41 लाख संक्रमित: ब्रिटेन में लॉकडाउन 1 जून तक बढ़ा, प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने कहा- ‘स्टे होम’ की जगह अब ‘स्टे अलर्ट’

दुनिया में संक्रमितों की संख्या 41 लाख 45 हजार 620से ज्यादा हो गई है। 2 लाख 81 हजार 921 की मौत हुई है। इसी दौरान 14 लाख 62 लाख हजार 576 स्वस्थ भी हुए।ब्रिटेन के दौरानप्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लॉकडाउन 1 जून तक बढ़ा दिया है। हालांकि, इस दौरान ज्यादा कड़े नियम नहीं रहेंगे। पीएम नेअब ‘स्टे होम’ की जगह ‘स्टे अलर्ट’नारा दिया है। उन्होंंने कहा कि पब्लिक प्लेस 1 जुलाई से खोले जा सकेंगे।वहीं,स्कॉटलैंडमें 28 मई तक लॉकडाउन सख्त रूप से लागू रहेगा।

ब्रिटेन के पीएम ने कहा कि स्टे अलर्ट सिस्टम के जरिए हम संक्रमितों को ट्रैक करेंगे। अगर कोई घर से काम नहीं करना चाहता है तो ऑफिस जा सकता है, लेकिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट के इस्तेमाल से परहेज करें। बुधवार से लोग पार्क में बैठ सकेंगे और एक्सरसाइज के लिए निकल पाएंगे। इसके अलावा 1 जून तक स्कूल बंद रहेंगे। विदेश से आने वाले यात्रियों को क्वारैंटाइन में रखा जाएगा।

जॉर्जिया में उद्योग-धंधों को खोलने की इजाजत
कोरोनावायरस के कारण दुनियाभर के देशों में लॉकडाउन था। लेकिन, अब कई देशों में पाबंदियों में ढील दी जा रही है। अमेरिका के जॉर्जिया में गैर जरूरी उद्योग-धंधों को खोलने की इजाजत दे दी गई है। यूरोपियन देश नॉर्वे में स्कूल खुल गए हैं। वहीं न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जेसिंडा अर्डन ने कोरोना पर जीत की घोषणा कर चुकी हैं। यहां लॉकडाउन को चरणबद्ध तरीके से खत्म किया जा रहा है। यूरोप के कुछ अन्य देश भी धीरे-धीरे लॉकडाउन में ढील देने पर विचार कर रहे हैं।

कोरोनावायरस : सबसे ज्यादा प्रभावित 10 देश

देश कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 13,52,313 80,323 2,38,848
स्पेन 2,64,663 26,621 1,76,439
इटली 2,19,070 30,560 1,05,186
ब्रिटेन 2,19,183 31,855 उपलब्ध नहीं
रूस 2,09,688 1,915 34,306
फ्रांस 1,76,658 26,380 56,038
जर्मनी 1,71,639 7,549 1,44,400
ब्राजील 1,56,604 10,697 61,685
तुर्की 1,38,657 3,786 92,691
ईरान 1,07,603 6,640 86,143

ये आंकड़ेhttps://www.worldometers.info/coronavirus/ से लिए गए हैं।

अपडेट्स

  • रूस की राजधानी मास्को में कोरोना मरीजों के एक हॉस्पिटल में आग लग गई। हादसे में एक मरीज की जलकर मौत हो गई।
  • पोप फ्रांसिस ने यूरोप के नेताओं को कोरोनावायरस की लड़ाई में साथ आने के लिए कहा है। उन्होंने शूमैन डिक्लेरेशन की 70वीं वर्षगांठ मनाई। इस दिन फ्रांस के विदेश मंत्री रॉबर्ट शूमाँ ने कोयला और स्टीम उत्पादन में सहयोग के लिए जर्मनी और फ्रांस के लिए एक योजना घोषित की। यहीं से यूरोपीय एकता की नींव पड़ी थी।

अमेरिका : 25 हजार नए मामले
शनिवार को यहां 25 हजार नए मामले सामने आए। देश में कुल मामले अब 13 लाख 52 हजार 313 हो गए हैं। 80 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। रविवार को न्यूयॉर्क में207 लोगों ने दम तोड़ा। व्हाइट हाउस से जुड़े तीन बड़े अधिकारियों को क्वारैंटाइन में भेज दिया गया है। पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने हालात से निपटने में अपनाई गई रणनीति पर ट्रम्प प्रशासन की आलोचना की है।

सिंगापुर : फिर बढ़े मामले
यहां संक्रमण पर अब तक पूरी तरह काबू नहीं किया जा सका है। सरकार ने लॉकडाउन में भले ही ढील दी हो लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग और बाकी बंदिशें जारी हैं। इसके बावजूद 24 घंटे में 876 मामले सामने आए। कुल संख्या 23 हजार 336 हो गई। हालांकि, अब भी डोरमेट्रीज में रहने वाले प्रवासी मजदूर ही पाए जा रहे हैं। शनिवार को मिले कुल मामलों में सिर्फ 3 ही स्थानीय नागरिकों के हैं।

तुर्की:बुजुर्ग लोगों को घर से निकलने की अनुमति दी गई
तुर्की में पहली बार बुजुर्गलोगों को घर से निकलने की अनुमति दी गई है। ये लोग सुबह 11 बजे से शाम तीन बजे तक ही बाहर निकल सकेंगे। सरकार ने 21 मार्च को लॉकडाउन की घोषणा की थी। इस दौरान 65 साल से ऊपर की उम्र के किसी भी व्यक्ति को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी। यहां संक्रमण के एक लाख 38 हजार 657 मामले सामने आ चुके हैं और 3786 लोगों की मौत हो चुकी है।

तुर्की के इस्तांबुल में ग्रांड बाजार को डिसइन्फेक्ट करते हुए जब मेडिकल वर्कर थक गए तो वह आराम करने लगे। बाजार को 1 जून से खोलने की तैयारी है।

यूएई: 88 भारतीय नर्सों का बैच पहुंचा
यूएई की मदद करने के लिए भारत से 88 नर्सों का बैच पहुंच गया है। यहां पर संक्रमण के अबतक 18 हजार मामले सामने आ चुके हैं। यूएई में मेडकिल वर्कर्स की भारी कमी है, इसके चलते भारत ने मदद मुहैया कराई है।

ईरान: अमेरिका के साथ कैदियों की अदला-बदली को तैयार
कोरोनावायरस के संक्रमण के डर से ईरान ने कहा है कि वह अमेरिका के साथ बिना शर्त कैदियों की अदला-बदली के लिए तैयार है। ईरान की एक न्यूज वेबसाइट खैबरऑनलाइन.आईआर ने कैबनिट प्रवक्ता अली रबेई के हवाले सबे बताया है कि ईरान सभी कैदियों की अदला-बदली को तैयार है, लेकिन अमेरिका ने अभी तक कोई उत्तर नहीं दिया है।

चीन : वुहान में फिर संक्रमण
वुहान शहर रविवार को एक बार फिर चर्चा में आ गया। करीब 45 दिन बाद यहां संक्रमित मिला। प्रशासन ने भी इसकी पुष्टि की। इस संक्रमित की हालत गंभीर बताई गई है। उसकी पत्नी भी पॉजिटिव है। जिस क्षेत्र में यह संक्रमित मिला, वहां पहले भी 20 केस सामने आए थे। शहर के हेल्थ कमिश्नर ने कहा, “यह पुराने सामुदायिक संक्रमण का नतीजा है।” कुल मिलाकर पांच नए संदिग्ध पाए गए हैं। लेकिन, पुष्टि सिर्फ दो की हुई है। वुहान में 76 दिन लॉकडाउन रहा था। यहां कुल 50 हजार 334 मामले सामने आ चुके हैं।

वुहान के एक अस्पताल में संक्रमित की रिपोर्ट देखता मेडिकल स्टाफ। शहर में करीब 45 दिन बाद नया मामला सामने आया है। लोकल एडमिनिस्ट्रेशन ने इसकी पुष्टि की।

ब्रिटेन : टेस्ट में अमेरिकी मदद
सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्रिटेन के हेल्थ डिपार्टमेंट ने 50 हजार सैंपल जांच के लिए अमेरिका भेजे हैं। डिपार्टमेंट ऑफ हेल्थ एंड सोशल केयर ने कहा- सरकारी लैबों में कुछ दिक्कतें पेश आईं थी।” वहीं,बोरिस जॉनसन सरकार ने सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के लिए एक नई पहल की है। सरकार यहां साइकल से चलने के लिए जागरुकता अभियान चलाएगी। इसके लिए 2.48 करोड़ डॉलर का बजट मंजूर किया गया है। परिवहन मंत्री ग्रांट शेप्स ने कहा- इससे पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मदद मिलेगी। वहां भीड़ कम होगी और लोग शारीरिक तौर पर ज्यादा मजबूत होंगे।

शनिवार को लंदन की एक सड़क से गुजरते लोग। कोरोना से जूझते ब्रिटेन के सामने एक नई दिक्कत आ गई है। यहां के सरकारी लैब्स में टेस्टिंग पूरी तरह नहीं हो पाई। 50 हजार सैंपल जांच के लिए अमेरिका भेजे गए हैं।

साउथ कोरिया : सियोल फिर बंद
साउथ कोरिया में बीते 24 घंटे में संक्रमण के 34 नए मामले सामने आए हैं। संक्रमण की चपेट में आने वाले सभी युवा हैं और बार जाते रहे हैं। इसको देखते हुए सरकार ने सियोल में सभी क्लबों और बार को दो हफ्तों तक बंद करने का निर्णय लिया है। साउथ कोरिया में संक्रमण के कुल 10 हजार 874 मामले आ चुके हैं और 256 लोगों की मौत हो चुकी है।

चीन : 14 नए मामले
नेशनल हेल्थ कमीशन के मुताबिक, शनिवार को देश में 14 नए मामले सामने आए। 28 अप्रैल के बाद एक दिन में सामने आए पॉजिटिव मामलों की यह सबसे बड़ी संख्या है। शुक्रवार को 13 नए केस मिले थे। शनिवार को मिले 14 में से 2 संक्रमित ऐसे हैं जो दूसरे देश से चीन लौटे थे। जुलिन प्रांत में 11 मामले सामने आए। सरकार अब इस राज्य पर पैनी नजर रख रही है। यहां पाबंदियां लागू कर दी गई हैं।

चीन में शनिवार को 14 पॉजिटिव मामले सामने आए। इनमें से सिर्फ दो संक्रमित ऐसे हैं जो दूसरे देश से चीन पहुंचे। यहां ज्यादातर स्कूल फिर शुरू हो गए हैं। शनिवार को शेंडोंग राज्य के यांतेई स्कूल की छात्राएं हॉस्टल जाती हुईं।

जर्मनी : लॉकडाउन का विरोध
देश के तीन बड़े शहरों बर्लिन, म्यूनिख और फ्रेंकफर्ट में शनिवार को कुल मिलाकर करीब 10 हजारलोगों ने लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन किए। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों को फूल देकर व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए शुक्रिया अदा किया। लोगों का कहना है कि सरकार हर महीने लॉकडाउन बढ़ाने की बजाए दूसरे विकल्प खोजे ताकि वे खुली हवा में सांस ले सकें। कुछ लोगों के मुताबिक, सोशल डिस्टेंसिंग संक्रमण से बचने का सबसे सरल उपाय है।

जर्मनी में लॉकडाउन के विरोध में प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। यहां लोगों का कहना है कि सरकार लॉकडाउन लगाकर कारोबार बंद करने के बजाए इसके विकल्प खोजे। शनिवार को बर्लिन में ऐसे ही एक विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी को फूल देती महिला।

ब्राजील : मुश्किल बढ़ी
यहां सरकार और खास तौर पर राष्ट्रपति बोल्सोनारो ने संक्रमण को गंभीरता से नहीं लिया। चेतावनी देने वाले अपने सहयोगी को ही हटा दिया। अब मौतों का आंकड़ा 10 हजार के पार हो गया है। एक लाख 56 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। इसके बावजूद सरकार ने कड़े कदम नहीं उठाए हैं। करीबी देश वेनेजुएला और अमेजन जनजातियों तक संक्रमण फैल चुका है। डब्लूएचओ ने भी पत्र लिखा,लेकिनसरकार अब तक पाबंदियां नहीं लगा पाई है।

ब्राजील में संक्रमण से मरने वालों को दफनाने के लिए बनाए गए नए कब्रिस्तान भी भर गए हैं।यहां मरने वालों का आंकड़ा 10 हजार से ज्यादा हो गया है।

पाकिस्तान : संक्रमण बढ़ा, लेकिन लॉकडाउन में ढील
यहां 30 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। 700 की मौत हो चुकी है। लेकिन, सरकार ने लॉकडाउन में ढील देना शुरू कर दी है। शनिवार से देश के ज्यादातर हिस्सों में दुकानें और फैक्ट्रियां खुल गईं। डॉक्टर्स एसोसिएशन ने सरकार को चेताया भी था। लेकिन, उनकी सलाह और मांग पर प्रधानमंत्री इमरान ने कोई ध्यान नहीं दिया। हालांक, रविवार को सरकार ने कहा कि 31 मई तक सोशल डिस्टेसिंग के नियम लागू रहेंगे। यहां एक दिन के संक्रमण के रिकॉर्ड 1991 मामले सामने आए हैं।

बांग्लादेश: एक दिन में रिकॉर्ड 887 मामले आए
बांग्लादेश में एक दिन में संक्रमण के रिकॉर्ड 887 मामले सामने आए हैं और 14 लोगों की मौत हुई है। बांग्लादेश में अब तक कुल 14 हजार 657 लोग संक्रमित हो चुके हैं।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें

ब्रिटेन के स्टॉकपोर्ट में एनएचएस वर्कर को धन्यवाद देने के लिए पोस्टर लगाया गया है। ब्रिटेन में अब तक संक्रमण से 31 हजार 587 लोगों की मौत हो चुकी है।

Source: DainikBhaskar.com

Related posts