एक दिन में सबसे ज्यादा 7 लाख 19 हजार टेस्ट किए गए, 80 हजार जांचों के साथ महाराष्ट्र टॉप पर; कुल 21.55 लाख केस

देश में 24 घंटे में रिकॉर्ड 65 हजार 156 मरीज मिले और 52 हजार 135 मरीज ठीक हो गए। शनिवार को देश में 7 लाख 19 हजार टेस्ट किए गए, जो एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इनमें से महाराष्ट्र में 80 हजार जांच की गईं। एक दिन पहले ही महाराष्ट्र में रिकॉर्ड 82 हजार 400 टेस्ट किए गए थे।

देश में अब तक कोरोना संक्रमण के 21.55 लाख केस आ चुके हैं। अच्छी बात है कि इनमें से 14.81 लाख से ज्यादा ठीक हो गए हैं। 6.30 लाख मरीजों का इलाज चल रहा है, जबकि 43 हजार 482 लोग इस बीमारी से जान गंवा चुके हैं।

महाराष्ट्र में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 12 हजार 822 संक्रमित मिले। यहां एक दिन में पहली बार इतने केस आए। इसके साथ ही राज्य में कुल केस का आंकड़ा भी 5 लाख के पार हो गया। 10 हजार 80 नए केसों के साथ आंध्र प्रदेश दूसरे नंबर पर रहा। ये आंकड़े covid19india.org के मुताबिक हैं।

7 राज्यों में 24 घंटे में जितने केस आए, उससे ज्यादा मरीज ठीक हुए

गुजरात, केरल, त्रिपुरा, हिमाचल प्रदेश, नगालैंड, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में बीते 24 घंटे में जितने नए केस आए, उनसे ज्यादा मरीज ठीक हो गए। इनके अलावा दादरा एवं नगर हवेली, चंडीगढ़ और मिजोरम में नए केस और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बराबर रही।

अपडेट्स…

  • दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा- ऐसी खबरें हैं कि राजधानी में फिर केस बढ़ रहे हैं। इसकी वजह यह है कि यहां बाहर के लोग भी टेस्ट कराने आ रहे हैं, वरना दिल्ली में तो मामले कम हो रहे हैं।
  • भारत ने नेपाल को 10 वेंटिलेटर दान किए हैं। भारतीय राजदूत विनय मोहन क्वात्रा ने ये वेंटिलेटर काठमांडू स्थित सेना मुख्यालय में वहां के सेना प्रमुख जरनल पूर्ण चंद्र थापा को सौंपे।
  • आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रविवार को एलुरु रोड स्थित होटल स्वर्ण पैलेस में आग लगने से 10 लोगों की मौत हो गई। होटल को कोविड-19 फैसिलिटी सेंटर के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। इसे रमेश हॉस्पिटल के मैनेजमेंट ने कोरोना के मरीजों के इलाज के लिए किराए पर लिया था।

5 राज्यों का हाल
1. महाराष्ट्र:
मुंबई की सबसे बड़ी झुग्गी बस्ती धारावी में बीते 24 घंटे में 7 नए मामले सामने आए। यहां संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,604 पहुंच गई। उधर, पुणे में एक्टिव कोरोना संक्रमितों की संख्या देश में सबसे ज्यादा हो चुकी है। कुल केस 1 लाख 264 आए हैं। इनमें से 30 हजार से ज्यादा एक्टिव पेशेंट हैं। यहां 2290 मरीजों की मौत भी हो चुकी है। लगातार बढ़ते मामलों के बीच अब पुणे में 3 जंबो कोविड सेंटर तैयार किए गए हैं। हर सेंटर में 600 ऑक्सीजन बेड और 200 आईसीयू बेड लगाये गए हैं।

2. मध्यप्रदेश: अनलॉक-3 को लेकर राज्य सरकार ने नई गाइडलाइन जारी कर दी है। इसके मुताबिक, त्योहारों पर बाहर निकलने की छूट नहीं मिलेगी। बाजार रात 10 बजे तक खुल सकेंगे। नाइट कर्फ्यू सुबह 5 बजे तक होगा। राज्य में भोपाल समेत बाकी जगहों पर सिर्फ रविवार को ही लॉकडाउन रहेगा। होटल और रेस्त्रां अब रात 10 बजे तक खुल सकेंगे, लेकिन उन्हें इस बार गाइडलाइन का सख्ती से पालन करना होगा। इंदौर प्रशासन ने सिर्फ 56 दुकानों को ही पूरी तरह खोलने की अनुमति दी है।

3. उत्तरप्रदेश: राज्य के एडीशनल चीफ सेक्रेटरी होम अवनीश अवस्थी ने कहा कि हम कोविड गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करा रहे हैं। नियमों को नहीं मानने वालों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अभी तक धारा 188 के अंतर्गत कुल 1 लाख 74 हजार एफआईआर दर्ज की गई है। 66 हजार 600 से अधिक वाहनों को सीज किया गया है और चेकिंग के दौरान 59 करोड़ 13 लाख रुपए वसूले जा चुके हैं।

4. राजस्थान: राज्य में रविवार को 596 केस आए। सबसे ज्यादा 71 मरीज जयपुर में मिले। इसके बाद सीकर में 57, राजसमंद में 46, अजमेर में 43, बाड़मेर में 42, कोटा और चित्तौड़गढ़ में 39-39, नागौर में 34 और बीकानेर में 29 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। उदयपुर में 28, अलवर में 26, गंगानगर में 23, सिरोही में 18, करोली में 16, जबकि जालौर में 11 संक्रमित मिले।

5. बिहार: राज्य में कोरोना सैंपल की जांच से लेकर कुल संक्रमितों की संख्या तक में बढ़ोतरी का लगातार नया रिकॉर्ड बन रहा है। राज्य में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 71 हजार 520 कोरोना सैंपल की जांच हुई। इनमें 3646 नए संक्रमितों की पहचान हुई। राज्य में संक्रमण की दर लगातार घट रही है। 31 जुलाई को संक्रमण दर 13.12% पर पहुंची थी, जो 7 अगस्त को 5.09% रह गई है। यानी इंफेक्शन रेट आधा से भी कम हो गया है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Maharashtra Pune Madhya Pradesh Indore Rajasthan Uttar Pradesh Haryana Punjab Bihar Novel Corona (COVID-19) Death Toll India Today

Source: DainikBhaskar.com

Related posts