देश में मरीजों का आंकड़ा 22 लाख के पार, इनमें 15 लाख से ज्यादा संक्रमित ठीक भी हो गए; अब तक 44 हजार से ज्यादा मौतें

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 22 लाख के पार कर गया। चिंता की बात यह है कि कल रात 8 बजे से आज रात 8 बजे तक करीब 80 हजार संक्रमितों की संख्या बढ़ी। अब तक 22 लाख 5 हजार 892 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है।

वहीं, राहत की बात यह है कि मरीजों के ठीक होने का आंकड़ा भी 15 लाख के पार हो गया। अब तक 15 लाख 15 हजार 343 लोग ठीक हो चुके हैं जबकि 44 हजार 48 संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फिलहाल 6 लाख 39 हजार 246 लोगों का इलाज चल रहा है।

इस बीच, कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री बी श्रीरामुलु कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डॉक्टर्स की सलाह पर वह अस्पताल में भर्ती हो गए हैं। श्रीरामुलु कर्नाटक के पांचवे मंत्री हैं जो संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा खुद कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसके अलावा वन मंत्री आनंद सिंह, पर्यटन मंत्री सीटी रवि, और बीसी पाटिलवर की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आ चुकी है।

मध्य प्रदेश में मंत्री विश्वास सारंग भी कोरोना पॉजिटिव

उधर, मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक और मंत्री विश्वास सारंग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। लक्षण सामने आने के बाद उन्होंने अपना स्वाब सैंपल दिया था। तीन दिन पहले रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्होंने खुद को आईसोलेट कर लिया था, जबकि रविवार को उनकी दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। उन्होंने इसकी जानकारी ट्वीट करके भी दी है।

मध्यप्रदेश शासन के मेडिकल एजुकेशन और गैस राहत मंत्री विश्वास सारंग ने फोन पर बताया कि चार दिन पहले उन्हें कुछ लक्षण सामने आना शुरू हुए थे। डॉक्टरों को दिखाने के बाद मैंने कोरोना टेस्ट कराया। खुद को रातीबड़ स्थित फार्म हाउस में होम आइसोलेट कर लिया। रविवार को दूसरी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ठीक हूं।

देश में 24 घंटे में रिकॉर्ड नए कोरोना केस मिले

7 राज्यों में 24 घंटे में जितने केस आए, उससे ज्यादा मरीज ठीक हुए

गुजरात, केरल, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में बीते 24 घंटे में जितने नए केस आए, उनसे ज्यादा मरीज ठीक हो गए। इनके अलावा दादरा एवं नगर हवेली, चंडीगढ़ और मिजोरम में नए केस और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बराबर रही।

LIVE UPDATES :

  • हरियाणा में 792 नए मामले, नौ की जान गई : हरियाणा में रविवार को संक्रमण के 792 नए मामले सामने आए और नौ लोगों की मौत हो गई। राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 41,635 हो गई है। अब तक 483 लोग जान गंवा चुके हैं।

  • कर्नाटक में 5985 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव, 107 लोगों की मौत : कर्नाटक में रविवार को संक्रमण के 5985 नए मामले सामने आए। 107 लोगों की मौत हो गई। यहां कुल संक्रमितों की संख्या 178087 हो गई है। इनमें 80973 लोगों का इलाज चल रहा है जबकि 3198 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • आंध्र प्रदेश में संक्रमण के 10820 नए मामले, 97 लोगों की मौत: आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे के अंदर कोरोना के 10820 नए मामले सामने आए और 97 लोगों की मौत हो गई। अब तक यहां 2,27,860 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 87,112 लोगों का अभी इलाज चल रहा है जबकि 138712 लोग ठीक हो चुके हैं। 2036 लोगों की मौत हो गई।

  • महाराष्ट्र में 24 घंटे के अंदर 12248 संक्रमित मिले, 390 की मौत : महाराष्ट्र में रविवार को कोरोना के 12248 नए मामले सामने आए और 390 लोगों की मौत हो गई। राज्य में अब तक 5,15,332 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1,45,558 लोगों का इलाज चल रहा है जबकि 3,51,710 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 17,757 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • मध्यप्रदेश में कोरोना के 868 नए मामले, 19 की मौत : मध्यप्रदेश में रविवार को कोरोना के 868 नए मामले सामने आए और 19 लोगों की मौत हो गई। इसी के साथ राज्य में कुल संक्रमितों की संख्या 39025 हो गई है। अब तक 996 लोग यहां जान गंवा चुके हैं।

  • शनिवार को रिकॉर्ड 65 हजार मरीज मिले, 7 लाख से ज्यादा टेस्टिंग हुई : शनिवार को रिकॉर्ड 65 हजार 156 मरीज मिले और 52 हजार 135 मरीज ठीक हो गए। 7 लाख 19 हजार टेस्ट किए गए, जो एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इनमें से महाराष्ट्र में 80 हजार जांच की गईं। एक दिन पहले ही महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 82 हजार 400 टेस्ट किए गए थे।

  • दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा- ऐसी खबरें हैं कि राजधानी में फिर केस बढ़ रहे हैं। इसकी वजह यह है कि यहां बाहर के लोग भी टेस्ट कराने आ रहे हैं, वरना दिल्ली में तो मामले कम हो रहे हैं।
  • भारत ने नेपाल को 10 वेंटिलेटर दान किए हैं। भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने ये वेंटिलेटर काठमांडू स्थित सेना मुख्यालय में वहां के सेना प्रमुख जरनल पूर्ण चंद्र थापा को सौंपे।
  • आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रविवार को एलुरु रोड स्थित होटल स्वर्ण पैलेस में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई। होटल को कोविड-19 फैसिलिटी सेंटर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। इसे रमेश हॉस्पिटल के मैनेजमेंट ने कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए किराए पर लिया था।

5 राज्यों का हाल
1. महाराष्ट्र:
मुंबई की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में बीते 24 घंटे में 7 नए मामले सामने आए। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,604 पहुंच गई। उधर, पुणे में एक्टिव कोरोना संक्रमितों की संख्या देश में सबसे ज्यादा हो चुकी है। कुल केस 1 लाख 264 आए हैं। इनमें से 30 हजार से ज्यादा एक्टिव पेशेंट हैं। यहां 2290 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। लगातार बढ़ते मामलों के बीच अब पुणे में 3 जंबो कोविड सेंटर तैयार किए गए हैं। हर सेंटर में 600 ऑक्सीजन बेड और 200 आईसीयू बेड लगाये गए हैं।

2. मध्यप्रदेश: अनलॉक-3 को लेकर राज्य सरकार ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके मुताबिक, त्योहारों पर बाहर निकलने की छूट नहीं मिलेगी। बाजार रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। नाइट कर्फ्यू सुबह 5 बजे तक होगा। राज्य में भोपाल समेत बाकी जगहों पर सिर्फ रविवार को ही लॉकडाउन रहेगा। होटल और रेस्त्रां अब रात 10 बजे तक खुल सकेंगे, लेकिन उन्हें इस बार गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। इंदौर प्रशासन ने सिर्फ 56 दुकानों को ही पूरी तरह खोलने की अनुमति दी है।

3. उत्तरप्रदेश: राज्य के एडीशनल चीफ सेक्रेटरी होम अवनीश अवस्थी ने कहा कि हम कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करा रहे हैं। नियमों को नहीं मानने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अभी तक धारा 188 के अंतर्गत कुल 1 लाख 74 हजार एफआईआर दर्ज की गई है। 66 हजार 600 से अधिक वाहनों को सीज किया गया है और चेकिंग के दौरान 59 करोड़ 13 लाख रुपए वसूले जा चुके हैं।

4. राजस्थान: राज्य में रविवार को 596 केस आए। सबसे ज्यादा 71 मरीज जयपुर में मिले। इसके बाद सीकर में 57, राजसमंद में 46, अजमेर में 43, बाड़मेर में 42, कोटा और चित्तौड़गढ़ में 39-39, नागौर में 34 और बीकानेर में 29 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उदयपुर में 28, अलवर में 26, गंगानगर में 23, सिरोही में 18, करोली में 16, जबकि जालौर में 11 संक्रमित मिले।

5. बिहार: राज्य में कोरोना सैंपल की जांच से लेकर कुल संक्रमितों की संख्या तक में बढ़ोतरी का लगातार नया रिकॉर्ड बन रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 71 हजार 520 कोरोना सैंपल की जांच हुई। इनमें 3646 नए संक्रमितों की पहचान हुई। राज्य में संक्रमण की दर लगातार घट रही है। 31 जुलाई को संक्रमण दर 13.12% पर पहुंची थी, जो 7 अगस्त को 5.09% रह गई है। यानी इंफेक्शन रेट आधा से भी कम हो गया है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

फोटो देश की राजधानी दिल्ली की है। यहां बेघर लोगों को खाना देती समाजसेविका। दिल्ली में अब तक 1.45 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं जबकि 4 हजार लोगों की मौत हो चुकी है।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts