हाथरस पहुंचे राहुल गांधी, बंद कमरे में पीड़िता के परिजन से कर रहे बातचीत – Navbharat Times

हाइलाइट्स:

  • कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार देर शाम हाथरस पहुंच गए
  • बंद कमरे में पीड़िता के परिवार से बातचीत कर रहे हैं राहुल
  • राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल भी मौजूद

हाथरस
कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पीड़िता के परिवार से मिलने के लिए उत्तर प्रदेश के हाथरस पहुंचे। बंद कमरे में उन्होंने लगभग एक घंटे तक पीड़िता के परिवार से बात की। इस बीच प्रियंका पीड़िता की मां के कंधे पर हाथ रखे और गले लगाते नजर आईं। । मौके पर मीडिया और सुरक्षाकर्मियों के अलावा स्थानीय लोगों की काफी भीड़ है। भीड़ की वजह से राहुल और प्रियंका बंद कमरे में पीड़िता के परिजन से बातचीत कर रहे हैं।

बाहर लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिसकर्मी सुरक्षा को लेकर मुस्तैद हैं। उन्होंने एक चेन बनाकर रास्ता तैयार किया है। बताया जा रहा है कि सुरक्षाकर्मियों के पहरे में राहुल वापस जाएंगे। एक छोटे से कमरे में पीड़िता के परिजन और राहुल, प्रियंका और अधीर रंजन चौधरी के साथ मौजूद हैं। जानकारी के मुताबिक, हाथरस जिले के गांव के अंदर करीब 7:30 बजे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी किशोरी की मौत के बाद पीड़ित परिजनों से मिलने के लिए पहुंचे।

बंद कमरे में मुलाकात
इसके बाद दोनों ने पीड़िता के परिजन से एक कमरे के अंदर बंद होकर मुलाकात की। मुलाकात करने के बाद प्रियंका गांधी ने मृतक किशोरी की मां को अपने गले से भी लगाया इस दौरान करीब बंद कमरे के अंदर 25 मिनट तक मुलाकात और बातचीत का दौर चलता रहा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, परिवार से राहुल गांधी ने पूछा कि आपको लगता है कि आपको न्याय मिलेगा? इसके बाद परिवार ने कहा कि आप (राहुल गांधी) हमें न्याय दिलाइए।

प्रियंका बोलीं- अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे
पीड़िता के परिवार से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने कहा कि वह दुख की इस घड़ी में परिवार के साथ हैं। प्रियंका ने कहा कि जहां-जहां अन्याय होगास हम उसके खिलाफ लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पीड़िता का परिवार बच्ची का चेहरा तक नहीं देख पाया था। उन्होंने बताया कि परिवार की कुछ मांगे हैं। वे एक न्यायिक जांच चाहते हैं। इसके अलावा उन्होंने सुरक्षा की मांग की है।



पीड़िता के परिवार से बातचीत कर रही हैं प्रियंका गांधी

नोएडा में रोक दिए गए थे राहुल गांधी
बता दें कि शनिवार को हाथरस के लिए निकले राहुल और प्रियंका के काफिले को नोएडा में पुलिस ने रोक लिया था। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने पांच लोगों के साथ राहुल गांधी को हाथरस जाने की अनुमति दे दी थी। वहीं कांग्रेस के अन्य नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और रणदीप सुरजेवाला को पुलिस ने जाने से रोक दिया था।

गौरतलब है कि विपक्ष ने राहुल के हाथरस जाने पर निशाना साधा है। केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी ने राहुल के हाथरस दौरे को पॉलिटिकल स्टंट करार दिया तो वहीं योगी के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने निशाना साधते हुए कहा कि राहुल और प्रियंका ने हाथरस को टूरिस्ट स्पॉट बना दिया है। सीएम योगी से मिलने पहुंचे केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने हाथरस डीएम पर कार्रवाई की बात कही है। वहीं लखनऊ में यूपी कांग्रेस चीफ अजय लल्लू को हाउस अरेस्ट कर लिया गया है।

हाथरस पहुंचे राहुल गांधी

हाथरस पहुंचे राहुल गांधी

Related posts