हर 10 लाख की आबादी में 10 हजार लोगों की जांच हो रही, इनमें 787 संक्रमित मिलते हैं; पिछले 3 लाख केस महज 9 दिन में बढ़े

देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा रविवार को 11 लाख के पार हो गया है। लगातार तीसरी बार है, जब सिर्फ 3 दिन में एक लाख नए संक्रमित मिले हैं। यहां हर 10 लाख की आबादी में 787 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं।

आबादी के लिहाज से संक्रमण का स्तर भारत में कम है, लेकिन यहां हर 10 लाख की आबादी में टेस्टिंग की दर भी बहुत कम है। सबसे ज्यादा संक्रमित 10 देशों में होने वाली टेस्टिंग की तुलना यदि भारत से की जाए तो मैक्सिको के बाद भारत ही दूसरा देश है, जहां सबसे कम लोगों की जांच हो रही है।

इस मामले में इंग्लैंड पहले नंबर पर है, जहां हर 10 लाख की आबादी में 1.93 लाख लोगों की जांच हो रही है। रूस में इतनी ही आबादी में 1.69 लाख और अमेरिका में 1.43 लाख लोगों की जांच हो रही है। भारत में हर 10 लाख की आबादी में 10 हजार लोगों की जांच हो रही है। मैक्सिको में यह संख्या 6,195 है।

हर दो दिन में 70 हजार केस बढ़ रहे
देश में 30 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। इसके 110 दिन बाद यानी 10 मई को यह संख्या बढ़कर एक लाख हुई। फिर संक्रमण की रफ्तार में इतनी तेजी आई कि महज 15 दिनों में ही आंकड़ा 2 लाख के पार हो गया।

इसके बाद संक्रमितों की संख्या 2 से बढ़कर 3 लाख होने में महज 10 दिन लगे। 3 से 4 लाख मामले होने में 8 दिन और 4 से 5 लाख मामले होने में केवल 6 दिन लगे। केस बढ़ने की यह रफ्तार लगातार तेज हो रही है।

5 से 6 लाख और 6 से 7 लाख मामले होने में केवल 5-5 दिन लगे। इस बार 7 से 8 लाख मामले होने में केवल 4 दिन लगे। इसके बाद हर तीन दिन में एक लाख नए केस बढ़े और महज 9 दिनों में संक्रमितों की संख्या 8 लाख से 11 लाख तक पहुंच गई। हर दिन अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में ही संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। यहां हर दो दिन में 70 हजार लोग संक्रमित पाए जाते हैं।

अब तक 1.34 करोड़ लोगों का टेस्ट, इसमें 8.02% लोग पॉजिटिव निकले
देश में अब तक एक करोड़ 34 लाख लोगों की कोरोना टेस्टिंग हो चुकी है। इनमें 8.02% लोग संक्रमित मिले हैं। अमेरिका में 4 करोड़ टेस्टिंग हुई है और इनमें 8.05% लोग पॉजिटिव पाए गए। सबसे खराब हालत ब्राजील की है। यहां अब तक 49 लाख लोगों की जांच हुई और इनमें 42.25% लोग संक्रमित मिले हैं।

भारत दुनिया का 8वां देश, जहां सबसे ज्यादा मौतें हुईं
भारत दुनिया का 8वां देश है, जहां संक्रमण के चलते सबसे ज्यादा जानें गई हैं। यहां हर 10 लाख लोगों में 19 मरीजों की मौत हो रही है। देश में अब तक 27 हजार से ज्यादा लोग जान गंवा चुके हैं। दुनिया में सबसे ज्यादा मौतें अभी तक अमेरिका में हुई हैं। यहां 1.42 लाख लोगों की मौत हो चुकी है। यहां हर 10 लाख की आबादी में 432 मौतें हो रहीं हैं। दूसरे नंबर पर ब्राजील है जहां 78,817 लोगों की जान जा चुकी है। यहां 10 लाख की आबादी पर 371 मौतें हो रहीहैं।

देश में सबसे संक्रमित राज्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली और कर्नाटक
भारत में कुल संक्रमितों में 27.35% लोग महाराष्ट्र से ही हैं। मौत के आंकड़ों को देखें तो अब तक हुई कुल मौतों में 44.85% लोग इसी राज्य से थे। देश का दूसरा सबसे संक्रमित राज्य तमिलनाडु है। 11 लाख संक्रमितों में 15.82% लोग यहीं से हैं। देश की राजधानी दिल्ली के 13.38% संक्रमित हैं।

63% मरीज ठीक हुए, एक्टिव केस 3.80 लाख
देश में कोरोना मरीजों की संख्या 11 लाख से ज्यादा हो गई है। इनमें से 6.87 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। 2.45% मरीजों की मौत हो चुकी है। 3.80 लाख मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। अमेरिका का डेथ रेट सबसे ज्यादा 4.21% है। ब्राजील में अब तक 3.93% मरीजों की जान जा चुकी है।

यह भी पढ़ें

1.देश में 5 से 10 लाख मामले होने में महज 20 दिन लगे, रफ्तार ब्राजील जैसी; भारत 25 हजार से ज्यादा मौतों वाला 8वां देश

2.दुनिया में सबसे सख्त लॉकडाउन भारत में था, लेकिन 4 गलतियों से मामले बढ़े; 6 वो तरीके जिनसे कंट्रोल कर सकते थे

3.जिन 10 राज्यों में देश की 74% आबादी गांवों में रहती है, वहां के सभी 367 जिलों में संक्रमण

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

India Corona Cases Total Update | India Crosses 11 Lakh Coronavirus Cases News Updates: 10 Most Infected Countries, India’s Testing Rate Is Just More Than Mexico

Source: DainikBhaskar.com

Related posts