भारतीय नौसेना के युद्धपोत पर पहली बार दो महिला अधिकारियों की हुई तैनाती – दैनिक जागरण (Dainik Jagran)

Publish Date:Mon, 21 Sep 2020 04:46 PM (IST)

कोच्चि, एएनआइ। भारतीय नौसेना में पहली बार सोमवार को दो महिला अधिकारियों की तैनाती युद्धपोत पर की गई। ये दो महिला अधिकारी हैं सब-लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी और सब-लेफ्टिनेंट रिति सिंह। इन्हें हेलीकॉप्टर स्ट्रीम में ऑब्जर्वर के तौर पर नियुक्त किया गया है। कोच्चि में INS Garuda में आयोजित समारोह में ऑब्जर्वर के तौर पर ग्रेजुएट होने पर  ‘Wings’  से सम्मानित किया गया है। 

अब तक महिलाओं की एंट्री पर थी रोक

उल्लेखनीय है कि युद्ध पोतों पर प्राइवेसी  के लिहाज से अब तक महिलाओं की तैनाती लंबे समय के लिए नहीं की जाती थी और यहां महिलाओं के लिए वॉशरूम भी नहीं है। लेकिन अब इन दोनों महिला अधिकारियों के आने के बाद सब बदलना निश्चित है। हालांकि भारतीय नौसेना में कई महिला अधिकारियों को तैनात किया जाता रहा है। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मढ़वाल ने बताया कि युद्धपोत में महिलाओं की एंट्री पर रोक थी।

17 अधिकारियों की टीम में से चुनी गई दो महिला ऑब्जर्वर

ये दोनों महिला अधिकारी भारतीय नौसेना के 17 अधिकारियों के टीम में शामिल हैं जिसमें 4 महिला अधिकारी व तीन भारतीय तट रक्षक भी शामिल हैं। ऑब्जर्वर के तौर पर नियुक्त ये दोनों सब-लेफ्टीनेंट जिस टीम का हिस्सा थीं उसे एयर नेविगेशन, फ्लाइंग प्रोसीजर्स, हवाई युद्ध के दौरान आजमाई जाने वाली तरकीबों, एंटी-सबमरीन वारफेयर के अलावा एवियॉनिक सिस्‍टम्‍स का प्रशिक्षण दिया गया है। पूरी टीम को कोच्चि में INS Garuda समारोह में ‘ऑब्‍जर्वर्स’ के रूप में ग्रेजुएट होने पर ‘विंग्‍स’ से सम्‍मानित किया गया।

…दी गई पूरी ट्रेनिंग

दो युवा महिला अधिकारी नौसेना के मल्टी-रोल हेलीकॉप्टरों में लगे सेंसरों को ऑपरेट करने की ट्रेनिंग ले रही हैं। ये दोनों  अधिकारी नौसेना के नए एमएच-60 आर हेलीकॉप्टरों में उड़ान भरेंगी। भारतीय नौसेना में लिंग-समानता को साबित करने वाले एक कदम के तहत सब-लेफ्टिनेंट कुमुदिनी त्यागी तथा सब-लेफ्टिनेंट रिति सिंह को नौसेना के युद्धपोत पर क्रू के रूप में तैनात किया गया है, वे ऐसा करने वाली पहली महिला अधिकारी होंगी।

इसके अलावा चीफ गेस्ट ने 6 अन्य अधिकारियों को ‘इंस्ट्रक्टर बैच’ से सम्मानित किया। इनमें से पांच भारतीय नौसेना के और एक महिला भारतीय तट रक्षक की हैं। इस समारोह में चीफ स्‍टाफ ऑफिसर (ट्रेनिंग) रियर एडमिरल ऐंटनी जॉर्ज ने सभी अधिकारियों को सम्मानित किया। उन्‍होंने कहा कि यह खास मौका है जब पहली बार महिलाएं हेलिकॉप्‍टर ऑपरेशन में प्रशिक्षित पाने के बाद जंगी जहाजों पर तैनात होने वाली हैं। 

Posted By: Monika Minal

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts