Giridih Corona News: गिरिडीह में फिर मिले 03 कोरोना पाॅजिटिव, झारखंड में अबतक 160; जानें ताजा हाल – दैनिक जागरण

Publish Date:Mon, 11 May 2020 07:16 AM (IST)

रांची, राज्य ब्यूरो । Giridih Corona News झारखंड में रविवार को चार लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैैं। इनमें तीन गिरिडीह के हैैं, जबकि एक युवक हजारीबाग का है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोग प्रवासी मजदूर हैैं और दो दिन पहले ही दूसरे राज्यों से लौटे हैैं। इसी के साथ राज्य में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 160 हो गई है। हालांकि 83 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं। पीएमसीएच धनबाद में देर रात आई जांच रिपोर्ट में गिरिडीह के तीन लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई।

सूरत से लौटे तीन प्रवासी मजदूर कोरोना पाॅजिटिव

गिरिडीह जिले में तीन नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। रविवार देर रात पीएमसीएच से मिली रिपोर्ट के आधार पर गिरिडीह के डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने इसकी पुष्टि की थी। इनमें से दो बिरनी प्रखंड के गोरायडीह एवं केंदुआटांड़ के तथा एक जमुआ प्रखंड के रेम्बा के रहने वाले हैं। तीनों प्रवासी मजदूर हैं और चार दिन पूर्व गुजरात के सूरत से अपने गांव लौटे थे। तीनों को प्रशासन ने गांव के ही एक सरकारी भवन में क्वारंटाइन कर दिया था। तीनों गांवों में फिलहाल निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। पूरे गांव को सैनिटाइज्ड करने की तैयारी की जा रही है। तीनों के पूरे परिवार को भी संस्थागत क्वारंटाइन कर दिया गया है।

जमुआ प्रखंड के मंझलीटांड़ रेम्बा निवासी 30 वर्षीय प्रवासी मजदूर 6 मई को सूरत से अपने कुछ साथियों के साथ गांव लौटा था। प्रशासन ने सभी को गांव के ही बगल में स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय रेम्बा में क्वारंटाइन कर दिया था। यहां 17 मजदूर क्वारंटाइन हैं। युवक की रक्त जांच के लिए पीएमसीएच भेजा गया था। रविवार देर रात युवक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की रिपोर्ट मिली। सोमवार की सुबह कोरोना पीड़ित उक्त युवक को गिरिडीह एएनएम स्कूल आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया। इधर बिरनी प्रखंड के शाखाबाद पंचायत के गरायडीह एवं खरीडीह पंचायत के केंदुआटांड़ के रहने वाले दो प्रवासी मजदूर भी कोरोना पीड़ित मिले हैं। दोनों सूरत से लौटे थे। दोनों को प्रशासन ने गांव किनारे स्थित सामुदायिक भवन में क्वारंटाइन कर दिया था। दोनों के रक्त सैंपल जांच के लिए पीएमसीएच भेजा था। जांच में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद दोनों को सोमवार की सुबह गिरिडीह एएनएम स्कूल आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया है।  बगोदर के एसडीओ रामकुमार मंडल ने बताया कि दोनों गांवों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है।

गिरिडीह और हजारीबाग के चार प्रवासी निकले कोरोना पॉजिटिव

इनमें 31 व 34 वर्ष के दो युवक गिरिडीह के बिरनी प्रखंड के हैैं, जबकि 40 वर्षीय एक युवक जुमआ प्रखंड का रहने वाला है। वहीं रिम्स से जारी जांच रिपोर्ट में हजारीबाग का 38 वर्षीय युवक संक्रमित पाया गया। वह दो दिन पहले गिरिडीह के पांच मजदूरों के साथ बोलेरो से लौटा था। सूचना मिलने पर प्रशासन ने उसे क्वारंटाइन कर जांच कराई थी। हालांकि उसके साथ आए चार गिरिडीह के मजदूर बिना जांच के ही अपने घर चले गए थे।

चार नए मरीजों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 160 हुुई

इस तरह धनबाद और गढ़वा के बाद अब गिरिडीह और हजारीबाग जिले भी ऑरेंज जोन से ग्रीन जोन में आते-आते रह गए। इन जिलों में पहले से मौजूद संक्रमित मरीज ठीक हो चुके थे और माना जा रहा था कि ये अब कोरोना मुक्त होकर ग्रीन जोन में आ जाएंगे, लेकिन इसी बीच नए मरीज मिल जाने से मामला बिगड़ गया। चार नए मरीजों के साथ राज्य में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 160 हो गई है।

कोविड-19 के अबतक यहां इतने मरीज

  • रांची : 93
  • गढ़वा : 23 
  • बोकारो : 10
  • पलामू : 08
  • हजारीबाग : 04
  • धनबाद : 04
  • देवघर : 04
  • गिरिडीह : 05
  • सिमडेगा : 02
  • जामताड़ा : 02
  • दुमका : 02
  • कोडरमा : 02
  • गोड्डा : 01

नए संक्रमितों में तीन गिरिडीह के हैैं, जबकि एक हजारीबाग का

धनबाद और गढ़वा के बाद हजारीबाग और गिरिडीह भी ऑरेंज से ग्रीन जोन में आते-आते रह गए। झारखंड के गिरिडीह में एक साथ तीन कोरोना मरीज मिले हैं। इसके साथ ही झारखंड में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 160 पर पहुंच गया है। धनबाद के पीएमसीएच ने रविवार को एक साथ 3 कोरोना पॉजिटिव केस मिलने की पुष्टि की है। इसके साथ ही झारखंड में आज दिनभर में कुल 4 कोरोना मरीज मिले हैं। इससे पहले रांची के रिम्‍स ने हजारीबाग के बरकट्ठा के एक प्रवासी मजदूर के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने की पुष्टि की।

राज्य में अबतक 20,832 संभावित मरीजों की हुई जांच

निजी लैब को भी कोरोना की जांच की अनुमति मिलने के बाद अबतक 685 लोगों ने स्वयं इनमें जांच कराई है। लोगों ने बकायदा इसके लिए प्रति सैंपल आइसीएमआर द्वारा तय साढ़े चार हजार रुपये खर्च भी किए। रविवार को भी कुल 101 लोगों ने ऐसी निजी लैब में ही जांच कराई। निजी लैब में जिन 685 सैंपल की जांच हुई है उनमें अभी तक एक भी सैंपल पॉजिटिव नहीं मिला है। सभी रिपोर्ट निगेटिव आई है।

निजी लैब में हुई जांच में अभी तक एक भी पॉजिटिव नहीं

बता दें कि राज्य सरकार ने कोरोना जांच के लिए चार निजी लैब को अनुमति प्रदान की है। इन लैब ने विभिन्न बड़े शहरों में कलेक्शन सेंटर भी बनाए हैं। इधर, प्राइवेट तथा सरकारी स्तर पर हुई जांच की बात करें तो अबतक 20,832 संभावित मरीजों की जांच हुई है। इनमें 157 की रिपोर्ट पॉजिटिव तथा 20,675 की रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि सरकारी क्षेत्र में 3,076 सैंपल की रिपोर्ट लंबित भी है।

राज्य में जांच की रफ्तार बढ़ाने की दरकार 

राज्य सरकार ने हाल के दिनों में जांच की रफ्तार बढ़ा दी है। अब प्रतिदिन औसतन 1400 सैंपल की जांच हो रही है। इसके बावजूद विशेषज्ञों का मानना है कि राज्य में जांच की गति और बढ़ाने की जरूरत है। विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों के आने के कारण भी इसपर जोर दिया जा रहा है। हाल के दिनों में लौटनेवाले प्रवासी मजदूरों में संक्रमण मिलने के कारण भी जांच की रफ्तार बढ़ाने की आवश्यकता है। बता दें कि अधिसंख्य मरीज उन राज्यों से लौट रहे हैं जहां कोरोना विकराल रूप ले चुका है।

Posted By: Alok Shahi

डाउनलोड करें जागरण एप और न्यूज़ जगत की सभी खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस

Related posts