Jamshedpur Corona News: जमशेदपुर में एक दिन में 15 कोरोना पॉजिटिव, मची खलबली; जानें ताजा हाल – दैनिक जागरण

Publish Date:Sat, 30 May 2020 07:29 AM (IST)

रांची, जेएनएन। Jamshedpur Corona News Update झारखंड में कोरोना संक्रमण का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। राज्‍य में शुक्रवार को एक बार फिर 46 कोरोना पॉजिटिव की पुष्टि हुई है। आज अबतक जमशेदपुर में 15, हजारीबाग में 10, रामगढ़ में 9, कोडरमा में 7 और धनबाद में 03, बोकारो में 02 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। आज के कोरोना संक्रमितों में अधिकतर प्रवासी मजदूर हैं। इसके साथ ही झारखंड में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 523 पर पहुंच गया है। आज के ताजा मामलों को जोड़कर जमशेदपुर में अब कुल कोरोना संक्रमितों की संख्‍या 49 हो गई है। इधर झारखंड में कोरोना से पांचवीं मौत हुई है। राज्‍य के स्‍वास्‍थ्‍य सचिव डॉ नितिन मदन कुलकर्णी ने कोरोना से 5वीं मौत की आधिकारिक पुष्टि करते हुए कहा कि गिरिडीह के एक कोरोना संक्रमित की मौत दर्ज की गई है।

जमशेदपुर से मिल रही जानकारी के मुताबिक पूर्वी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को एक साथ बड़ी संख्‍या में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आने से शासन-प्रशासन सकते में आ गया है। आज मिले 15 कोरोना संक्रमितों के बाद हर तरफ सख्‍ती बढ़ा दी गई है। ताजा मामलों में सभी 15 कोरोना मरीज प्रवासी मजदूर हैं। ये हाल ही में अलग-अलग राज्‍यों से अपने घर पहुंचे हैं। इन्‍हें संक्रमित पाए जाने के बाद प्रशासन ने तुरंत ही टीएमएच के कोविड वार्ड में भर्ती करा दिया है।

बताया गया है कि जमशेदपुर के मानगो और टेल्‍को बारी नगर से कोरोना के ताजा मामले सामने आए हैं। फिलहाल दोनों इलाके को सील कर दिया गया है। जमशेदपुर के डीसी रविशंकर शुक्‍ला ने बताया कि मानगो और बारी नगर को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है। उपायुक्‍त ने दोनों इलाके का मुआयना भी किया है। इससे पहले गुरुवार को जमशेदपुर में कुल 06 कोरोना मरीजों की पहचान की गई थी।

झारखंड में शुक्रवार को अबतक मिले 46 कोरोना पॉजिटिव

  1. हजारीबाग : 10
  2. रामगढ़ : 09
  3. कोडरमा : 07
  4. जमशेदपुर : 15
  5. धनबाद : 03
  6. बोकारो : 02

Posted By: Alok Shahi

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts