राहुल-प्रियंका आज पीड़ित परिवार से मुलाकात करने जाएंगे, प्रशासन ने सीमाएं सील कीं; 4 साल पहले भी दोनों को सपा सरकार ने रोक दिया था

उत्तर प्रदेश के हाथरस में गैंगरेप पीड़ित की मौत के मामले में सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी आज हाथरस जाएंगे। हाथरस कांग्रेस के जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने यह जानकारी दी है। इस बीच प्रशासन ने जिले में 31 अक्टूबर तक के लिए धारा 144 लगा दी है। हाथरस की सभी सीमाओं को सील कर दिया गया है। पीड़ित परिवार के के गांव में बैरिकेड लगा दिए गए हैं।

4 साल पहले राहुल-प्रियंका को नोएडा जाने से रोका गया था
2016 में राहुल और प्रियंका गैंगरेप पीड़ित के परिवार से मुलाकात करने के लिए नोएडा पहुंचे थे, लेकिन तत्कालीन सपा सरकार ने उन्हें रोक दिया था। इसके बाद दोनों को दिल्ली लौटना पड़ा था।

हाथरस के मामले में प्रियंका लगातार याेगी सरकार पर हमले कर रही हैं। उन्होंने SIT बनाने पर भी सवाल उठाए थे। प्रियंका ने बुधवार को ट्वीट कर मुख्यमंत्री योगी से 3 सवाल पूछे। उनका सबसे बड़ा सवाल यही था कि परिजन से जबरदस्ती छीनकर पीड़ित के शव को जलवा देने का आदेश किसने दिया?

गांव को छावनी बनाया गया, मेन रोड पर बैरिकेडिंग
पीड़ित के गांव में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पूरा गांव छावनी जैसा नजर आ रहा है। कोई भी बाहरी व्यक्ति पीड़ित के घर तक न पहुंच सके, इसके लिए गांव के बाहर मेन रोड पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं। मीडिया को भी गांव में आने की परमिशन नहीं है। गांव के एंट्री पॉइंट पर एडीएम लेवल के अधिकारी तैनात हैं।

मायावती बोलीं- मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए
बसपा अध्यक्ष मायावती ने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ महिलाओं की सुरक्षा नहीं कर सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। केंद्र सरकार से अपील करती हूं कि योगी को उनकी जगह पर यानी गोरखनाथ मठ भेज देना चाहिए। अगर उन्हें वह भी पसंद नहीं तो राम मंदिर के निर्माण की जिम्मेदारी दे देनी चाहिए।

क्या है पूरा मामला?
हाथरस जिले के थाना चंदपा इलाके के गांव में 14 सितंबर को 4 लोगों ने 19 साल की युवती से गैंगरेप किया था। आरोपियों ने युवती की रीढ़ की हड्डी तोड़ दी और उसकी जीभ भी काट दी थी। दिल्ली में इलाज के दौरान पीड़ित की मौत हो गई। चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

गैंगरेप से जुड़ी आप ये खबरें भी पढ़ सकते हैं…

1. गैंगरेप पीड़िता के गांव से रिपोर्ट:आंगन में भीड़ है, भीतर बर्तन बिखरे पड़े हैं, उनमें दाल और कच्चे चावल हैं, दूर खेत में चिता से अभी भी धुआं उठ रहा है

2. हाथरस के बाद बलरामपुर में गैंगरेप:22 साल की दलित युवती से दुष्कर्म, अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ा; मां ने बताया- आरोपियों ने बेटी की कमर और पैर तोड़ दिए थे

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि यूपी में फैले जंगलराज की हद नहीं। मार्केटिंग, भाषणों से कानून व्यवस्था नहीं चलती। ये मुख्यमंत्री की जवाबदेही का वक्त है। (फाइल फोटो)

Source: DainikBhaskar.com

Related posts