देश की 42.3% मौतें अकेले महाराष्ट्र में; ट्रेनें कैंसिल होने पर मजदूरों ने कहा- किराए के मकानों में वापस नहीं जा सकते

महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में कोरोनावायरस से 63 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 1517 हो गया है। वहीं, देश मेंअब तक 3 हजार 583 लोगों की संक्रमण से जान गई। यानी देश की 42.3 % मौतें अकेले महाराष्ट्र में हुई हैं।शनिवार सुबह तक कोरोना के 2940 नए मामले सामने आए। जबकि देश में 6 हजार 88 संक्रमित पाए गए। इस हिसाब से बीते 24 घंटे में देश के कुल 48.2% संक्रमित मरीज अकेले महाराष्ट्र से थे। राज्य में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 44 हजार 582 हो गया है।

उधर, मुंबई से प्रवासी मजदूरों के जाने का सिलसिला जारी है। लेकिन ट्रेनें रद्द होने से उन लोगों को मुसीबत हो रही है, जो अपना सब कुछ लेकर और किराए के मकान छोड़कर स्टेशन पर आ गए थे। इनका कहना है कि अब हम अपने किराए के मकानों में भी वापस नहीं जा सकते हैं। इनमें से कई मजदूर तीन दिन से वडाला में पुलिस स्टेशन के पास सो रहे हैं। इन्होंने बताया कि हमारे पास न पैसा है और न काम। हम वापस जाकर क्या करेंगे।

मुंबई में राज्य के 61% मरीज

  • महाराष्ट्र के कुल संक्रमितों में मुंबई के मरीज 61% हैं। देश के कुल संक्रमितों में मुंबई के मरीजों की हिस्सेदारी 22% है। वहीं, राज्य में इस बीमारी से अब तक 12583 लोग पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं। मुंबई में अब तक संक्रमण के कुल 27068 मामले सामने आए हैं।
  • बीते 24 घंटे में यहां 1751 नए मरीज मिले थे। यहांअब तक 909 लोगों की मौत हुई है। वहीं 7080 लोग ठीक भी हुए हैं। मुंबई के धारावी में कोरोना के अब तक 1327 पॉजिटिव केस आ चुके हैं और 56 मौतें हो चुकी हैं।

शिर्डी के साईं नगर स्टेशन के बाहर जमा प्रवासी लोगों की भीड़। इस दौरान लोग सोशल डिस्टेंसिंग के नियम को फॉलो करते नजर आए।

मुंबई में भी शुरू हुई शराब की ऑनलाइन डिलीवरी

बीएमसी ने शराब की होम डिलीवरी की अनुमति दे दी है। इसके लिए कुछ नियम-कायदे भी बताए हैं। होम डिलीवरी सिर्फ सीलबंद बोतलों की ही होगी। यह तभी संभव हो पाएगी, जब डिलीवरी वाली जगह कंटेनमेंट जोन के बाहर होगी।मुंबई में फिलहाल दुकानों से शराब की बिक्री की अनुमति नहीं है।

लॉकडाउन नियम में मिली छूट के बाद हिंगोली जिले में मूंगफली की फसल को खेतों से निकालते किसान।

पुणे में कोरोना मरीजों पर नई दवाई का प्रयोग शुरू हुआ

पुणे के सरकारी ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कोविड-19 के कम से कम 25 मरीजों को टोसिलीजुमैब दवा दी जाएगी।यह दवा उन मरीजों को दी जाएगी, जिनकी हालत नाजुक लेकिन स्थिर है। नगर निगम आयुक्त शेखर गायकवाड़ ने कहा कि इस नई दवा (इंजेक्शन) की कीमत करीब 20 हजार रुपए है। यह पहले चरण में 25 मरीजों को दी जाएगी और इसके नतीजों के आधार पर आगे के उपयोग के बारे में फैसला करेंगे। पुणे जिला संक्रमण से दूसरा सबसे प्रभावित क्षेत्र है। पुणे में संक्रमण के अब तक 4,809 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि 242 लोगों की मौत हुई हैं।

नांदेड़ में स्टेट ट्रांसपोर्ट की बसों के सैनिटाइजेशन का काम शिवसेना के स्थानीय नेताओं की ओर से किया जा रहा है।

25 मई से मुंबई एयरपोर्ट पर फिर विमानों का संचालन शुरू
केंद्र सरकार से हरी झंडी मिलने के बाद मुंबई एयरपोर्ट 25 मई से विमानों के संचालन के लिए तैयार हो गया है। सोमवार से मुंबई से देश के 21 शहरों के लिए विमान उड़ान भरेंगे। सेवा शुरू करने के लिए हवाई कंपनियों ने बुकिंग शुरू कर दी है। साथ ही, 1 जून से चलने वाली ट्रेनों के लिए भी बुकिंग शुरू हो गई है।

हवाई यात्रा के लिए बने कड़े नियम

  • कंटेनमेंट जोन में रहने वाले किसी भी व्यक्ति को हवाई यात्रा की अनुमति नहीं।
  • 2 घंटे पहले एयरपोर्ट पर आना होगा।
  • यात्री के फोन में आरोग्य सेतु ऐप इंस्टॉल होना चाहिए।
  • उसका स्टेटस भी ग्रीन होना चाहिए।
  • मास्क पहने यात्री को ही प्रवेश दिया जाएगा।
  • निर्धारित मानक से ज्यादा टेंपरेचर पाए जाने पर हवाई यात्रा की इजाजत नहीं।

सीएसएमटी और ठाणे समेत कई स्टेशनों पर आरक्षण केंद्र फिर शुरू
रेलवे ने शुक्रवार से मुंबई में चुनिंदा स्टेशनों पर यात्री आरक्षण केंद्र खोल दिए हैं। यहां सामान्य व्यक्ति टिकट बुक करा सकते हैं। 1 जून से चलने वाली ट्रेनों की बुकिंग गुरुवार से शुरू हो चुकी थी। मध्य रेलवे ने सीएसएमटी में 4, एलटीटी में 3, दादर, ठाणे, कल्याण व पनवेल 2-2 और बदलापुर में 1 टिकट खिड़की खोली है। पश्चिम रेलवे ने चर्चगेट, मुंबई सेंट्रल और वसई में 2-2 टिकट खिड़कियां खोली हैं। रेलवे के अनुसार, जो लोग इंटरनेट से बुकिंग नहीं कर पा रहे हैं, उनके लिए टिकट खिड़कियां खोली गई हैं। यहां सिर्फ टिकट बुकिंग होगी। रद्द टिकट का भुगतान नहीं होगा।

मुंबई के बीकेसी में बने 1008 बेड के इस ओपन हॉस्पिटल में चार दिन बाद भी मरीज नहीं पहुंचे हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

मुंबई के माटुंगा इलाके में एक महिला के जांच का सैंपल लेते हुए बीएमसी का एक स्वास्थ्यकर्मी।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts