27 दिन में 23 लाख नए मरीज मिले, 21 लाख से ज्यादा लोग ठीक हुए; पिछले 9 दिनों में 98 हजार एक्टिव केस घट गए; देश में अब तक 59.96 लाख केस

देश में कोरोना मरीजों की संख्या 59 लाख 96 हजार 823 हो गई है। राहत की बात है कि इनमें 49 लाख 41 हजार 150 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 9 लाख 60 हजार 265 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। संक्रमण के चलते अब तक 94 हजार 559 मरीजों की मौत हो चुकी है।

पिछले 27 दिन के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बीच, देश में 23 लाख लोग संक्रमित पाए गए हैं। 16 सितंबर को एक दिन में सबसे ज्यादा 97 हजार 865 नए मरीज मिले थे। एक दिन में मिले संक्रमितों की यह संख्या सबसे अधिक थी।

अच्छी बात है कि सितंबर के इस महीने में 21 लाख से ज्यादा लोग ठीक होकर अपने घर भी गए। 21 सितंबर को सबसे ज्यादा 1 लाख 2 हजार 70 मरीजों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। एक दिन में ठीक होने वालों की यह संख्या पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा है।

पिछले 9 दिनों से लगातार घट रहा एक्टिव केस
सबसे राहत की बात है कि एक्टिव केस यानी ऐसे मरीजों की संख्या जिनका इलाज चल रहा है वो बढ़ने की बजाय लगातार घट रहा है। हम सभी के लिए यह शुभ संकेत है। पिछले 9 दिनों में 98 हजार से ज्यादा एक्टिव केस कम हुए हैं। 17 सितंबर को देश में एक्टिव केस की संख्या 10 लाख के पार होकर 10.17 लाख तक पहुंच गई थी। इसके बाद से लगातार इसमें गिरावट हो रही है। अब यह कम होकर 9.60 लाख पहुंच गई है। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

रीइंफेक्शन के मामलों की जांच कर रहा आईसीएमआर : डॉ. हर्षवर्धन

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने रविवार को कहा, ‘भारतीय जनसंख्या अभी भी कोविड-19 के खिलाफ हर्ड इम्युनिटी हासिल करने से दूर है। आईसीएमआर के दूसरे सीरो सर्वे से भी यह मालूम चला है। इसलिए, हम सभी को नियमों का पालन करके खुद को बचाना होगा।” उन्होंने एक इंसान के दो बार संक्रमित होने की बात पर कहा कि, आईसीएमआर ऐसे मामलों की जांच कर रहा है। रिसर्च करने के बाद ही इस पर अच्छे से बोला जा सकता है। फिलहाल ऐसे मामलों की संख्या न के बराबर है।

कोरोना अपडेट्स

  • इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) का दुबई ऑफिस में एक साथ कई कर्मचारी पॉजिटिव पाए गए हैं। इन सभी को क्वारंटीन कर दिया गया है। इससे दुबई में आईसीसी एकेडमी में प्रैक्टिस करने वाली आईपीएल की टीमों पर असर पड़ सकता है।
  • पश्चिम बंगाल में 1 अक्टूबर से सिनेमा हॉल खोलने की इजाजत दे दी गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक ट्वीट में कहा, ‘जतरास, प्ले, ओएटी, सिनेमा, म्यूजिकल और डांस कार्यक्रम और मैजिक शो को 1 अक्टूबर से 50 या इससे कम लोगों के साथ खोलने की अनुमति होगी।
  • स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा है कि देश में अब 110 कंपनियां पीपीई किट बना रही हैं। हर दिन पांच लाख से ज्यादा पीपीई किट बनाई जा रही हैं।
  • सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ अदार पूनावाला ने कोरोना वैक्सीन को लेकर शनिवार को केंद्र से एक सवाल किया। उन्होंने ट्वीट में लिखा, ‘क्या केंद्र सरकार के पास कोविड-19 वैक्सीन की खरीददारी और डिस्ट्रीब्यूट करने के लिए अगले एक साल में 80 हजार करोड़ रुपए खर्च करने के लिए हैं? यह सवाल इसलिए, क्योंकि भारत में सभी के लिए वैक्सीन खरीदने और उसे बांटने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय को इतनी ही रकम की जरूरत होगी।’
  • ओडिशा के बारगढ़ जिले में कोरोना की फर्जी वैक्सीन बनाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी प्रह्लाद बिसी (32) ने सिर्फ 12वीं तक पढ़ाई की है।
  • दुनिया में कोराना से जान गंवाने वालों की संख्या 9.90 लाख से ज्यादा हो गई है।
  • पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उन्होंने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी। वह अभी उत्तराखंड की यात्रा पर हैं।
  • देश में अब तक 7 करोड़ 12 लाख से ज्यादा लोगों की जांच हो चुकी है। इनमें 8.33% लोग संक्रमित मिले हैं। हर 10 लाख की आबादी में 50 हजार 803 लोगों की जांच हो रही है। इनमें 4200 लोग पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।

पांच राज्यों का हाल
1. मध्यप्रदेश

गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के घर पर कोरोना ने दस्तक दी है। शनिवार को उनके बेटे सुकर्ण की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। गृह मंत्री पिछले दिनों मास्क न पहनने के अपने बयान से चर्चा में आए थे। अगले दिन उन्होंने अपने बयान पर माफी मांगी थी। इसके बाद उसी दिन शाम को ग्वालियर और चंबल के दौरे पर वे फिर बिना मास्क के दिखे थे।

2. राजस्थान
शनिवार को कोरोना के 2045 नए पॉजिटिव केस सामने आए, 1706 मरीज ठीक हुए और 14 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक संक्रमण के कुल 1 लाख 26 हजार 775 केस आ चुके हैं। इनमें से 1 लाख 5 हजार 994 ठीक हो चुके हैं। 1426 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 30.24 लाख से ज्यादा सैंपल जांचे जा चुके हैं।

3. बिहार
शनिवार को 1457 नए मरीज मिले। 1622 ठीक हो गए, जबकि पांच संक्रमितों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 1 लाख 77 हजार 355 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 लाख 63 हजार 132 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 13 हजार 336 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। 886 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

4. महाराष्ट्र
शनिवार को 20 हजार 419 नए मरीज मिले। 23 हजार 644 संक्रमित ठीक हो गए। 430 मरीजों की मौत हो गई। राज्य में अब तक संक्रमण के 13 लाख 21 हजार 176 केस आ चुके हैं। इनमें से 10 लाख 16 हजार 450 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 2 लाख 69 हजार 119 का अभी इलाज चल रहा है। अब तक 35 हजार 191 लोग यहां जान गंवा चुके हैं।

5. उत्तरप्रदेश
शनिवार को 4412 संक्रमितों की पहचान हुई। राहत की बात है कि प्रदेश में लगातार नए संक्रमितों के मुकाबले ठीक होने वालों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को यहां 6546 मरीज ठीक हुए। राज्य में रिकवरी रेट 83.64% हो गया है। एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 57 हजार 86 हो गई है। इसमें से 29 हजार 266 मरीज होम आइसोलेशन में हैं। वहीं 2629 मरीज प्राइवेट व 145 मरीज सेमी पेड अस्पतालों में इलाज करा रहे हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID 19) Death Toll India Today 22 September Mumbai Delhi Coronavirus News

Source: DainikBhaskar.com

Related posts