखने की अनुमति दे दी है। नया आदेश आज से ही लागू कर दिया गया है।
- फेस्टिवल सीजन और सर्दियों के मौसम को देखते हुए ओडिशा सरकार ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले समय में कोरोना के मामले तेजी बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। कोरोना गाइडलाइंस लेकर लोगों को अवेयर करने के लिए मुहिम चलाई जाएगी।
- तेलंगाना में कोरोना टेस्टिंग का आंकड़ा 40 लाख के ऊपर पहुंच चुका है। पिछले 24 घंटों में राज्य में 38 हजार 484 टेस्ट किए, जिसके बाद कुल टेस्ट की संख्या 40 लाख 17 हजार 353 हो गई। इस बीच, राज्य में कोरोनावायरस के 1,421 नए मामले सामने आए। अब तक कुल 2 लाख 29 हजार मामले सामने आ चुके हैं।
- मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 7 से 17 सितंबर के बीच हुई सीरो सर्वे के नतीजों से यह अनुमान लगाया गया है कि यहां की 3.45 लाख की आबादी संक्रमित होकर ठीक हो चुकी है। बाकी लोगों तक अभी संक्रमण नहीं पहुंचा है।
पांच राज्यों का हाल
1. मध्य प्रदेश
राज्य में शुक्रवार को 953 नए मामले सामने आए, 1325 लोग रिकवर हुए और 13 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 1 लाख 65 हजार 294 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 11 हजार 761 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 50 हजार 678 लोग ठीक हो चुके हैं। संक्रमण से अब तक 2855 लोगों की जान जा चुकी है।
2. राजस्थान
राज्य में शुक्रवार को नए मरीजों से कहीं ज्यादा ठीक होने वालों की संख्या बढ़ी। पिछले 24 घंटे में 1815 लोग संक्रमित मिले, जबकि 2367 लोग रिकवर हुए। 14 मरीजों की मौत हो गई। अब तक राज्य में 1 लाख 82 हजार 570 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 17 हजार 775 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है, जबकि 1 लाख 62 हजार 981 लोग ठीक हो चुके हैं। 1814 मरीजों की अब तक मौत हो चुकी है।
3. बिहार
राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा 2 लाख 10 हजार 389 हो गया है। पिछले 24 घंटे में 1093 नए मरीज मिले, जबकि 1244 लोग रिकवर हुए और 8 संक्रमितों की मौत हो गई। अभी 10 हजार 917 मरीजों का इलाज चल रहा है। 1 लाख 98 हजार 447 लोग अब तक ठीक हो चुके हैं।
4. महाराष्ट्र
राज्य में शुक्रवार को 7347 नए मरीज मिले, 13 हजार 247 लोग रिकवर हुए और 184 मरीजों की मौत हो गई। अब तक 16 लाख 32 हजार 544 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 43 हजार 922 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 14 लाख 45 हजार 103 लोग ठीक हो चुके हैं। कोरोना की वजह से राज्य में 43 हजार 15 लोगों की जान जा चुकी है।
5. उत्तरप्रदेश
राज्य में कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा 6830 हो गया है। पिछले 24 घंटे के अंदर 40 मरीजों की मौत हो गई। 2202 नए केस मिले और 3025 लोग रिकवर हुए। अब तब 4 लाख 66 हजार 60 लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। इनमें 28 हजार 268 मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 4 लाख 30 हजार 962 लोग ठीक हो चुके हैं।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Source: DainikBhaskar.com