देश में ठीक होने वाले मरीजों का आंकड़ा 11 लाख के पार, संक्रमण से मौत की दर में 1.2% की गिरावट, अब तक 17.23 लाख केस

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा शनिवार को 17 लाख के पार हो गया। यह लगातार पांचवी बार है, जब एक लाख संक्रमित केवल दो दिन में मिले। मरीजों की कुल संख्या अब 17 लाख 23 हजार 335 हो गई है।वहीं, राहत की बात यह है कि संक्रमण से ठीक हो चुके मरीजों की संख्या भी 11 लाख के पार हो गई है। अब तक 11 लाख 21 हजार 905 लोग ठीक हो चुके हैं।

जबकि 36 हजार 838 लोगों की मौत हो गई। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश में संक्रमण से मरने वालों की दर में लगातार कमी आ रही है। लॉकडाउन के दौरान यह 3.35% थी जो अब कम होकर 2.15% हो गई है।

देश में कोरोना के 17 लाख मामले

कोरोना अपडेट्स

  • केंद्रीय गृह राज्य मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि कोरोनावायरस को कंट्रोल करने के लिए सभी राज्यों को दिल्ली मॉडल अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘मैं तेलंगाना सरकार से जांच, संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों का पता लगाने और इलाज पर फोकस करने की बात कर रहा हूं। तेलंगाना में जांच की संख्या बढ़ाने की जरूरत है। जितनी ज्यादा संख्या में जांच होगी, उतनी ही तेजी से यह बीमारी काबू में आएगी। आप जानते हैं कि दिल्ली में स्वस्थ होने की दर 84% है। वहां कोरोना को लेकर काफी अच्छा काम हुआ है।
  • केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शनिवार सुबह अपने आंकड़े जारी किए। इसके मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 57 हजार 117 मरीज बढ़े, वहीं 764 लोगों की मौत हुई। इसके साथ देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 16 लाख 95 हजार 988 हो गई है। इनमें 5 लाख 65 हजार 103 एक्टिव केस हैं। वहीं, 10 लाख 94 हजार 374 लोग स्वस्थ हो गए हैं। अब तक देश में 36 हजार 511 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) के मुताबिक, 31 जुलाई तक देश में 1 करोड़ 93 लाख 58 हजार 659 कोरोना टेस्ट किए गए। वहीं, शुक्रवार को सबसे ज्यादा 5 लाख 25 हजार 689 सैंपल की जांच की गई।
  • दिल्ली में आज से सीरो-सर्वे का दूसरा चरण शुरू हो गया। यह सर्वे 1 से 5 अगस्त तक चलेगा। सभी 11 जिलों में 15 हजार सैंपल्स इकट्ठे किए जाएंगे। राज्य सरकार ने इससे पहले सीरो सर्वे 27 जून से 10 जुलाई तक किया था। इस दौरान 20 हजार सैंपल लिए गए थे। दरअसल, सीरो सर्वे के तहत यह पता लगाया जाता है कि किन लोगों में एंटीबॉडी डेवलप हो रही हैं।

5 राज्यों का हाल
मध्य प्रदेश: राज्य के किसी भी जिले में लॉकडाउन लगाने का फैसला अब कलेक्टर नहीं कर सकेंगे। उन्हें जिले में लॉकडाउन करने से पहले सरकार से मंजूरी लेनी होगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अर्थ व्यवस्था को ठीक करने के लिए अब किसी भी जिले में नया लॉकडाउन नहीं होगा। जिन जिलों में पूर्व से लॉकडाउन घोषित है या रविवार का लॉकडाउन है, वह लागू रहेगा।

भोपाल में शनिवार को मेडिकल स्टोर बंद रहेंगे। केवल अस्पतालों और नर्सिंग होम में स्थित दवा दुकानें खुलेंगी। इसके साथ ही राज्य में 1 से 14 अगस्त तक किल कोरोना अभियान पार्ट-2 शुरू किया जाएगा। इसके लिए ‘संकल्प की चेन जोड़ो, कोरोना की चेन तोड़ो’ नारा दिया है।

राजस्थान: राज्य में लगातार 7वें दिन एक हजार से ज्यादा नए रोगी सामने आए। शुक्रवार को 1147 रोगी मिले। जयपुर और बीकानेर में 4-4, अजमेर में 3 और बाड़मेर-नागौर में एक-एक व्यक्ति ने कोरोना की वजह से दम तोड़ दिया। अलवर में कलेक्ट्रेट स्थित कोरोना कंट्रोल रूम के ही चार कर्मचारी पॉजिटिव निकले। राजगढ़ में एसीजेएम कोर्ट के 8 कर्मी रोगी मिले। स्थानीय प्रशासन का दावा है कि अलवर में 185 नए रोगी आए, जबकि राज्य स्तरीय सूची में 90 ही हैं।

महाराष्ट्र: शुक्रवार को राज्य में 10,320 नए मामले सामने आए हैं। वहीं संक्रमण के चलते 265 लोगों की मौत हो गई। महाराष्‍ट्र में कोरोना संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 4,22,118 हो गए हैं। इसमें 2,56,158 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं, जबक‍ि राज्‍य में अब तक 14,994 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब 1,50,662 एक्टिव मामले हैं।

बिहार: राज्य में शुक्रवार को रिकॉर्ड 2986 मरीज मिले। इससे संक्रमितों का आंकड़ा 50 हजार पार कर गया। उधर, राज्य में कोरोना संक्रमण की दर में लगातार इजाफा हो रहा है। यह 9.3% हो गई है, जो राष्ट्रीय संक्रमण की दर 8.70% से ज्यादा है। राज्य में अब तक 5 लाख 48 हजार 172 सैंपल की जांच हुई है। जुलाई की अगर बात करें तो इस महीने 3 लाख 27 हजार 282 सैंपल की जांच हुई है और 40999 केस सामने आए। यानि हर 8 सैंपल में से एक संक्रमित मिल रहा है। अच्छी बात यह है कि एक हफ्ते पहले राज्य में जहां रोज 10 हजार सैंपल की जांच हो रही थी, वह अब बढ़कर 22 हजार पहुंच गई है।

उत्तर प्रदेश: राज्य में अब तक 23 लाख 25 हजार 428 टेस्ट किए जा चुके हैं। 5 सैंपल के 3358 पूल लगाए गए, जिसमें से 531 में पॉजिटिविटी पाई गई और 10 सैंपल के 302 पूल लगाए गए, जिसमें से 30 में पॉजिटिविटी पाई गई। उन्होंने बताया कि अब तक सर्विलांस से 40 हजार 823 इलाकों में 1 करोड़ 47 लाख 08 हजार 791 घरों का सर्विलांस किया गया है। इनमें 7 करोड़ 44 लाख 89 हजार 777 लोग रहते हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

फोटो बेंगलुरु की है। यहां गणेश उत्सव की तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार मूर्तिकारों ने डॉक्टरों को भगवान गणेश का रूप दिया है जो कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे हैं।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts