गोंडा में जमीन विवाद के मामले में रामजानकी मंदिर के पुजारी को मारी गोली, दो हिरासत में – Navbharat Times

हाइलाइट्स:

  • राजस्थान के करौली के बाद अब यूपी के गोंडा में एक मंदिर के पुजारी को गोली मारने का मामला सामने आया
  • गोंडा के तिर्रे मनोरमा स्थित राम जानकी मंदिर के पुजारी को शनिवार रात लगभग दो बजे हमलवारों ने गोली मार दी
  • पुजारी को घायल हालत में जिला अस्पताल लाया गया, फिर लखनऊ रेफर कर दिया गया, जमीन विवाद का मामला

गोंडा
राजस्थान के करौली के बाद अब यूपी के गोंडा में एक मंदिर के पुजारी पर हमले का मामला सामने आया है। गोंडा के कोतवाली इटियाथोक क्षेत्र के तिर्रे मनोरमा स्थित राम जानकी मंदिर के पुजारी को शनिवार रात लगभग दो बजे हमलवारों ने गोली मार दी। पुजारी को घायल हालत में जिला अस्पताल लाया गया, जिसके बाद उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया। हमले के पीछे भूमाफियाओं का हाथ बताया जा रहा है।

एसपी शैलेश पांडेय के मुताबिक, ‘राम जानकी मंदिर में दो पुजारी रहते हैं। इनमें से एक पुजारी सम्राट सिंह को रात दो बजे गोली मारने की सूचना मिली थी। गोली उनके बायें कंधे से लगकर निकल गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और पुजारी को जिला अस्पताल लाया गया। उनकी स्थिति नॉर्मल थी और लखनऊ केजीएमयू रिफर किया गया। फिलहाल स्थिति नॉर्मल है।’


गांव में जमीन को लेकर चल रहा है विवाद

दरअसल, मनोरमा उद्गमस्थल की संपत्ति को लेकर काफी दिनों से विवाद है जिसको लेकर पिछले साल यहां के दूसरे पुजारी सीताराम दास पर भी हमला हो चुका है। एसपी के मुताबिक, ‘पुजारी ने तहरीर में चार लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। एफआईआर दर्ज कर ली गई है, इनमें से दो लोगों से पूछताछ जारी है। पुजारी ने बताया कि गांव के कुछ लोगों से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। पूर्व में भी मुकदमे भी पंजीकृत हो चुके हैं। जांच जारी है जो भी दोषी पाए जाएंगे, कार्रवाई होगी।’

कांग्रेस बोली- यूपी में साधु संत भी सुरक्षित नहीं
यूपी कांग्रेस ने घटना को लेकर ट्वीट करते हुए भूमाफियाओं और सरकार की मिलीभगत का आरोप लगाया। यूपी कांग्रेस ने ट्वीट किया, ‘गोंडा में रामजानकी मंदिर के पुजारी बाबा सम्राट दास को भूमाफियाओं ने गोली मार दी। बाबा की हालत गंभीर है। योगी जी के राज में भूमाफियाओं और सरकारी वसूली गैंग की मिलीभगत ने कानून व्यवस्था की ऐसी की तैसी करके रख दिया है। साधु संत भी सुरक्षित नहीं हैं।’

‘साधु-संतों पर हमले खतरनाक ट्रेंड’
इस मामले में मुंबई कांग्रेस के नेता संजय निरूपम ने साधु-संतों पर हमले को लेकर सवाल उठाया है। संजय ने ट्वीट किया, ‘गोंडा,यूपी में कल एक मंदिर के पुजारी पर जानलेवा हमला हुआ। मैंने कल ही कहा था, ‘यह एक खतरनाक ट्रेंड है। साधु-संतों पर हमले क्यों बढ़ रहे हैं, इसकी तह में जाना जरूरी है और इसे रोकने का पुख्ता इंतजाम सभी सरकारों को गंभीरता से करनी चाहिए।’

राजस्थान में पुजारी को जिंदा जलाकर मारा
बता दें कि राजस्थान के करौली में मंदिर के पुजारी को जिंदा जलाकर मारने का मामला गर्माया हुआ है। करौली जिले के एक छोटे से गांव बुंका में राधा-कृष्ण मंदिर में पुजारी बाबूलाल वैष्णव की बुधवार को हत्या कर दी गई थी। गांव के कुछ दबंग लोगों ने जमीन विवाद के चलते बाबूलाल को जला दिया था।

Related posts