LIVE Hathras Case Protest at Jantar Mantar: राजीव चौक व पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट बंद खोले गए – दैनिक जागरण

नई दिल्ली, एएनआइ। LIVE Hathras Case Protest at Jantar Mantar: हाथरस पीड़िता की मौत के बाद उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली तक पूरा मामला सियासी रूप ले लिया है। यूपी सरकार के खिलाफ दिल्ली के जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। इस प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे हैं। वामपंथी दल, भीम आर्मी और छात्र संगठनों के सदस्य जंतर मंतर पर हाथरस की घटना के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों के बीच सीपीआइ नेता डी राजा, सीपीएम नेता सीताराम येचुरी और भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर पहुंचे हैं। बंद किए गए राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट खोल दिए गए हैं। 

LIVE Hathras Case Protest at Jantar Mantar:

हाथरस मामले में न हो राजनीतिः केजरीवाल

जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी पहुंचे हैं। उनके साथ आम आदमी पार्टी के कुछ नेता व पार्टी कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। आम आदमी पार्टी ने इस धरना प्रदर्शन को अपना समर्थन पहले ही दिया था।  प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि हाथरस मुद्दे पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए। यूपी, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मुंबई या दिल्ली में ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए। देश में दुष्कर्म  की घटनाएं नहीं होनी चाहिए।

दोषियों को मिले कड़ी सजाः केजरीवाल

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरा देश चाहता है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। कुछ लोगों को लगता है कि उन्हें बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इस समय, पीड़ित परिवार को हर संभव मदद की जरूरत है।

तीन मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट बंद

प्रदर्शन को देखते हुए जनपथ मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है। यहां पर एंट्री और एग्जिट गेट दोनों बंद हैं।इसके अलावा राजीव चौक और पटेल चौक मेट्रो स्टेशन पर भी एग्जिट गेट को बंद कर दिया गया है। इसकी जानकारी डीएमआरसी ने दी। डीएमआरसी ने बताया कि जनपथ मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन नहीं रुक रही है। 

वामपंथी पार्टी ने की यूपी सरकार की आलोचना

धरना प्रदर्शन में शामिल सीपीएम नेता सीताराम येचुरी ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उनकी मांग है कि पीड़िता को न्याय दिया जाए।

जंतर मंतर पर फिर इंसाफ की मांग

जंतर-मंतर फिर एक बार इंसाफ की मांग को लेकर गूंज उठा। हाथरस हत्याकांड मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कई  संगठन व राजनीतिक दलों से लोग पहुंचे। हालांकि इसमें कोरोना से बचाव के लिए शारीरिक  दूरी व मास्क लगाने के दिशा निर्देश खूब टूटे।     

धरना प्रदर्शन में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर भी पहुंचे

जंतर-मंतर पर आयोजित धरना-प्रदर्शन में भीम आर्मी के चीफ चंद्रशेखर भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि वे हाथरस का दौरा करेंगे। पीड़िता को न्याय दिलाने को लेकर उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।

प्रदर्शन कर रहे लोग सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। सभी लोग पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रहे हैं। 

ये भी पढ़ेंः Hathras Case: दिल्ली के महर्षि वाल्मीकि मंदिर में प्रार्थना सभा का आयोजन, प्रियंका गांधी हुईं शामिल

बता दें कि हाथरस कांड को लेकर यूपी से लेकर दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं। सभी विपक्षी दल यूपी सरकार के खिलाफ निशाना साध रहे हैं। बसपा प्रमुख मायावती गुरुवार को प्रदेश सरकार पर हमलावर रहीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह नाकाम सिद्ध हुए हैं। एक भी दिन ऐसा नहीं है, जब महिलाओं के खिलाफ अपराध न होते हों। अगर वह कानून-व्यवस्था नहीं संभाल सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।

मृतका के पिता की अपील, धरना प्रदर्शन न करें

पुलिस ने गुरुवार को धरना-प्रदर्शन न करने की अपील संबंधित एक पत्र जारी किया। दावा किया कि यह पत्र पीड़िता के पिता ने लिखा है। इसमें कहा गया है कि उनकी मुख्यमंत्री से दूरभाष के जरिए वार्ता हुई। मुख्यमंत्री ने समस्त मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया हैं। मैं मुख्यमंत्री के आश्वासन से संतुष्ट हूं। सभी लोगों से अपील करता हूं कि किसी प्रकार का धरना-प्रदर्शन न किया जाए। प्रशासन की कार्रवाई से पूरी तरह से संतुष्ट हूं।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts